सौ दिन बाद मोदी की विदाई तय : अग्निहोत्री

नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के प्रस्तावित ऊना दौरे पर सवाल दागे हैं।

By Edited By: Publish:Sun, 27 Jan 2019 07:52 PM (IST) Updated:Mon, 28 Jan 2019 03:01 AM (IST)
सौ दिन बाद मोदी की विदाई तय : अग्निहोत्री
सौ दिन बाद मोदी की विदाई तय : अग्निहोत्री

ऊना, जेएनएन। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के प्रस्तावित ऊना दौरे पर सवाल दागे हैं। कहा जनता ने भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह की जुमलेबाजी बहुत सुन ली है। बेहतर होगा कि वे हिमाचल की जनता को बताकर जाएं कि 15 लाख खातों में आने थे, वे कहां गए। कहा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और अब प्रियंका गांधी के राजनीति में उतर आने से भाजपा को बुरी तरह से करंट लग रहा है क्योंकि भाजपा नेताओं को पता चल गया है कि अब 100 दिन बाद मोदी की विदाई तय है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का ऊना के इंदिरा मैदान में स्वागत है, लेकिन प्रदेश के मूल मसलों पर उन्हें जवाब देना चाहिए। गत चुनाव व विधानसभा चुनाव में जिस प्रकार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व अमित शाह ने प्रदेश की जनता को सब्जबाग दिखाए और प्रदेश को डबल इंजन से आगे ले जाने की बात कही, वह सब जुमलेबाजी साबित हो रहे हैं, क्योंकि केंद्र का इंजन हांफ गया है और प्रदेश का स्टार्ट ही नहीं हो पाया है।

हिमाचल प्रदेश को पर्यटन, रोजगार व उद्योग के क्षेत्र में कोई आर्थिक सहायता केंद्र से नहीं मिल रही है। किसानों के लिए कोई ठोस योजना बनाने में केंद्र सरकार नाकाम रही है। प्रधानमंत्री प्रदेश सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर धर्मशाला आए और शगुन भी डालकर नहीं गए। प्रदेश की झोली खाली रखकर चले गए। वहीं अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के लिए सरकारी मशीनरी का प्रयोग किया जा रहा है। हीरा पन्ना लाल भाजपा की हिमाचल से खिसकती जमीन को नहीं बचा पाएंगे।

chat bot
आपका साथी