कांग्रेस नेता दिग्विजय ने पुलवामा हमले को बताया दुर्घटना, मोदी सरकार पर सवालिया निशान

भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि मैं समझ नहीं पा रहा हूं कि कांग्रेस देश के लोगों की भावनाओं के खिलाफ बात कर रही है।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Wed, 06 Mar 2019 12:45 AM (IST) Updated:Wed, 06 Mar 2019 12:45 AM (IST)
कांग्रेस नेता दिग्विजय ने पुलवामा हमले को बताया दुर्घटना, मोदी सरकार पर सवालिया निशान
कांग्रेस नेता दिग्विजय ने पुलवामा हमले को बताया दुर्घटना, मोदी सरकार पर सवालिया निशान

नई दिल्ली, प्रेट्र। अपने विवादित बयानों से सुर्खियां बटोरने वाले कांग्रेसी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने पुलवामा में हुए आत्मघाती आतंकी हमले को 'दुर्घटना' बताया है। सोशल मीडिया में तो वह जमकर ट्रोल हुए ही, भाजपा ने भी उन पर निशाना साधा। इसके बाद उन्होंने दूसरा ट्वीट कर इसे 'टेरर अटैक' मान लिया। उन पर जवाबी हमला केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने बोला और पूछा कि क्या आप राजीव गांधी की हत्या को दुर्घटना मानेंगे? भाजपा ने सिंह व अन्य कांग्रेस नेताओं पर सेना का मनोबल गिराने का आरोप लगाया है।

दिग्विजय सिंह ने अपने पहले ट्वीट में कहा, 'पुलवामा दुर्घटना के बाद एयर स्ट्राइक पर विदेशी मीडिया ने सवाल उठाए हैं और इससे भारत सरकार की विश्वसनीयता पर प्रश्न ख़़डे हो गए हैं।'

इस ट्वीट में पुलवामा आतंकी हमले को दुर्घटना बताने पर दिग्विजय सिंह सोशल मीडिया पर ट्रोल हो गए। लोगों ने उनकी जमकर क्लास ली।

इसके बाद दिग्विजय ने दूसरा ट्वीट किया और कहा, 'पुलवामा एक आतंकी हमला था, इसमें कोई शक नहीं है लेकिन ट्रोल आर्मी इसे लेकर मूलभूत सवालों से बच रही है।'

कांग्रेस नेता ने कहा, 'प्रधानमंत्री जी आपकी सरकार के कुछ मंत्री कहते हैं 300 आतंकवादी मारे गये। भाजपा अध्यक्ष कहते हैं 250 मारे हैं, योगी आदित्यनाथ कहते हैं 400 मारे गये और आपके मंत्री एसएस अहलूवालिया कहते हैं एक भी नहीं मरा। आप इस विषय में मौन हैं। देश जानना चाहता है कि इसमें झूठा कौन है।'

इस बीच, दिल्ली से मंगलवार शाम भोपाल पहुंचे दिग्विजय सिंह ने कहा कि मोदी सहित उनके मंत्री व उनकी पार्टी मूल प्रश्न का जवाब नहीं दे रही है।। इसके बजाय सभी लोग उन्हें देशद्रोही करार देने की कोशिश में जुट गए हैं।

वीके सिंह का पलटवार

कांग्रेस नेता दिग्विजय के ट्वीट पर केंद्रीय मंत्री और पूर्व सेना प्रमुख वीके सिंह ने पलटवार किया। उन्होंने ट्वीट किया 'देश में हुए एक आतंकी हमले को दुर्घटना बताने जैसी सियासी बयानबाजी नहीं होना चाहिए। दिग्विजय जी, आप राजीव गांधी की हत्या को दुर्घटना मानेंगे? ऐसी निरर्थक बातें कर के देश व सशस्त्र बलों को कमजोर मत कीजिए।'

जावड़ेकर का कांग्रेस पर निशाना

भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने सेना के दावों और उनकी क्षमता पर सवाल उठाने के लिए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, 'मैं समझ नहीं पा रहा हूं कि कांग्रेस को क्या हो गया है। वह देश के लोगों की भावनाओं के खिलाफ बात कर रही है। सेना के दावों और क्षमता पर सवाल उठा रही है। किसी भी अन्य लोकतंत्र में ऐसा नहीं होता कि सेना पर भरोसा न किया जाए। सिर्फ कांग्रेस ही ऐसा पाप कर सकती है।'

कुरैशी के बयान पर भाजपा का तंज

भाजपा ने पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी के बयान का एक वीडियो पोस्ट कर कांग्रेस पर निशाना साधा। कुरैशी वीडियो में कह रहे हैं कि एयर स्ट्राइक में बड़ी संख्या में आतंकियों के मारे जाने के सरकार के दावे पर भारत में राजनीतिक दलों ही मतभेद है। भाजपा ने तंज करते हुए ट्वीट किया, 'कांग्रेस को बधाई। पाकिस्तान की तरफ से यह समर्थन आपको सही अर्थो में गौर्वान्वित करेगा।'

विवादित बयान देते रहे हैं दिग्विजय

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने जुलाई 2013 में कहा था कि संघ के कार्यकर्ता बम बनाते हैं। उन्होंने कहा था कि उनके पास विहिप और संघ के चार नेताओं के वीडियो क्लिप है, जिसमें वह कह रहे हैं कि संघ ने उन्हें बम बनाना सिखाया था।

बटला हाउस मुठभेड़ को फर्जी बताया था

दिग्विजय सिंह ने दिल्ली के जामिया नगर के बटला हाउस में हुई मुठभेड़ को भी फर्जी बताया था। जुलाई, 2013 में उन्होंने कहा था कि वह अपने बयान पर कायम हैं और भाजपा से माफी नहीं मांगेंगे। इस मुठभेड़ में दिल्ली पुलिस के सब इंस्पेक्टर मोहन शर्मा शहीद हो गए थे।

ओसामा को 'ओसामा जी' कहा था

पाकिस्तान के एबटाबाद में अमेरिकी सेना ने आतंकवादी सरगना ओसामा बिन लादेन मारा डाला था। इस बारे में पत्रकारों से बातचीत में दिग्विजय ने कहा था 'ओसामा जी पाकिस्तान में इतने वर्षो से रह रहे थे, यह कैसे संभव है कि पाकिस्तान प्रशासन उनका पता नहीं लगा सकी।'

chat bot
आपका साथी