बरेली में उत्तरायणी जनकल्याण समिति के अध्यक्ष बने प्रमोद बिष्ट
जागरण संवाददाता, बरेली: उत्तरायणी जनकल्याण समिति के शहर में 27 साल के इतिहास में पहली बार रविवार को
जागरण संवाददाता, बरेली: उत्तरायणी जनकल्याण समिति के शहर में 27 साल के इतिहास में पहली बार रविवार को पदाधिकारियों का चुनाव हुआ। इसमें अध्यक्ष पद पर प्रमोद बिष्ट के सिर जीत का सेहरा बंधा। कोषाध्यक्ष पद पर देवेद्र सिंह मनराल ने बाजी मारी।
पहाड़ की संस्कृति से लोगों को रूबरू कराने वाली उत्तरायणी जनकल्याण समिति ने वर्ष 1993 से शहर में उत्तरायणी मेला लगाना शुरू किया था। तब से हमेशा समिति के पदाधिकारियों का चुनाव आपसी सहमति से कर लिया जाता था। पहली बार अध्यक्ष व कोषाध्यक्ष पद पर चुनाव हुआ। महासचिव पद पर दिनेश चंद्र पंत को पहले ही निर्विरोध चुन लिया गया था। नेहरू युवा केंद्र मे रविवार सुबह 11 बजे चुनाव अधिकारी डा. मनोज कांडपाल, प्रकाश पाठक, मनोज पांडे की देखरेख में चुनाव शुरू हुआ। समिति के सदस्यों ने शाम चार बजे तक वोट डाले। उसके बाद मतों की गणना शुरू हुई। करीब बीस मिनट में ही परिणाम घोषित कर दिए गए। अध्यक्ष पद पर प्रमोद बिष्ट 12 वोटों से विजयी हुए। उन्हें 82 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंदी पीएस जीना को 70 वोट मिले। कोषाध्यक्ष पद पर देवेंद्र सिंह मनराल ने 81 वोट लेकर बाजी मारी। मुकुल मोहन त्रिपाठी को 69 वोट मिले। मुख्य चुनाव अधिकारी मनोज कांडपाल ने बताया कि समिति के 172 सदस्यों में से 154 ने ही वोट डाले। अध्यक्ष पद पर दो वोट और कोषाध्यक्ष पद पर चार वोट निरस्त हुए। समाज को मजबूती देने का करेंगे प्रयास
उत्तरायणी जनकल्याण समिति के नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रमोद बिष्ट ने कहा कि उनकी जीत पूरे समाज की जीत है। उन्हें समाज के सभी सदस्यों का सहयोग मिला है। बोले, अपने कार्यकाल के दौरान समाज को और मजबूती देने का काम किया जाएगा। समाज में नए लोगों की सदस्यता बढ़ाई जाएगी। समिति में सभी का भरपूर सम्मान होगा। समाज के लोगों को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे। इसके साथ ही उत्तराखंड भवन को और भव्य बनाया जाएगा। उत्तरायणी मेले की भव्यता को भी बढ़ाने का काम होगा।