'लापता' होने के 11 घंटे बाद बेहोश हालत में मिले प्रवीण तोगड़िया

अहमदाबाद पुलिस आयुक्त (अपराध शाखा) जेके भट्ट ने बताया था कि गंगापुर में धारा 188 के तहत दर्ज मामले में पुलिस गिरफ्तारी वारंट लेकर आई थी।

By Sachin BajpaiEdited By: Publish:Mon, 15 Jan 2018 10:51 PM (IST) Updated:Tue, 16 Jan 2018 08:49 AM (IST)
'लापता' होने के 11 घंटे बाद बेहोश हालत में मिले प्रवीण तोगड़िया
'लापता' होने के 11 घंटे बाद बेहोश हालत में मिले प्रवीण तोगड़िया

शत्रुघ्न शर्मा, अहमदाबाद। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया केे 'लापता' होने के करीब 11 घंटे बाद सोमवार देर रात अहमदाबाद के शाही बाग इलाके में बेहोश हालत में मिले। उन्हें स्थानीय चंद्रमणि अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि अभी तक उन्हें होश नहीं आया है। तोगडि़या का इस हालत में मिलना चौंकाने वाला है। उन्हें जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा हासिल है।

विहिप प्रवक्ता जय शाह ने बताया कि देर रात कोई अज्ञात व्यक्ति उन्हें 108 एंबुलेंस में अस्पताल में छोड़कर गया है। इससे अधिक हमें भी कोई जानकारी नहीं है। इस बारे में पुलिस व अस्पताल प्रशासन भी कुछ कहने से बच रहे हैं। वैसे विहिप तोगडि़या के 'लापता' होने का सुबह से ही दावा कर रही थी। उसका कहना था कि पुलिस ने तोगडि़या को हिरासत में लिया है, लेकिन अब वह इससे इन्कार कर रही है।

गौरतलब है कि दिन में ही राजस्थान और गुजरात पुलिस उन्हें प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना के एक मामले में गिरफ्तार करने पहुंची थी। पुलिस के अनुसार, तब वह घर पर नहीं मिले थे और उसे खाली हाथ लौटना पड़ा था। इसे लेकर उनके खिलाफ सोला थाने में मामला भी दर्ज किया गया। तोगडि़या के खिलाफ मामला राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के गंगापुर से जुड़ा है। जहां दस साल पहले तोगडि़या ने प्रशासनिक आदेश का उल्लंघन करते हुए सार्वजनिक कार्यक्रम में कथित तौर पर भड़काऊ भाषण दिए थे।

अहमदाबाद पुलिस आयुक्त (अपराध शाखा) जेके भट्ट ने बताया था कि गंगापुर में धारा 188 के तहत दर्ज मामले में पुलिस गिरफ्तारी वारंट लेकर आई थी। इसके बाद गुजरात व राजस्थान पुलिस ने पालडी स्थित विहिप कार्यालय व तोगडि़या के निवास पर पहुंची, लेकिन वह नहीं मिले। तोगडि़या सुबह 10:45 बजे आटो में बैठकर चले गए थे। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज जुटा रही है।

पुलिस के तोगडि़या के घर पहुंचने के बाद सोशल मीडिया में तोगडि़या की गिरफ्तारी की खबर फैल गई। इसे लेकर विहिप व अन्य हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने सोला थाने पर प्रदर्शन किया। इसके अलावा विहिप व बजरंग दल ने अहमदाबाद, कच्छ, भुज, जूनागढ़, राजकोट आदि शहरों में गुजरात व राजस्थान सरकारों और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।

chat bot
आपका साथी