Top Dhanbad News of the day, Mon, 23 September, 2019, कोयला उद्योग में हड़ताल शुरू, दुष्कर्म बाद महिला की हत्या, बालू मजदूर की पिटाई, रेल कर्मचारियों का वेतन, आंसू निकाल रहा प्याज

कोयला उद्योग में पांच दिवसीय हड़ताल शुरू। झरिया में दुष्कर्म बाद महिला की हत्या। बच्चा चोर के शक में बालू मजदूर की पिटाई। 25 को मिलेगा रेल कर्मचारियों को वेतन।

By MritunjayEdited By: Publish:Mon, 23 Sep 2019 05:40 PM (IST) Updated:Mon, 23 Sep 2019 05:40 PM (IST)
Top Dhanbad News of the day, Mon, 23 September, 2019, कोयला उद्योग में हड़ताल शुरू, दुष्कर्म बाद महिला की हत्या, बालू मजदूर की पिटाई, रेल कर्मचारियों का वेतन, आंसू निकाल रहा प्याज
Top Dhanbad News of the day, Mon, 23 September, 2019, कोयला उद्योग में हड़ताल शुरू, दुष्कर्म बाद महिला की हत्या, बालू मजदूर की पिटाई, रेल कर्मचारियों का वेतन, आंसू निकाल रहा प्याज

धनबाद, जेएनएन। कोयला उद्योग में 100 फीसद FDI के विरोध में मजदूर संगठनों ने पांच दिवसीय हड़ताल शुरू कर दी है। सोमवार को हडताल के पहले दिन मिला-जुला असर रहा। झरिया में सोमवार सुबह एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। बच्चा चोर के शक में पिटाई से सरायढेला में एक बालू मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। बैंक हड़ताल के मद्देनजर रेलवे ने समय से छह दिन पहले ही कर्मचारियों का वेतन भुगतान का आदेश जारी किया है। प्याज की कीमतों में वृद्धि से आम लोग परेशान हैं।

FDI के विरोध में कोयला उद्योग में पांच दिवसीय हड़ताल शुरू

कोयला उद्योग में 100 फीसद FDI के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ मजदूर संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है। पहला मोर्चा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की अनुषंगी इकाई भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध अखिल भारतीय खदान मजदूर संघ (एबीकेएमएस) की तरफ से खोला गया है। संघ ने कोयला उद्योग में पांच दिवसीय (23 से 27 सितंबर) हड़ताल की घोषणा की है। सोमवार सुबह हड़ताल शुरू हुई। धनबाद कोयलांचल में कोल इंडिया की बीसीसीएल और ईसीएल की कोयला खदानें हैं। एबीकेएमएस के पदाधिकारी हड़ताल को सफल बनाने के लिए सोमवार सुबह ही कोलियरी क्षेत्रों में सक्रिय हैं। हालांकि हड़ताल का कुछ खास असर नहीं दिख रहा है। मंगलवार को संयुक्त मोर्चा ने एक दिवसीय हड़ताल की तैयारी की है।

झरिया में महिला का शव मिलने से सनसनी

झरिया थाना क्षेत्र के बनियाहीर-लोदना मार्ग में सोमवार सुबह एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मार्ग के किनारे झाड़ियों में शव पड़ा था। दुष्कर्म बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है। उम्र 20 से 25 के बीच होगी। शौच के लिए निकले लोगों की नजर झाड़ियों में पड़े शव पर पड़ी। इसके बाद झरिया थाना को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही झरिया थाना के अधिकारी प्रभात रंजन पांडेय मौक पर पह़ुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। शरीर पर चोट के निशान हैं। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पहचान के लिए पुलिस ने घटनास्थल से  खून का नमूना, चप्पल और अन्य समान एकत्र किए हैं। लोगों को शव मिलने की जैसे ही जानकारी मिली घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई है। दुष्कर्म के बाद हत्या के एंगल पर पुलिस जांच कर रही है। 

बच्चा चोर के शक में बालू मजदूर की पिटाई

पुलिस और सामाजिक संगठनों की ओर से जागरूकता अभियान चलाए जाने के बाद भी बच्चा चोर की अफवाहें थम नहीं रही हैं। शहर के सरायढेला क्षेत्र में सोमवार तड़के लोगों ने मजदूर बिष्णु मंडल को बच्चा चोर के शक में पिटाई शुरू कर दी। पुलिस ने माैके पर पहुंच कर उसे इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया जहां स्थिति गंभीर बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंडल करीब 4 बजे कोला कुसमा स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रहा था। मॉर्निंग वाक पर निकले कुछ लोगों ने बच्चा चोर समझ शोर बचा दी। इसके बाद आस-पास के लोग जुट गए। उसकी पिटाई शुरू कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस पेट्रोलिंग गाड़ी पहुंच गई। मजदूर को भीड़ से छुड़ाकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। बिष्णु मंडल ट्रक से बालू अनलोड करने का काम करता है। मेमको मोड़ में बाल लेकर आने वाले ट्रकों को रात में ही अनलोड किया जाता है। वह बालू अनलोड करने के बाद अपने रिश्तेदार विनोद मंडल के घर जा रहा था। इसी दाैरान उन्मादी हिंंसा का शिकार हो गया।

25 को मिलेगा रेल कर्मचारियों को वेतन

दुर्गा पूजा के मद्देनजर रेलवे ने अपने कर्मचारियों का खयाल रखा है। छह दिन पहले ही मासिक वेतन भुगतान का आदेश जारी किया है। 25 सितंबर को रेल कर्मचारियों के खाते में वेतन चला जाएगा। इस साल दुर्गा पूजा का त्योहार सितंबर के अंत और अक्टूबर के शुरू में है। यह पूजा 29 सितंबर को कलश स्थापना से शुरू होगी। 7 अक्टूबर को महानवमी और 8 अक्टूबर को विजयादशमी है। पूजा से पहले इसकी तैयारी शुरू हो जाती है। दुर्गा पूजा और 26-27 सितंबर की बैंक हड़ताल को लेकर चिंतित कर्मचारियों की चिंता को दूर करते हुए रेलवे ने 25 को ही सितंबर महीने की तनख्वाह देने का निर्णय लिया है। वित्त मंत्रालय के निर्णय के बाद सोमवार को रेल मंत्रालय ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया। रेलवे बोर्ड की संयुक्त निदेशक स्थापना मंजू ने सभी जोन को पत्र जारी कर दिया है।

जनता के आंसू निकाल रहा प्याज

महाराष्ट्र में हुई मूसलधार बारिश का असर कोयलांचल के बाजार में दिख रहा है। प्याज जहां 60 रुपये किलो बिक रहा है, वहीं लहसून का भी भाव आसमान पर है। धनबाद के बाजार में लहसून 170 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहा है। धनबाद में प्याज की मुख्य मंडी धनबाद के पुराना बाजार, झरिया और कतरास में है। यहां महाराष्ट्र के नासिक और मध्य प्रदेश से प्याज आता है। दोनों राज्यों में अत्यधिक बारिश होने के कारण प्याज और लहसून पर असर पड़ा है। नतीजतन धनबाद में इसका भाव चढ़ा हुआ है। व्यापारियों की मानें तो आने वाले दिनों में इन दोनों के दामों में कमी होने के आसार नहीं हैं, बल्कि प्याज के दाम और तेजी से बढ़ सकते हैं।

chat bot
आपका साथी