‘लोकसभा चुनाव नहीं धर्म और अधर्म की लड़ाई’, डिप्टी सीएम ने विपक्षियों पर कसा तंज- जितना बड़ा झंडा, उतना बड़ा गुंडा
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विपक्षियों पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस सपा बसपा की सरकारें भ्रष्टाचारियों की सरकारें थीं। जिस गाड़ी पर सपा का बड़ा झंडा होता गाड़ी के अंदर उतना बड़ा गुंडा हुआ करता था। अब गुंडों-माफिया से जनता को मुक्ति दिला दी गई है। ब्रजेश पाठक बुधवार को भाजपा प्रत्याशी साध्वी निरंजन ज्योति के समर्थन में नामांकन सभा को संबोधित कर रहे थे।
जागरण संवाददाता, फतेहपुर। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विपक्षियों पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस, सपा, बसपा की सरकारें भ्रष्टाचारियों की सरकारें थीं। जिस गाड़ी पर सपा का बड़ा झंडा होता, गाड़ी के अंदर उतना बड़ा गुंडा हुआ करता था। सपा और कांग्रेस के कार्यकाल में वन डिस्ट्रिक्ट वन गुंडा होता था। अब गुंडों-माफिया से जनता को मुक्ति दिला दी गई है।
ब्रजेश पाठक बुधवार को भाजपा प्रत्याशी साध्वी निरंजन ज्योति के समर्थन में नामांकन सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि फतेहपुर से उनका गहरा नाता है। यही वजह है कि दीदी साध्वी निरंजन ज्योति के नामांकन की सूचना मिली तो वह खुद को आने से नहीं रोक सके। दीदी ने 10 वर्ष में जिले के विकास को उसी प्रकार गति दी जैसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश को दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड जल संकट से जूझता रहा। पानी की ट्रेन आने की बात आज भी याद है। प्रधानमंत्री ने हर घर नल की योजना दी है। अयोध्या में भव्य मंदिर बना, महाकाल की नगरी सजी, मां विंध्यवासिनी का कॉरिडोर बन रहा है। अब कृष्ण कन्हैया इंतजार कर रहे हैं। यह लोकसभा चुनाव नहीं धर्म और अधर्म की लड़ाई है। हम सभी को धर्म का साथ देना है। इस मौके पर एमएसएमई मंत्री राकेश सचान भी मौजूद रहे।