मोरनी को प्राकृतिक खेती का हब बनाएं किसान : जेपी दलाल

हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण एवं पशुपालन मंत्री जेपी दलाल ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाते हुए मोरनी को प्राकृतिक खेती का हब बनाने का आह्वान किया। इसके लिए किसानों को सरकार हर संभव सहायता उपलब्ध करवाएगी।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 26 May 2022 07:34 PM (IST) Updated:Thu, 26 May 2022 07:34 PM (IST)
मोरनी को प्राकृतिक खेती का हब बनाएं किसान : जेपी दलाल
मोरनी को प्राकृतिक खेती का हब बनाएं किसान : जेपी दलाल

संवाद सहयोगी, मोरनी (पंचकूला):

हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण एवं पशुपालन मंत्री जेपी दलाल ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाते हुए मोरनी को प्राकृतिक खेती का हब बनाने का आह्वान किया। इसके लिए किसानों को सरकार हर संभव सहायता उपलब्ध करवाएगी। जेपी दलाल मोरनी खंड के गांव धारला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की केंद्र सरकार के आठ वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनका जल्द से जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया।

जेपी दलाल ने कहा कि मोरनी एक पहाड़ी क्षेत्र है और यहां की परिस्थितियां और वातावरण दूसरे क्षेत्रों से भिन्न है। उनका प्रयास है कि क्षेत्रों की परिस्थितियों के आधार पर योजनाएं बनाई जाएं, ताकि लोगों को उनका अधिक से अधिक लाभ मिल सके। मोरनी क्षेत्र में पशुओं ने खेती को नुकसान पहुंचाने की समस्या के समाधान के लिये शीघ्र ही सोलर फेंसिग की योजना बनाई जाएगी। योजना के तहत किसानों को अपने खेतों के चारों और सोलर फेंसिग करने के लिये सरकार सब्सिडी भी देगी। मृदा संरक्षण व जल संरक्षण से संबंधित कार्यों जैसे चेक डैम और वाटर टैंक के निर्माण के लिए अतिरिक्त बजट उपलब्ध करवाएगी।

कृषि मंत्री ने कहा कि किसान प्राकृतिक खेती को अपनाए। इसमें किसान को कोई नुकसान ना हो, इसलिए किसानों के लिए अलग से योजना बनाएंगे। सिक्किम का उदाहरण देते हुये जेपी दलाल ने कहा कि सिक्किम में पूर्ण रूप से प्राकृतिक खेती की जाती है और वहां के किसान रसायनिक खादों का प्रयोग नहीं करते। उन्होंने कहा कि मोरनी में भी किसान सुनिश्चित करें कि इस क्षेत्र में भी रासायनिक खाद व कीटनाशक दवाइयों का प्रयोग ना हो।

इस अवसर पर डीडीपीओ पुलकित मल्होत्रा, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग पंचकूला के उपनिदेशक सुरेंद्र सिंह यादव, पशुपालन विभाग पंचकूला के उप निदेशक अनिल बनवाला, डीएफओ मोरनी बीएस राघव, एएसओ पंचकूला डा. राहुल, पवन धीमान, मोरनी के सरपंच मामचंद भंवरा, भाजपा मंडलाध्यक्ष सुखवीर राणा, पूर्व सरपंच एवं मंडल संयोजक पंचायती राज प्रकोष्ठ सुरेश राणा, जिला सचिव कनक रेखा, मीना देवी, लाल सिंह काठी, मंडल महामंत्री परमजीत उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी