बच्चों के विवाद में संजरपुर बाजार में बवाल

By Edited By: Publish:Sun, 27 Jul 2014 09:58 PM (IST) Updated:Sun, 27 Jul 2014 09:58 PM (IST)
बच्चों के विवाद में संजरपुर बाजार में बवाल

संजरपुर/फरिहां (आजमगढ़) : सरायमीर थाना क्षेत्र के संजरपुर बाजार में रविवार की शाम सात बजे एक समुदाय के दो पक्षों के लोग आमने-सामने हो गए। दोनों पक्षों में जमकर जवाबी फायरिंग की गई। फिलहाल कोई घायल तो नहीं हुआ लेकिन मौके पर पुलिस के साथ पीएसी को भी तैनात कर दिया गया है।

एसपी दिनेश चंद्र दुबे भी मौके पर पहुंचे और पुलिस कर्मियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।

मिली जानकारी के अनुसार एक दिन पहले किसी बात को लेकर गांव के पूरब और उत्तर पुरवा के बच्चों के बीच झगड़ा हो गया था। तब से दोनों पुरवे के लोगों के बीच तनातनी चल रही थी।

इस दौरान रविवार को गांव के उत्तरी पुरवे का अरमान (15) पुत्र शकील इफ्तारी का सामान लेने के लिए बाजार में पहुंचा। आरोप है कि लौटते समय पूर्वी पुरवे के लोगों ने उसे रोककर पीटा और उसकी बाइक तोड़ दी। किसी माध्यम से यह सूचना उसके पुरवे के लोगों तक पहुंची तो वह भी मौके पर पहुंच गए। तभी दूसरा पक्ष भी वहां आ गया और दोनों पक्षों में जवाबी फायरिंग शुरू हो गई। पुलिस को सूचना मिली तो कई थानों की फोर्स के साथ सीओ फूलुपर भी पहुंचे। उसी दौरान सरायमीर थाने में आयोजित रोजा इफ्तार पार्टी में शामिल होने गए एसपी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस कर्मियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। उसके बाद एसओ टीबी सिंह ने दोनों पक्षों को थाने में बुलाया।

दोनों पक्षों के लोग थाने में पहुंचे जहां रात पौने दस बजे तक दोनों पक्षों में वार्ता जारी थी। किसी पक्ष की ओर से किसी के खिलाफ तहरीर नहीं दी गई थी।

chat bot
आपका साथी