'वोट जिहाद' मामले में अखिलेश ने सलमान खुर्शीद की भतीजी का लिया पक्ष, बचाव में कही ये बात
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव बुधवार को सपा नेत्री मारिया आलम का वोट जिहाद मामले में बचाव करते हुए नजर आए। सपा मुखिया ने कहा मारिया का इरादा लोगों को बड़ी संख्या में मतदान करने के लिए कहना था। मामले पर अखिलेश यादव ने जवाब देते हुए कहा- कभी-कभी लोगों को चुनाव में वोट देने के लिए उत्साहित करने के लिए शक्तिशाली शब्दों का इस्तेमाल किया जाता है।
एजेंसी, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव बुधवार को सपा नेत्री मारिया आलम का 'वोट जिहाद' मामले में बचाव करते हुए नजर आए। सपा मुखिया ने कहा मारिया का इरादा लोगों को बड़ी संख्या में मतदान करने के लिए कहना था।
मामले पर अखिलेश यादव ने जवाब देते हुए कहा- कभी-कभी लोगों को चुनाव में वोट देने के लिए उत्साहित करने के लिए शक्तिशाली शब्दों का इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने कहा- मारिया ने कुछ ऐसा नहीं कहा था, जिसके तहत कार्रवाई की गई है।
अखिलेश ने भाजपा पर बोला हमला
सपा मुखिया ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा सरकार भरोसे लायक नहीं है। इस सरकार ने अपने फैसलों से देश की जनता को संकट में डाला है। सरकार के नोट बंदी, जीएसटी, इलेक्टोरल बांड लाने के फैसलों से महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार बढ़ा है।
वे मैनपुरी लोकसभा के जसवंतनगर विधान सभा के राय नगर के मुलायम सिंह इंटर कालेज, बीएसटी कालेज बलरई व धनुआं में कार्यकर्ता सम्मेलन व जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जसवंतनगर की जनता ने सपा के पक्ष में वोट डालने का मन बना लिया है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री यहां आए थे, उनके बारे में क्या कहना। वो गिनती भी उल्टी पढ़ते हैं, एक बार विधान सभा में एक अखबार लेकर आए थे और 46 के स्थान पर 56 बोलने लगे। हम लोगों ने इसकी सूची मांगी जो आज तक नहीं दे पाए।
सोमवार को इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी नवल किशोर शाक्य के पक्ष में वोट करते हुए कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद की भतीजी ने लोगों से 'वोट जिहाद' की अपील की थी। उन्होंने वर्तमान परिस्थिति में अल्पसंख्यक समुदाय के लिए भाजपा सरकार को भगाने को जरूरी बताया।
उत्तर प्रदेश पुलिस ने मंगलवार को सलमान खुर्शीद और मारिया आलम पर वोट जिहाद के लिए उकसाने के मामले में मुकदमा दर्ज किया था।
इसे भी पढ़ें: बरेली-प्रयागराज संगम का इंजन पटरी से उतरा, टला बड़ा हादसा; लखनऊ मंडल ने गठित की जांच टीम