पूर्ववर्ती सरकारों के घोटालों से त्रस्त जनता भाजपा शासन में खुशहाल
केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और नीतियों का किया बखान भाजपा के जिला कार्यालय अटल भवन पर हुआ प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन
अंबेडकरनगर: अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री मोहसिन रजा ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के घोटालों से त्रस्त रही जनता भाजपा सरकार में खुशहाल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में भ्रष्टाचार मुक्त सरकार नित नए विकास के रास्ते खोल रही है। नारी सम्मान व किसानों के सम्मान को महत्व मिल रहा है। भाजपा सरकार बगैर भेदभाव के सिर्फ जनहित के कार्य कर रही है। गरीबों को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास से लेकर सौभाग्य योजना, आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिल रहा है। प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण चल रहा है।
भाजपा के जिला कार्यालय अटलभवन पर अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में मंत्री ने कहा कि अपराधी जेल में अथवा प्रदेश छोड़कर बाहर हैं। बहू-बेटियां सुरक्षित हैं। सरकार ने सभी संकल्पों को पूरा कर जनता का भरोसा जीता है। आयोजन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष डा. मिथिलेश त्रिपाठी एवं संयोजन मनोज गुप्त गुड्डू ने किया। क्षेत्रीय महामंत्री त्रयंबक तिवारी कहा कि प्रदेश और देश में डबल इंजन की सरकार विकास के नए आयाम गढ़ रही है। देश में स्वार्थ के बजाए परमार्थ सरकार चल रही है। समस्त योजनाएं पारदर्शी तरीके से गरीब, किसान, समाज के अंतिम व्यक्ति को लाभ पहुंचा रही हैं। जिलाध्यक्ष डा. मिथिलेश त्रिपाठी ने प्रबुद्धजनों का स्वागत करते हुए सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की। यहां डा. आशुतोष, डा. रवि, डा. डीसी तिवारी, डा. रामजी गुप्त, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष इंद्रमणि शुक्ल, पूर्व बार अध्यक्ष डीपी सिंह, शिक्षक अमित वर्मा, इंद्रजीत यादव, एकलाख अहमद, डा. हरीशचंद्र पांडेय, सुरेंद्र, ज्ञान सागर सिंह, अकबरपुर नगरपालिका अध्यक्ष सरिता गुप्ता आदि उपस्थित रहीं।
-------------------
-दरगाह पर चढ़ाई चादर-
किछौछा : विश्व प्रसिद्ध सूफी संत सैय्यद मखदूम अशरफ की दरगाह पर मंत्री मोहसिन रजा ने चादरपोशी करते हुए जियारत की। उन्होंने कहा कि देश एक कुशल प्रधानमंत्री के हाथ में है। हम उनके दीर्घायु की कामना करते हैं। देश में अमन-चैन कायम हो, उसके लिए आस्ताने पर पहुंचकर दुआ मांगी। यहां ब्लाक प्रमुख बसखारी कुंवर नरेंद्र मोहन सिंह, ओमकार गुप्त मौजूद रहे।