Famous Food Street Of Agra: पेठे से लेकर बेड़ई-कचौड़ी तक ये हैं आगरा के चटाेरों के ठिकाने, मशहूर हैं ये स्वाद

Famous Agra Street Food ताजमहल के साथ कई नायाब खूबसूरत स्मारकों के लिए मशहूर आगरा का जायका भी सभी को आकर्षित करता है। चाहे बात मीठे की हो या फिर नमकीन की सभी के लिए यहां हर वैरायटी का फूड मिलता है।

By Abhishek SaxenaEdited By: Publish:Mon, 08 May 2023 03:55 PM (IST) Updated:Mon, 08 May 2023 03:55 PM (IST)
Famous Food Street Of Agra: पेठे से लेकर बेड़ई-कचौड़ी तक ये हैं आगरा के चटाेरों के ठिकाने, मशहूर हैं ये स्वाद
Agra Famous Food: कई नायाब खूबसूरत स्मारकों के लिए मशहूर आगरा का जायका भी सभी को आकर्षित करता है।

आगरा, डिजिटल टीम। Agra Famous Food: आगरा एक ऐसा शहर जो न केवल ताजमहल जैसी खूबसूरत स्मारक के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है बल्कि यहां के लजीज व्यंजन भी सभी को खूब भाते हैं। ताजनगरी का पेठा देश-दुनिया में अपनी जगह बना चुका है। यहां आने वाले पर्यटक आगरा की मशहूर मिठाई पेठे का स्वाद अपने साथ लेकर जाते हैं। वहीं कई ऐसी जगहें हैं जो अपने लजीज और लाजवाब खाने-पीने की चीजों के लिए मशहूर हैं। आपको इस लेख के जरिए बताते हैं आगरा के ऐसे फेमस फूड के बारे में....

आगरा का पराठा...

आगरा का पराठा काफी मशहूर हैं। पराठा का नाम आते ही रामबाबू पराठा वालों की दुकान यहां के चटाेरों को स्वाद का दीवाना बनाती है। हालांकि अब शहर में भरवां पराठा, मिक्स वेज, गोभी का पराठा, पनीर का पराठा, आलू-प्याज के पराठे दिल्ली के पराठे को भी पीछे छोड़ते हैं। आगरा में मिलने वाले गरमा-गरम पराठे को आलू की सब्जी, चटनी या दही के साथ खाकर आपको मजा आ जाएगा। आपको ये पराठा पुरानी दिल्ली-आगरा राजमार्ग पर मिल जाएगा। वहीं ताजमहल के पास बनी दुकानों पर भी पराठा आसानी से मिलता है।

दही और भल्ला के दीवाने हैं लोग

आगरा में चाट के अलावा विशेष रूप से दही-भल्ला, राज कचौरी, समोसा और गोलगप्पा प्रसिद्ध हैं। आगरा के भल्लों की तो बात ही कुछ और है। ये बड़े और बेहद कुरकुरे होते हैं। इनमें स्टफ्ड छोले होते हैं। हरी चटनी और मीठी चटनी के साथ इन्हें परोसा जाता है। देशी घी के भल्ले भी शहर की मशहूर दुकानों पर मिलते हैं। राजामंडी में कई साल पुरानी दुकान पर चाट के लिए लाइन लगती है। आगरा की चाट और भल्ले का स्वाद चखने के लिए सदर बाजार का रुख कर सकते हैं वहीं संजय प्लेस, दयालबाग, सिकंदरा जैसी जगहों पर भी आप इन्हें चख सकते हैं।

गरमा-गरम जलेबी...

आगरावालों की जुबान पर बेड़ई और गरमा-गरम जलेबी का स्वाद रहता है। दिन के नाश्ते की शुरुआत इसी के साथ शहर में होती है। सुबह होते ही बेड़ई की दुकानों के सामने नाश्ता करने वालों की भीड़ जुट जाती है। बेड़ई के दो भाग होते हैं, इसका एक भाग काफी स्पाइसी और दूसरा मीठा होता है। बेड़ई आलू की चटपटी सब्जी, हरी चटनी और दही के साथ परोसी जाती है। नाश्ता में कुरकुरी जलेबी दिन को मीठा बनाती है। आगरा-फतेहाबाद रोड पर कई दुकानें ऐसी हैं जहां आपको टेस्टी जलेबी और बेड़ई मिलेंगी। वहीं शहर की सभी प्रमुख हलवाई की दुकानों पर ये नाश्ता मिलता है।

चाइना टाउन का बर्गर

मक्खन में सिका, आलू की पैटीज से भरा, चटपटी चटनी के साथ चाइना टाउन का बर्गर का स्वाद लोगों को कमलानगर के मुख्य बाजार तक खींच लाता है। चाइना टाउन पर तीसरे पहर के चार बजे से रात 10 बजे तक स्वाद के शौकीनों की लाइनें लगी रहती हैं। चाइना के स्वाद के अलावा यहां का बर्गर सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है। कमलानगर के मुख्य बाजार में चाइना टाउन नाम से ठेल लगा रहे मुनेश कुमार पिछले पांच सालों से आगरा के लोगों को बर्गर का स्वाद चखा रहे हैं।

सेठ गली की चाट

सेठ गली की मिठाइयों की बात करें तो यहां की रस मलाई, राजभोग, छेना बहुत प्रसिद्ध है। राजभोग और रस मलाई तो इस गली की पहचान है। रबड़ी, गाजर का हलवा, मूंग का हलवा, पिस्ते का हलवा, खुरचन और लड्डू का स्वाद भी लोगों को भाता है। सेठ गली के भल्ले पूरे शहर में मशहूर थे। स्वाद के शौकीन लोग यहां पर दूर-दूर से आते थे।

संजय प्लेस में मिलता है हर स्वाद

संजय प्लेस शहर का व्यावसायिक केंद्र के साथ स्ट्रीट फूड का हब भी है। यहां पर करीब 500 दुकानें हैं। सभी राष्ट्रीय व प्राइवेट बैंक भी यहां हैं। संजय प्लेस वेलफेयर एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष विनय मित्तल बताते हैं कि यहां खाने-पीने की करीब 250 ठेले और दुकान हैं। हर सड़क पर स्ट्रीट फूड मौजूद है।

आगरा की चौपाटी

आगरा विकास प्राधिकरण ने ताजनगरी फेज-दो में चौपाटी को विकसित किया है। यहां जयपुर, राजस्थान के मसाला चौक की तरह विकसित की गई है। चाट-पकौड़ी, गोलगप्पे, मोमोज, समोसा, डोसा, चाऊमीन, बर्गर सहित अन्य फास्ट फूड व व्यंजन यहां परोसे जा रहे हैं। 

chat bot
आपका साथी