आतंकी भूपिंदर व कुलवंत पंजाब में मचाना चाहते थे कत्‍लेआम, आंतकी हमले व हत्‍याओं की थी साजिश

बब्‍बर खालसा के आतंकी भूपिंदर सिंह और कुलवंत सिंह पंजाब में कत्‍लेआम मचाना चाहते थे। वे राज्‍य में आतंकी हमले और हत्‍याएं करना चाहते थे।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Tue, 08 Sep 2020 09:15 AM (IST) Updated:Tue, 08 Sep 2020 09:15 AM (IST)
आतंकी भूपिंदर व कुलवंत पंजाब में मचाना चाहते थे कत्‍लेआम, आंतकी हमले व हत्‍याओं की थी साजिश
आतंकी भूपिंदर व कुलवंत पंजाब में मचाना चाहते थे कत्‍लेआम, आंतकी हमले व हत्‍याओं की थी साजिश

लुधियाना, [भूपेंदर भाटिया/दिलबाग दानिश]। दिल्ली में पकड़े गए बब्बर खालसा के आतंकी भूपिंदर सिंह और कुलवंत सिंह के इरादे बेहद खतरनाक थे। दोनों आतंकी पंजाब में कत्‍लेआम मचाना चाहते थे। उनकी पंजाब में आतंकी हमले और हत्‍याएं करने की साजिश थी। उन्‍होंने कुछ दिन पहले ही लुधियाना के रायकोट में तहसील कार्यालय के बाहर व सिविल अस्पताल में पानी की टंकी पर केसरी झंडे लगाए थे। इसके बाद वे हथियार लेने दिल्ली गए थे।

यूके व बेल्जियम के खालिस्तानियों व पाक के कट्टरपंथी संगठनों से था संपर्क

खुलासा हुआ है कि दोनों आतंकी का मकसद पंजाब में फिर से आतंकी गतिविधियां शुरू करना व सिलसिलेवार हत्याएं करना था। उन्होंने प्रदेश में तीन टारगेट भी तय कर लिए थे। वे सतलुज-यमुना लिंक (एसवाईएल) नहर बनाने वाले इंजीनियर और सिख गुरुओं के खिलाफ बोलने वालों की हत्या की साजिश रच रहे थे। दोनों इस नहर के निर्माण के खिलाफ हैं। भूपिंदर सिंह यूके में बैठे केएलएफ के धन्ना सिंह व बेल्जियम में बैठे जगदीश सिंह भूरा के संपर्क में था। हथियार लेने के लिए संपर्क और पैसे भूरा ने दिए थे।

हथियार खरीदने के लिए फंड जुटाता था भूपिंदर, अबूधाबी पुलिस ने रेड कॉर्नर नोटिस पर सौंपा था भारत को

भूपिंदर 2010 से अबूधाबी में रह रहा था और आतंकियों को हथियार खरीदने के लिए फंड इकट्ठा कर भेजता था। वह पाकिस्तान के कट्टरपंथी संगठनों के संपर्क में भी था, जो भारत में राष्ट्र विरोधी गतिविधियों को संचालित करते थे। 29 मई, 2017 को उसके खिलाफ मोहाली में राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था।

भारतीय अथॉरिटीज ने उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। अबूधाबी पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया और आठ माह तक विभिन्न जेलों में रखा। 5 जनवरी, 2019 को उसे भारत को सौंपा था। 27 जुलाई, 2019 को भूपिंदर सिंह को जमानत मिल गई थी।

हज यात्री बन कर पहुंचा था अबूधाबी

भूपिंदर फर्जी दस्तावेज के साथ हज यात्री बनकर अबूधाबी पहुंचा था। पकड़े जाने पर वहां की अदालत ने उसे अपराधी घोषित कर दिया था। वर्ष 2010 में भी भूपिंदर और कुलवंत सिंह को पंजाब पुलिस ने पटियाला से गिरफ्तार किया था। दोनों के साथ तीसरा आरोपित वरियाम सिंह था, जिसे बाद में 20 साल की सजा हुई थी। उन्हें उस समय बाबा प्यारा ङ्क्षसह भनियारावाले की हत्या की जिम्मेदारी दी गई थी।

फेसबुक के जरिए भर्ती

दोनों आतंकी फेसबुक के जरिए युवाओं को खालिस्तान मूवमेंट के लिए भर्ती कर रहे थे। पाकिस्तान में बैठा परवेज अख्तर नाम का व्यक्ति व बेल्जियम में बैठा भूरा इस मुहिम में उनका साथ दे रहे थे। जगराओं के एसएसपी विवेकशील सोनी ने बताया कि पुलिस टीम उन्हें लेने दिल्ली जाएगी।

गन्ने का जूस बेचता था भूपिंदर

आतंकी भूपिंदर सिंह जमानत पर रिहा होने के बाद अपने गांव ताजपुर में गन्ने का जूस बेचा करता था। ताजपुर में स्थित उसके घर में पत्‍नी बलजिंदर कौर ने बताया कि कोरोना के कारण जूस की बिक्री बंद हो गई तो वह आने वाले दिनों में आलू की टिक्की का काम शुरू करना चाहता था। शुक्रवार दिन में करीब 12 बजे उसके पति को कुलवंत सिंह फोन आया। इसके बाद दोनों करीब एक बजे दिल्ली रवाना हो गए। बलजिंदर कौर ने बताया कि रविवार को दिल्ली पुलिस ने भूपिंदर की गिरफ्तारी की सूचना दी।

घरों में रंग-रोगन का काम करता था कुलवंत

आतंकी कुलवंत रायकोट के गांव बिंजल का रहने वाला है। उसकी पत्नी व गांव वालों को उसकी गतिविधियों की ज्यादा जानकारी नहीं है। उसकी पत्नी अमनदीप कौर ने बताया कि उसका पति घरों में रंग-रोगन का काम करता था। वह रोज की तरह शुक्रवार सुबह भी साढ़े आठ बजे घर से काम के लिए गया था और कहा था कि किसी काम के सिलसिले में चार-पांच दिन घर से बाहर रहेगा, इसलिए उसकी फिक्र मत करना। अमनदीप कौर को टीवी से गिरफ्तारी की जानकारी मिली।

यह भी पढ़ें: गांधी परिवार के लिए आसान नहीं हरियाणा के पूर्व सीएम हुड्डा को किनारे लगाना

यह भी पढ़ें: Ease of Doing Business Ranking में नए मानकों के 'खेल' का शिकार हो गया हरियाणा

यह भी पढ़ें: Exclusive interview: हरियाणा कांग्रेस प्रधान सैलजा बोलीं- सोनिया को 23 नेताओं का पत्र लिखना हैरानीजनक

यह भी पढ़ें: इस 'ऑरो' को जिंदगी की चाह, लेकिन माता-पिता की बेबसी से संकट में एक साल के बच्‍चे की जान

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी