Barabanki: झाड़ियों को काटने गई महिला को दिखा झोला, खोल कर देखते ही हुआ बम ब्लास्ट, गंभीर रूप से घायल

घटना के बाद से गांव में चर्चाओं का बाजार गर्म है लोग यहां किसी अनहोनी के लिए बम रखे जाने की आशंका जता रहे हैं। वहीं पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया जानवरों के लिए रखा गया पटाखा प्रतीत हो रहा है।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Sun, 27 Nov 2022 07:27 PM (IST) Updated:Mon, 28 Nov 2022 07:32 AM (IST)
Barabanki: झाड़ियों को काटने गई महिला को दिखा झोला, खोल कर देखते ही हुआ बम ब्लास्ट, गंभीर रूप से घायल
झाड़ियों में रखा बम फटने से महिला गंभीर, भर्ती.

बाराबंकी, संवाद सूत्र। सड़क किनारे झाड़ियों को काटने गई महिला को रविवार की दोपहर झोला दिखाई दिया। जैसे ही उन्होंने झोला खोला, उसमें रखा बम फट गया। इससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना को लेकर गांव में तरह तरह की चर्चाएं हो रहीं हैं। 

कोतवाली बदोसराय के ग्राम मैलारायगंज में रहने वाले बलराम की पत्नी शोभावती सफदरगंज मार्ग किनारे झाड़ियों को काट रही थीं। काटते समय उनकी नजर वहां मौजूद एक झोले पर पड़ी। शोभावती ने देखा तो झोले में कुछ रखा हुआ था। उन्होंने अपनी हंसिया से उसे निकालने का प्रयास किया। तभी तेज आवाज के साथ विस्फोट हो गया। इससे निकले बारूद से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

आवाज सुनकर मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए और महिला को निजी वाहन से जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। घटना के बाद गांव में चर्चाओं का बाजार गर्म है, लोग यहां किसी अनहोनी के लिए बम रखे जाने की आशंका जता रहे हैं। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक अमित मिश्रा ने घटनास्थल की जांच की।

करीब दो घंटे बाद फारेंसिक टीम ने मौका मुआयना करके साक्ष्यों का संकलन किया है। पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया जानवरों के लिए रखा गया पटाखा प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है। ग्राम प्रधान की तहरीर के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी