परेशान न हों, इन दो रेलवे क्रॉसिंगों के जाम से शीघ्र मिलेगी निजात, बनेगा आरओबी Prayagraj News
ट्रेनों का आवागमन बढऩे के कारण प्रयाग जंक्शन के पास बक्शी बांध और मजार रेलवे क्रॉसिंग पर कई बार फाटक आधे-आधे घंटे तक बंद रहता है। इसके कारण लोगों को काफी परेशानी होती है।
प्रयागराज, [रमेश यादव]। आप आवश्यक कार्य से जा रहे हैं, समय पर पहुंचना है...। अचानक रेलवे क्रासिंग तक पहुंचते हैं और वह बंद हो तो कोफ्त ही होती है। वहीं गंभीर मरीज को ले जा रहा वाहन क्रासिंग बंद होने से फंस जाता है। इससे मरीज की जान पर बन आती है। हां एक बात और ट्रेन जाने के बाद जब क्रासिंग खुलता है तो भी काफी देर तक जाम की स्थिति रहती है। सबसे ज्यादा परेशानी बघाड़ा, राम प्रिया रोड, गायत्री नगर, सलोरी, चांदपुर सलोरी, काटजू नगर, ऊंटखाना में रहने वालों को झेलनी पड़ रही है। इस समस्या से अब शहरवासियों को शीघ्र राहत मिलने वाली है। दोनों ही रेलवे क्रॉसिंग प्रयाग जंक्शन के पास बक्शी बांध और मजार रेलवे क्रॉसिंग पर रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) बनने जा रहे हैं। इसका निर्माण मार्च में शुरू होगा।
आधा घंटे तक बंद रहता है फाटक
ट्रेनों का आवागमन बढऩे के कारण प्रयाग जंक्शन के पास बक्शी बांध और मजार रेलवे क्रॉसिंग पर कई बार फाटक आधे-आधे घंटे तक बंद रहता है। इसके कारण लोगों को काफी परेशानी होती है।
विशेष बातें
- कई सालों से हो रही दोनों रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी बनाने की मांग
- सांसद केसरीदेवी पटेल और विधायक हर्षवर्धन बाजपेई कई बार लिख चुके हैं आरओबी के लिए पत्र
- मजार रेलवे क्रॉसिंग पर एप्रोच रोड बनाने के लिए सेतु निगम को लेनी पड़ी है सेना की जमीन
- आरओबी के लिए पिलर बनाने पर बक्शी बांध को पहुंच रहा था नुकसान इसलिए सिंचाई विभाग ने लगा दिया था अड़ंगा।
मंजूरी के साथ मिली एनओसी भी
बक्शी बांध आरओबी का मामला शासन में अटका हुआ था। अब वहां से मंजूरी मिल गई है। मजार आरओबी के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम को सेना से एनओसी भी मिल गई है।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य करेंगे आरओबी का शिलान्यास
अगले महीने में दोनों आरओबी का निर्माण कार्य शुरू कराने की पूरी तैयारी है। प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य अधिकारियों को निर्देश दे चुके हैं कि अगले माह दोनों आरओबी का शिलान्यास करेंगे।
इस पर भी डालें नजर
01 साल में तैयार होंगे दोनों आरओबी
01 लाख से अधिक लोग रोज जिस रेलवे क्रॉसिंग से गुजरते हैं, वहां बनता है आरओबी
02-02 लेन रहेंगे दोनों आरओबी पर
05 करोड़ रुपये रेलवे ने बक्शी बांध ओवर ब्रिज के लिए दिए हैं
50 करोड़ की लागत से तैयार होगा बक्शी बांध का आरओबी
800 मीटर लंबा रहेगा बक्शी बांध का आरओबी
60 करोड़ की कुल लागत से मजार रेलवे क्रॉसिंग पर बनेगा आरओबी
752 मीटर लंबा रहेगा मजार आरओबी।
राज्य सेतु निगम के मुख्य परियोजना प्रबंधक ने कहा
उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम के मुख्य परियोजना प्रबंधक आरके सिंह कहते हैं कि बक्शी बांध और मजार आरओबी का काम अगले महीने में शुरू होने की उम्मीद है। पूरी कोशिश रहेगी कि एक साल में निर्माण कार्य पूरा कर दें।