नगर निगम प्रयागराज ने 14 शवों का कराया अंतिम संस्कार, अंत्येष्टि के लिए परिवारों को दिए गए चार हजार रुपये
कोरोना से मौतें आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए बड़ी मुश्किल पैदा कर रही हैं। श्मशान घाट पर मनमानी वसूली पर तो पुलिस-प्रशासन की सख्ती से रोक लग गई है लेकिन तमाम परिवारों के पास इतने भी पैसे नहीं है कि वे निर्धारित रकम भी जमाकर अंत्येष्टि करा सकें।
प्रयागराज, जेएनएन। नगर निगम प्रशासन ने अब तक कोविड से मरने वाले 14 शवों का निश्शुल्क अंतिम संस्कार कराया। इसके लिए प्रत्येक मृतक के स्वजनों को चार हजार रुपये दिए गए। निगम द्वारा शासन के निर्देश पर यह कदम उठाया गया है।
तमाम परिवारों को होती है अंत्येष्टि कराने में आर्थिक दिक्कत
कोरोना से हो रही मौतें आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए बड़ी मुश्किल पैदा कर रही हैं। श्मशान घाट पर मनमानी वसूली पर तो पुलिस-प्रशासन की सख्ती से रोक लग गई है लेकिन तमाम परिवारों के पास इतने भी पैसे नहीं है कि वे निर्धारित रकम भी जमाकर अंत्येष्टि करा सकें। अपर मुख्य सचिव नगर विकास विभाग मनोज कुमार सिंह ने सात मई को निगम को निर्देश दिए थे कि कोविड से मरने वालों के अंतिम संस्कार निश्शुल्क कराए जाएं। अंतिम संस्कारों के लिए बजट का प्रविधान राज्य वित्त आयोग के बजट अथवा निगम को अपने खुद के स्रोतों से करने के लिए कहा गया है। अंतिम संस्कार के लिए अधिकतम पांच हजार रुपये की धनराशि तय की गई है। बहरहाल, यहां शवों की अंत्येष्टि के लिए चार हजार रुपये निर्धारित किया गया है। शासन के निर्देश के बाद से फाफामऊ घाट पर 14 शवों की अंत्येष्टि निश्शुल्क निगम द्वारा करवाई गई।