नंद के घर आनंद होने के लिए नंदगांव हो रहा तैयार

पट बंद करके होता है कान्हा का अभिषेक। लंगोटी में देंगे भक्तों को कान्हा दर्शन। साठ हजार की पोशाक पहनाकर होगा कान्हा का श्रंगार।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 01 Sep 2018 10:36 AM (IST) Updated:Sat, 01 Sep 2018 10:36 AM (IST)
नंद के घर आनंद होने के लिए नंदगांव हो रहा तैयार
नंद के घर आनंद होने के लिए नंदगांव हो रहा तैयार

आगरा(किशन चौहान): भगवान श्रीकृष्ण की क्रीड़ा स्थली नंदगांव में उनका जन्मोत्सव तीन सितंबर को मनाया जाएगा। महोत्सव की तैयारियां शुरु हो गई हैं। नंदीश्वर पर्वत पर विराजमान नंदभवन में गोस्वामी जन्म के बधाई पद बनाने की तैयारी कर रहे हैं।

यहां जन्माष्टमी ग्रह और नक्षत्र का योग देखकर नहीं मनाई जाती। उनके लिए रोहिणी नक्षत्र का योग भी जरूरी नहीं। माना जाता है कि नंदबाबा पढ़े लिखे न होने के कारण अपने कान्हा का जन्मदिवस खुर गिनती से मनाते थे। यानी रक्षाबंधन से ठीक आठ दिन गिनकर। इसके कहते हैं खुर गिनती। आज भी उसी परंपरा को नंदगांव के लोग निर्वहन कर रहे हैं।

सेवायत दीपक गोस्वामी ने बताया कि तीन सितंबर की शाम भवन में भजन संध्या, वंशावली व ढांडी ढांडिन लीला का आयोजन होगा। रात्रि 11 बजे मंदिर के सेवायत गर्भगृह में प्रवेश करेंगे और 12 बजे कान्हा का अभिषेक कराया जाएगा। करीब एक घंटे तक जन्म के दर्शन होंगे। चार सितंबर को धूमधाम से नंदोत्सव मनाया जाएगा। जन्म की बधाई गायन, मल्ल युद्ध, बांस बधाई, दधि कांधन व शंकर लीला के साथ शाम को विशाल दंगल होगा।

यहां नहीं होते अभिषेक के दर्शन:

नंदगांव में कान्हा के अभिषेक के दर्शन श्रद्धालुओं को नहीं कराए जाते। सेवायत पट बंद करके अंदर ही कान्हा का अभिषेक कराते हैं। जन्म के बाद श्रीकृष्ण लंगोटी में ही नंदोत्सव तक श्रद्धालुओं को दर्शन देते हैं। 60 हजार की पोशाक पहनेंगे कान्हा:

पचास सालों से भगवान श्रीकृष्ण व उनके परिवार की पोशाक सिलते आ रहे नंदभवन के टेलर नत्थी लाल ने बताया कि इस बार कान्हा करीब 60 हजार रुपये की पोशाक धारण करेंगे। पोशाक का कपड़ा गुजरात के भाव नगर के रहने वाले श्रद्धालु ने कोलकाता से लाकर दिया है।

chat bot
आपका साथी