टॉप न्यूज : 10 बड़ी खबरें, आज जिन पर बनी हुई है नज़र

यहां पर दस बड़ी खबरें दी जा रही हैं, जिन पर आज नजर बनी हुई है।

By Manoj YadavEdited By: Publish:Sat, 17 Feb 2018 08:36 AM (IST) Updated:Sat, 17 Feb 2018 10:29 AM (IST)
टॉप न्यूज : 10 बड़ी खबरें,  आज जिन पर बनी हुई है नज़र
टॉप न्यूज : 10 बड़ी खबरें, आज जिन पर बनी हुई है नज़र

1- ताजा खबरः रुहानी आज करेंगे पीएम मोदी से द्विपक्षीय चर्चा

दिल्ली (जेएनएन)। ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी के तीन दिवसीय भारत दौरे का आज आखिरी दिन है। मोदी और रूहानी आज दिल्ली में द्विपक्षीय बैठक करेंगे। रूहानी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्विपक्षीय संबंधों में हासिल की गई प्रगति की समीक्षा करेंगे। दोनों देशों के आपसी हित के क्षेत्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे। रूहानी आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से भी मुलाकात करेंगे। वह ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन (ओआरएफ) में एक विशेष व्याख्यान देंगे।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

2- 7.2 तीव्रता के भूकंप से थर्राया मेक्सिको सिटी, घरों से बाहर दौड़े लोग

मेक्सिको सिटी। मेक्सिको की राजधानी मेक्सिको सिटी को भूकंप ने शुक्रवार को हिलाकर रख दिया। शुक्रवार सुबह मेक्सिको सिटी और उसके आसपास के इलाकों में तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। अमेरिका के भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंप की 7.2 तीव्रता थी। भूकंप का केंद्र दक्षिण राज्य ओक्साका में प्रशांत तट के करीब जमीन में 43 किलोमीटर अंदर बताया जा रहा है। हालांकि अभी तक किसी जान-माल के नुकसान की कोई जानकारी नहीं है। जैसे ही तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए, डरे-सहमे सभी लोग घर, दफ्तरों और बिल्डिंगों से निकलकर बाहर खुले मैदान में इकट्टा हो गए। मेक्सिको के 57 वर्षीय एक नागरिक ने कहा, 'यह बहुत ही भयानक था।। यहां सब कुछ हिलना शुरू हो गया था।

पूरी खबर पढ़ने के लिेए यहां पर क्लिक करें

3- कांग्रेस ने फुलपुर से मनीष मिश्रा और गोरखपुर से सुरहिता को मैदान में उतारा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में फूलपुर और गोरखपुर के उपचुनाव को लोकसभा चुनाव से पहले जनता की नब्ज टटोलने का जरिया माना जा रहा है। राजनीति पार्टियां इसे रिहर्सल के तौर पर देख रही हैं। उप चुनाव का मैसेज पूरे देश में जाएगा ऐसे में सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों ही शह-मात के खेल में जुटे हैं। कांग्रेस ने लोकसभा उप चुनाव के उम्मीदवार घोषित कर फुलपुर से मनीष मिश्रा और गोरखपुर से सुरहिता करीम को मैदान में उतारा है। यूपी की राजनीति में अहम किरदार निभाने वाली बहुजन समाज पार्टी के फैसले पर सब की निगाहें टिकी हैं। बसपा में मंथन का दौर जारी है। हालांकि अंदरखाने में बसपा ने अपने पत्ते तय कर लिए हैं। जोर आजमाइश के चुनाव में बसपा दूर से नजारा देखने की तैयारी में है। मतलब फूलपुर उपचुनाव में अपना प्रत्याशी नहीं उतारेगी।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

4- दक्षिण अफ्रीका में उलटफेर के बाद हवा का रुख भांप अफ्रीका से निकल लिए थे गुप्ता

जोहानिसबर्ग। दक्षिण अफ्रीका में जैकब जुमा के राष्ट्रपति पद छोड़ने का मुख्य कारण बने भारतीय कारोबारी अजय गुप्ता को शायद समय बदलने का आभास हो गया था। इसीलिए वह छह फरवरी को ही दक्षिण अफ्रीका से निकल लिए थे। वह दस दिन पहले दुबई जाने वाली फ्लाइट से दक्षिण अफ्रीका से रवाना हुए थे। जोहानिसबर्ग एयरपोर्ट प्रशासन ने यह जानकारी दी है। वैसे गुप्ता को पिछले हफ्ते देहरादून में देखा गया था। उत्तराखंड पुलिस ने इसकी पुष्टि की है। लेकिन इस समय अजय गुप्ता लापता हैं। दक्षिण अफ्रीका में गुरुवार को जैकब जुमा के इस्तीफे और सिरिल रामाफोसा के राष्ट्रपति बनते ही साधन संपन्न गुप्ता बंधुओं के सितारे गर्दिश में चले गए। चंद घंटों में ही पुलिस ने अजय गुप्ता को भगोड़ा घोषित कर तलाश शुरू कर दी। लेकिन उससे नौ दिन पहले ही वह देश छोड़ चुके थे।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

5- IND vs SA: विराट कोहली ने लगाया करियर का 35वां शतक, बनाए इतने रिकॉर्ड

नई दिल्ली। सेंचुरियन में खेले गए भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सीरीज का छठा वनडे मैच भी भारत ने जीत लिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए द. अफ्रीका की टीम 204 रनों पर ऑल आउट हो गयी। जवाब में 205 रनों का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने कप्तान विराट कोहली के शानदार शतक की बदौलत 32.1 ओवर में मैच जीत लिया। कोहली को उनकी बेहतरीन पारी के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। यह उनके करियर का 35वां वनडे शतक था। विराट ने 96 गेंदों पर नाबाद 129 रनों की पारी खेली। इसके साथ ही विराट कोहली अब शतक बनाने के मामले में सिर्फ सचिन तेंदुलकर (49) से ही पीछे हैं।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

6- नीरव मोदी की बढ़ी मुश्किलें, चार हफ्तों के लिए रद्द हुआ पासपोर्ट

नई दिल्ली। पंजाब नेशनल बैंक के फ्रॉड में मुख्य आरोपी नीरव मोदी और गीतांजली ग्रुप के मालिक मेहुल चौकसी के पासपोर्ट चार हफ्तों के लिए सस्पेंड कर दिये गये हैं। शुक्रवार को सीबीआई ने मेहुल चौकसी के 20 ठिकानों पर छापे मारे हैं। वहीं गुरुवार को ईडी ने नीरव मोदी और मेहुल चौकसी के 17 ठिकानों पर छापेमारी की थी। सीबीआई ने गीतांजली जेम्स पर एफआईआर कर दी है। सुबह के कारोबार में कंपनी के शेयर्स में 20 फीसद तक की गिरावट देर्ज की गई थी। हफ्ते के आखिरी कारोबारी सत्र में भारतीय शेयर बाजार भले बढ़त के साथ खुले हों लेकिन देश के सबसे बड़े बैंकिंग घोटाले का असर अभी भी चुनिंदा शेयरों में पर जारी है।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

7- सियासी जंग में टूटी मर्यादा, सुखबीर को कहा सुक्‍खा व बेशर्म तो सिद्धू और मनप्रीत को बताया ठग

जेएनएन। पंजाब की राजनीति फिर गर्मा गई है अौर तीखी बयानबा‍जी के दौर चल रहे हैं। इस बार शिरोमणि अकाली दल की पोल खोल रैली इसका सबब बनी है। शिअद और कांग्रेस नेता एक-दूसरे पर इस कदर हमले कर रहे हैं कि शब्‍द मर्यादा की सीमा को पार कर जाते हैं। हमले व्‍यक्तिगत आक्षेप में तब्‍दील हो रहे हैं। सुखबीर बादल और बिक्रम सिंह मजीठिया ने शिअद की ओर से मोर्चा संभाल रखा है। वे नवजोत सिंह सिद्धू, मनप्रीत बादल और मुख्‍यमंत्री कैप्‍टन अमरिंदर सिंह पर निशाना साध रहे हैं। इसके बाद सिद्धू और पंजाब कांग्रेस के प्रधान सुनील जाखड़ ने भी पलटवार किया है। सुखबीर ने सिद्धू, मनप्रीत और कैप्‍टन अमरिंदर को ठग करार दिया तो सिद्धू ने सुखबीर को सुक्‍खा का नाम दिया और मजीठिया को समाज पर कलंक करार दिया।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

8- भजन के लाल चंद्रमोहन का नया पैंतरा, पकड़ी नई सियासी राह

जेएनएन। पिछली हुड्डा सरकार में डिप्टी सीएम रह चुके चंद्रमोहन ने सियासी दांव खेला है। पूर्व मुख्यमंत्री स्व. भजनलाल के बेटे और कांग्रेस नेता कुलदीप बिश्नोई के भाई चंद्रमोहन अचानक कु. सैलजा के खेमे में खड़े दिखाई देने लगे हैं। चंद्रमोहन ने हरियाणा के शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा के उस हमले का खुला विरोध किया है, जो उन्होंने भाजपा की हुंकार रैली में कु. सैलजा पर बोला है। पूर्व डिप्टी सीएम चंद्रमोहन ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री कु. सैलजा के बारे में रामबिलास शर्मा का बयान अशोभनीय है। शर्मा ने जींद रैली के मंच से कहा था कि सांसद रतन लाल कटारिया ने पूर्व केंद्रीय मंत्री सैलजा को घग्गर नदी में डुबो दिया है। इससे पहले कटारिया ने सैलजा के बारे में लौंग दा लश्कारा शब्द का इस्तेमाल किया था, जिसका महिला कांग्रेस ने विरोध किया था।

पूरी खबर पढ़ने के लिेए यहां पर क्लिक करें

9- अमेरिका की चेतावनी, छोटे देशों को धमकाने की कोशिश ना करे चीन

वाशिंगटन। एशिया में चीन की लगातार बढ़ती एकाधिकार की नीति पर अमेरिका ने कहा है कि उसे छोटे देशों को धमकाने या दबाव में लेने की इजाजत नहीं है। दक्षिण चीन सागर और कई अन्य मसलों पर चीन के आक्रामक रुख को देखते हुए ट्रंप प्रशासन ने यह बात कही है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में एक अमेरिकी थिंक टैंक ने ट्रंप प्रशासन को सलाह दी थी कि वह चीन के आक्रामक रवैये की लगातार अनदेखी नहीं कर सकता। उसे चीन के खिलाफ बोलना और कार्य करना होगा। पूर्वी एशिया और प्रशांत मामलों की सहायक विदेश मंत्री सूसन थॉर्नटन ने चीन के संबंध में यह बात अमेरिकी संसद की विदेशी मामलों की समिति के समक्ष कही है। सूसन ने कहा, हम सभी बराबर हैं। एशिया में प्रभाव जमाने के मामले में चीन अगर अमेरिका का स्थान लेना चाहता है, तो उसका यह प्रयास मंजूर है। लेकिन उसे प्रभाव जमाने के लिए किसी देश को धमकाने या दबाव में लेने की इजाजत नहीं होगी।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

10- यूपी बोर्ड परीक्षा छोड़ने का आंकड़ा नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ा

इलाहाबाद। यूपी बोर्ड परीक्षा में नकल पर प्रभावी अंकुश लगने की गवाही इम्तिहान से किनारा कर रहे परीक्षार्थी ही दे रहे हैं। इस बार परीक्षा छोडऩे का रिकॉर्ड बन चुका है, अब भी आंकड़ा लगातार बढऩे से हर दिन नया रिकॉर्ड बन रहा है। असल में जो परीक्षार्थी नकल भरोसे रहे हैं वे कुछ दिन इस उम्मीद में परीक्षा देते रहे कि आगे शायद कुछ राहत मिले लेकिन, सख्ती बरकरार होने से नौवें दिन तक परीक्षा छोड़ी जा रही है, जबकि पिछले वर्षों में यह आंकड़ा एक हफ्ते बाद ठहर जाता रहा है।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

chat bot
आपका साथी