'मोहतरमा ने इतिहास-भूगोल बदला अब अर्थ शास्त्र की बारी...', विक्रमादित्य ने कंगना को लिया आड़े हाथ; PM पर भी कसा तंज
हिमाचल प्रदेश से मंडी लोकसभा सीट प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह (Vikramaditya Singh) ने भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत (Kangana Ranaut) पर एक बार फिर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि मोहतरमा ने इतिहास-भूगोल बदला अब अर्थ शास्त्र बदलने की बारी है। वहीं पीएम मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मोदी को मंडी की सेपू बड़ी का कर्ज उतार देना चाहिए।
जागरण संवाददाता, सुंदरनगर। मंडी संसदीय सीट (Mandi Lok Sabha Seat) से कांग्रेस प्रत्याशी एवं लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह (Vikramaditya Singh) ने कहा है कि अब तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) को मंडी की सेपू बड़ी का कर्ज उतार देना चाहिए।
एक फिर प्रधानमंत्री मोदी मंडी की सेपू बड़ी, सिड्डू, बदाणा जैसी खाने पीने की चीजों का नाम लेकर जनता को गुमराह करेंगे। उन्हें बताना चाहिए कि उन्होंने पिछले दस वर्षो में हिमाचल के साथ किया अपना कौन सा वादा पूरा किया है।
भाजपा ने किसानों के नहीं किए वादे पूरे: विक्रमादित्य
पड्डल मैदान में 2014 में उन्होंने प्रदेश के किसानों बागवानों से जो वादे किए थे। वह आज भी अधूरे हैं। मोदी को अगर सच में हिमाचल से प्यार होता तो वह आपदा के समय आते और लोगों की सहायता के लिए प्रदेश सरकार को राहत पैकेज देते लेकिन उन्होंने एक बार भी प्रदेश के लोगों की सुध नहीं ली।
ऐसी भाषा मंडी की किसी बेटी की नहीं हो सकती
विक्रमादित्य सिंह ने वीरवार को नाचन हलके के कनैड़ और महादेव में युवा कांग्रेस के सम्मेलन में कहा कि भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत मर्यादा भूल चुकी है। जिस भाषा का प्रयोग वह करती हैं वह मंडी की किसी बेटी की नहीं हो सकती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मोहतरमा ने इतिहास भूगोल बदला अब अर्थ शास्त्र बदलने की तैयारी में है। मगर उससे पहले ही उसे मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता मुंबई भेजने की तैयारी में है।
यह भी पढ़ें: Lok Sabha Election 2024: कंगना ने विक्रमादित्य को बताया 'पलटू कुमार', बोलीं- अब फ्लॉप हो चुकी है उनकी फिल्म
कंगना बड़े बड़े भाजपा के नेताओं के लिए सिरदर्द बन गई है। अब मुंबई जाने की प्रार्थना करने लगे हैं। उन्होंने कौन सी डिक्शनरी से शब्दों का चयन किया है। इसको लेकर जनता भी हैरान हैं। इस अवसर पर युकां के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीबी श्रीनिवासन, प्रदेश युकां अध्यक्ष निगम भंडारी उपस्थित रहे।
बल्ह नाचन में खोलेंगे फूड प्रोसेसिंग यूनिट
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद बल्ह और सुंदरनगर में उपजाऊ जमीनों से निकलती फसलों के लिए फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित किए जाएंगे। इससे न सिर्फ किसानों को लाभ होगा सैकड़ों लोगों को रोजगार भी मिलेगा। इसके साथ कोल्ड स्टोर बनाने की भी व्यवस्था करेंगे।
यह भी पढ़ें: 'हिमाचल सरकार मित्र मंडली पर लुटा रही प्रदेश का खजाना...', अनुराग ठाकुर ने सीएम सुक्खू पर साधा निशाना