Jharkhand Politics: खेल मंत्री ने की बड़ी घोषणा, हर पंचायत में छोटे स्तर के स्टेडियम का होगा निर्माण
झारखंड के खेल एवं युवा मामलों के मंत्री हफीजुल हसन अंसारी ने बड़ी बात की है। उन्होंने कहा है कि खेल को बढ़ावा देने के लिए रज्य के प्रत्येक पंचायत में छोटे स्तर के स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।
गोविंदपुर (धनबाद), जेएनएन। झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण, पर्यटन, कला संस्कृति, खेल व युवा मामलों के मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि राज्य में पर्यटन को उद्योग के रूप में विकसित किया जाएगा। धनबाद के मैथन व तोपचांची झील को विकसित किया जाएगा। राज्य सरकार पंचायत स्तर पर छोटे-छोटे स्टेडियम का निर्माण करेगी। पंचायत स्तर पर सिद्धू कान्हू क्लब स्थापित किए जाएंगे। झारखंड के हर जिले में खेल अधिकारियों की नियुक्ति हो चुकी है। कला संस्कृति व युवा मामले में भी पुरानी योजनाओं के अलावा नए वित्त वर्ष में नई योजनाएं ली जाएंगी।
मधुपुर से रांची जाने के दाैरान हासन गोविंदपुर के कौआबांध स्थित पार्क लेन रिजॉर्ट पहुंचे थे। उन्होंने रिजॉर्ट का निरीक्षण किया। रिजॉर्ट के संचालक रंजीत यादव व संतोष यादव के साथ पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने के मद्देनजर नगर विचार-विमर्श किया। रिजॉर्ट संचालक ने पारसनाथ और मैथन को पूर्ण पर्यटक स्थल बनाने की मांग की। झामुमो नेता मन्नू आलम ने गोविंदपुर के रेजली बांध का जीर्णोद्धार कर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग की। मंत्री ने दोनों मांगों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया।
हफीजुल हसन ने विधायक बनने के पूर्व ही मंत्री बनाए जाने के सवाल पर कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें मंत्री बनाकर हाजी हुसैन साहब का सम्मान किया है। हाजी साहब ने 35 वर्षों तक शिबू सोरेन के एक निष्ठावान कार्यकर्ता के रूप में काम किया था। उनके हर आदेश का अनुपालन करते थे। उनके मंत्री बनने से मधुपुर क्षेत्र की जनता खुश है और आनेवाले विधानसभा चुनाव में वे भारी मतों से जीतेंगे।