पुलिस चेक पोस्ट से 500मीटर दूर 5 घंटे तक डिस्पोजल पर ऑपरेटर को बंधक बना लाखों की डकैती

जागरण संवाददाता, रोहतक : पानीपत-रोहतक हाईवे पर रविवार रात दर्जन भर बदमाशों ने कर्मचारी

By JagranEdited By: Publish:Mon, 06 Aug 2018 07:30 PM (IST) Updated:Mon, 06 Aug 2018 07:30 PM (IST)
पुलिस चेक पोस्ट से 500मीटर दूर 5 घंटे तक डिस्पोजल पर ऑपरेटर को बंधक बना लाखों की डकैती
पुलिस चेक पोस्ट से 500मीटर दूर 5 घंटे तक डिस्पोजल पर ऑपरेटर को बंधक बना लाखों की डकैती

जागरण संवाददाता, रोहतक : पानीपत-रोहतक हाईवे पर रविवार रात दर्जन भर बदमाशों ने कर्मचारी को बंधक बनाकर जनस्वास्थ्य विभाग के पीर बोधी डिस्पोजल पर लाखों रुपये की डकैती डाली। बदमाशों ने रात में करीब पांच घंटे तक तांडव मचाया। खास बात यह है कि जिस स्थान पर वारदात हुई है वह गोहाना बाईपास गोल चक्कर स्थित पुलिस चेक पोस्ट से मात्र 500 मीटर दूर है, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। शिकायत पर सिटी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

पानीपत हाईवे पर शहर से बाहर जनस्वास्थ्य विभाग का पीर बोधी डिस्पोजल है। जिसमें शहर के आधे हिस्से के सीवरेज का पानी इकट्ठा होता है। डिस्पोजल पर सुखपुरा चौक निवासी नरेंद्र चतुर्थ श्रेणी के पद पर काम करता है। वारदात रविवार रात करीब 11 बजे की है। कर्मचारी वहां पर बने कमरे के बाहर सो रहा था। इसी बीच दो बदमाश दीवार फांदकर अंदर आ गए। बदमाशों ने उसकी कनपटी पर पिस्टल तान दी और हाथ-पैर बांधकर कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद वहां पर रखे 400 केवी और 315 केवी के ट्रांसफार्मर की बिजली सप्लाई काटकर उनकी क्वाइल समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। बदमाशों ने वहां पर लगे दो बड़े जनरेटर से भी बैटरी चोरी कर ली। बदमाश सुबह करीब चार बजे वहां से फरार हो गए। दिन निकलने पर कर्मचारी ने शोर मचाया, जिसके बाद खेतों पर काम कर रहे लोगों ने उसे खोला। पता चलने पर विभाग के एसडीओ सुरजीत मलिक और जेई विनोद कुमार मौके पर पहुंचे। हैरानी की बात यह है कि घटना चेक पोस्ट से मात्र 500 मीटर की दूरी पर है, लेकिन किसी को पता तक नहीं चला। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, बदमाश करीब दस लाख रुपये का सामान लेकर गए हैं।

सीमा विवाद में उलझी पुलिस

सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया, लेकिन बाद में क्षेत्र सिटी थाने का बताते हुए पल्ला झाड़ लिया। इसके बाद सिटी थाना पुलिस मौके पर गई। पुलिस ने कर्मचारी के बयान दर्ज किए, जिसके बाद अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

chat bot
आपका साथी