बर्फबारी के कारण फंसे पांच मरीज व सैकड़ों लोग, नहीं मिल रही मदद

पांगी में मौसम खराब होने के कारण हवाई उड़ान नहीं हो पा रही है। इस कारण कई लोग फंस गए हैं।

By Edited By: Publish:Sat, 19 Jan 2019 08:13 AM (IST) Updated:Sat, 19 Jan 2019 10:50 AM (IST)
बर्फबारी के कारण फंसे पांच मरीज व सैकड़ों लोग, नहीं मिल रही मदद
बर्फबारी के कारण फंसे पांच मरीज व सैकड़ों लोग, नहीं मिल रही मदद

जेएनएन, पांगी। जिला चंबा की पांगी घाटी में बर्फबारी के कारण सैकडों लोग फंस गए हैं। शेष विश्व से कट चुकी पांगी घाटी में पांच मरीजों समेत तीन सौ लोग हवाई उड़ान का इंतजार कर रहे हैं। किलाड़ अस्पताल में गंभीर बीमारी के कारण इन मरीजों को मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया है, लेकिन मौसम ने अड़ंगा डाल दिया है। पांगी के लिए हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं हो पा रही है। ऐसे में मरीजों का स्वास्थ्य और बिगड़ सकता है। पांच मरीजों में से दो की हालत नाजुक है। इनमें डालदेई दमा से ग्रसित है, सुमित्रा देवी हड्डी रोग तथा अन्य तीन मरीजों को संक्रमित रोगों ने जकड़ा हुआ है।

पांगी घाटी के सभी मार्ग बंद होने के कारण मरीज व तीमारदार हवाई उड़ान का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन जिला मुख्यालय से पांगी के लिए अब तक दो बार हवाई उड़ान रद हो चुकी है। वीरवार को भी पांगी घाटी के लिए हवाई उड़ान का शेड्यूल जारी किया गया था, लेकिन लगातार दूसरी बार हवाई उड़ान रद हो गई। पांगी के अलावा चंबा से भी पांगी घाटी के लिए कई लोगों ने आवेदन किया है, ताकि वे पांगी पहुंच सकें।

रोजाना हवाई उड़ान के इंतजार में लोग हेलीपैड तक तो पहुंच जाते हैं, लेकिन उन्हें फिर से उड़ान रद होने की सूचना दी जाती है। इससे लोग मायूस होकर लौट आते हैं। जिला में बर्फबारी जारी हुए करीब एक माह बीतने वाला है। बर्फबारी से पांगी घाटी के सभी मार्ग बंद हो चुके हैं। इसके बाद जिला प्रशासन केवल एक बार ही हवाई उड़ान करवाने में सफल हुआ है।

रोजाना शेड्यूल तो जारी किए जाते हैं, लेकिन अभी तक उड़ान नहीं हो पाई है। पांच मरीजों की हालत में सुधार न होने के कारण उन्हें मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया है। इसमें से दो लोगों की हालत गंभीर है। अगर जल्द उपचार नहीं मिला तो उनकी तबीयत और बिगड़ सकती है।

बी भारती, कार्यकारी आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम पांगी।

chat bot
आपका साथी