मोदी सरकार पर बरसे चिदंबरम, कहा- भाजपा उठा रही ध्रुवीकरण वाले मुद्दे

चिदंबरम ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा का कार्यकाल खत्म होने को है और उसने इसीलिए हिंदुत्व के एजेंडे को फिर छेड़ दिया है।

By Manish NegiEdited By: Publish:Fri, 09 Nov 2018 10:09 PM (IST) Updated:Fri, 09 Nov 2018 10:09 PM (IST)
मोदी सरकार पर बरसे चिदंबरम, कहा- भाजपा उठा रही ध्रुवीकरण वाले मुद्दे
मोदी सरकार पर बरसे चिदंबरम, कहा- भाजपा उठा रही ध्रुवीकरण वाले मुद्दे

गुवाहाटी, प्रेट्र। वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी.चिदंबरम ने भारतीय जनता पार्टी पर उन मुद्दों को फिर से उठाने का आरोप लगाया है जिनके चलते देश में ध्रुवीकरण हो रहा है। इससे देश संघर्ष और आर्थिक विनाश के रास्ते पर बढ़ रहा है।

चिदंबरम ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा का कार्यकाल खत्म होने को है और उसने इसीलिए हिंदुत्व के एजेंडे को फिर छेड़ दिया है। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त, 2014 को खुद ही जनता से बांटने वाले और सभी विवादास्पद मुद्दों को दस साल के लिए रोक देने की अपील की थी।

पूर्व केंद्रीय मंत्री चिदंबरम ने कहा कि आज मोदी की वह अपील भुला दी गई है। भाजपा में अब मुख्यमंत्रियों से लेकर मंत्रियों और पार्टी पदाधिकारियों से लेकर प्रचारकों तक ने हिंदुत्व का चोला पहन लिया है। अब वह सभी मुद्दे उठाए जा रहे हैं जो बांटने वाले, विवादास्पद और ध्रवीकरण करने वाले हैं।

चिदंबरम ने कहा कि कांग्रेस का यह दायित्व बनता है कि वह लोगों को इस बात से आगाह करे कि भाजपा देश को संघर्ष और आर्थिक विनाश के रास्ते पर ले जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा जिन वादों पर सरकार में आई है उसे पूरा करने का उसका कोई इरादा नहीं है। वह उन वादों को पूरा करने में अक्षम है। इसमें से कई वादे सिर्फ जुमले थे। हरेक वादा धुआं बन चुका है।

chat bot
आपका साथी