अभिषेक, राजीव, शिल्पी, अंकुरसेन व ऊषा का ब्लॉक प्रमुख पद पर लड़ना तय

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कई क्षेत्र पंचायत सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचनदो मई को मतगणना के दिन होगी आधिकारिक घोषणा

By JagranEdited By: Publish:Wed, 07 Apr 2021 11:17 PM (IST) Updated:Wed, 07 Apr 2021 11:17 PM (IST)
अभिषेक, राजीव, शिल्पी, अंकुरसेन व ऊषा का ब्लॉक प्रमुख पद पर लड़ना तय
अभिषेक, राजीव, शिल्पी, अंकुरसेन व ऊषा का ब्लॉक प्रमुख पद पर लड़ना तय

अयोध्या : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर कई प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। इनमें कुछ तो पूर्व ब्लॉक प्रमुख हैं और कुछ खुद को ब्लॉक प्रमुख पद का दावेदार घोषित कर चुके हैं। इनका ब्लॉक प्रमुख पद पर चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है। रुदौली के पूर्व ब्लॉक प्रमुख सर्वजीत सिंह की पत्नी शिल्पी सिंह मुहामिदपुर, उनकी बहू प्राची सिंह अमहटा व अंकिता का बनमऊ से निर्विरोध क्षेत्र पंचायत सदस्य बनना तय हो गया है। रुदौली प्रतिनिधि के अनुसार शिल्पी सिंह का ब्लॉक प्रमुख पद पर चुनाव लड़ना तय है। लगभग दो दशक से रुदौली के ब्लॉक प्रमुख पद पर सर्वजीत का कब्जा है। इसी तरह मवई ब्लॉक में नगरा क्षेत्र पंचायत सदस्य सीट पर अंजू तिवारी व जैसुखपुर सीट पर राजीव तिवारी के निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया है। यहां पर नामांकन दाखिल करने वाले सभी उम्मीदवारों ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। निर्विरोध निर्वाचन की आधिकारिक पुष्टि मतगणना के दिन दो मई को निर्वाचन अधिकारी करेंगे। यहां पर ब्लॉक प्रमुख पद की सीट सामान्य होने से राजीव तिवारी का चुनाव लड़ना भी लगभग तय है। वह निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख के साथ भाजपा के जिला उपाध्यक्ष भी हैं। रुदौली ब्लॉक में ग्राम पंचायत सदस्य के आठ व बीडीसी का एक व प्रधान के तीन पर्चे जांच के बाद खारिज हो गए। नाम वापसी के बाद अब ग्राम पंचायत सदस्य के 1297, प्रधान के 890 व बीडीसी के 698 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है। मसौधा प्रतिनिधि के अनुसार विकासखंड मसौधा की क्षेत्र पंचायत सीट रैथुवा द्वितीय से क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन करने वाले छह प्रत्याशियों ने अपना नाम वापस ले लिया। क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर अबनपुर सरोहा निवासी भाजपा नेता अभिषेक सिंह का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। अभिषेक ने मसौधा ब्लॉक प्रमुख पद का चुनाव लड़ने का एलान किया है। उन्होंने बताया कि इस सीट पर क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए मोहम्मद तारिक, बृजेश मिश्र, विजय कुमार गुप्त, कमला यादव, रामशंकर यादव व विनोद कुमार यादव ने आपसी बातचीत के आधार पर अपना नामांकन वापस ले लिया। आधिकारिक रूप से मतगणना के दिन घोषणा होगी, लेकिन कार्यकर्ताओं ने अभिषेक का निर्विरोध निर्वाचित होने पर जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर नीलेश सिंह, दुर्गेंद्र प्रताप सिंह डब्बल, बलबीर सिंह, जेडी सिंह, राकेश सिंह, संजय सिंह, आनंद विक्रम सिंह, ऋषिकेश वर्मा, छंगू यादव सहित अन्य समर्थक मौजूद रहे। पूराबाजार प्रतिनिधि के अनुसार ब्लॉक की क्षेत्र पंचायत सदस्य पद की 73 सीटों में से बाहुबली शिवेंद्र सिंह ने तीन सीटों में सरेठी से अपनी माता ऊषा सिंह, गंगौली से अपनी भाभी सुधा सिंह एवं मड़ना पिछड़ी महिला सीट से अपने पारिवारिक मित्र की माता बृजमता यादव को निर्विरोध निर्वाचित करवा लिया है। पूरा ब्लॉक प्रमुख की सीट महिला के लिए आरक्षित होने के कारण ऊषा सिंह को प्रबल दावेदार माना जा रहा है। मयाबाजार प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र पंचायत सदस्य की 92 सीटों में चार सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। शेष 88 सीटों पर ही चुनाव होना है। निर्विरोध होने के बाद प्रत्याशियों ने ब्लॉक मुख्यालय पर समर्थकों के साथ जश्न मनाया। कुम्हिया निवासी भाजपा के वरिष्ठ नेता उमेश प्रताप सिंह उर्फ कप्तान सिंह ने पड़ोसी सीट कल्याणपुर बरौली से पर्चा दाखिल किया था। उनके विरोध में दो और प्रत्याशी मैदान में थे। बुधवार को नाम वापसी के आखिरी दिन दोनों ने अपना पर्चा वापस ले लिया। कप्तान सिंह अपने भतीजे अक्षुण्ण प्रताप उर्फ मोनू सिंह को अमौनी/ अमारी से निर्विरोध निर्वाचित कराने में सफल रहे। अंकारीपुर सीट पर भाजपा नेता पंकज सिंह का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। यहां तीन प्रत्याशियों ने अपना नामांकन वापस लिया। काजीपुर गाडर गांव से भाजपा के वरिष्ठ नेता मनीराम वर्मा के पुत्र धर्मवीर वर्मा के निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया है। निर्वाचन अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह ने इसकी पुष्टि की है। मिल्कीपुर क्षेत्र के हरिग्टनगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत रामपुर जोहन से क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन करने वाले चार प्रत्याशियों ने अंकुरसेन के समर्थन में अपना नाम वापस ले लिया। अंकुरसेन सपा नेता व पूर्व मंत्री आनंदसेन यादव के बड़े पुत्र हैं। सेन परिवार में सबसे कम उम्र में उन्होंने राजनीति के क्षेत्र में अपना कदम रखा है। सेन परिवार की राजनीति में यह तीसरी पीढ़ी है। अंकुरसेन ने हरिग्टनगंज से ब्लॉक प्रमुख पद के लिए दावेदारी का एलान किया है। कहा, बाबा पूर्व सांसद मित्रसेन यादव के बताए हुए रास्ते पर चलकर समाज सेवा ही लक्ष्य है। कार्यकर्ताओं ने अंकुरसेन का भव्य स्वागत कर बधाई दी। इस मौके पर देवनरायण यादव, अमित सिंह यादव, जयप्रकाश यादव, विनोद यादव, भागीरथ यादव, डॉ. हनुमंत सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। बीकापुर प्रतिनिधि के अनुसार विकासखंड क्षेत्र के दो बीडीसी सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचित होना तय हो गया है। निर्वाचन अधिकारी जयनाथ गुप्त ने बताया कि ग्राम पंचायत भैरोपुर टिकरा के बीडीसी प्रत्याशी अशोक कुमार व मऊ सीट से बीडीसी प्रत्याशी रामअवतार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। यह दोनों सीट पिछड़ी जाति के लिए आरक्षित थी। इन सीटों पर अन्य किसी ने नामांकन नहीं दाखिल किया।

chat bot
आपका साथी