हरियाणा में साइबर अपराध को रोकने के लिए पुलिस विभाग का बड़ा कदम, हर जिले में बनेगा साइबर थाना

हरियाणा सरकार ने साइबर क्राइम के बढ़ रहे मामलों में जल्द कार्रवाई के लिए जिला स्तर पर साइबर थाना खोलने का निर्णय लिया है। मंडल स्तर पर पहले ही साइबर थाने काम कर रहे हैं। अब जिले में एक-एक साइबर थाना खोला जा रहा है।

By Naveen DalalEdited By: Publish:Sat, 25 Jun 2022 11:11 AM (IST) Updated:Sat, 25 Jun 2022 11:11 AM (IST)
हरियाणा में साइबर अपराध को रोकने के लिए पुलिस विभाग का बड़ा कदम, हर जिले में बनेगा साइबर थाना
हरियाणा के हर जिलें में बनेगा साइबर थाना।

सिरसा, जागरण संवाददाता। सिरसा में साइबर ठग लगातार लोगों के साथ ठगी कर रहे हैं। कभी लाटरी निकलने, कभी ऋण देने का झांसा तो कभी बैंक कर्मचारी बनकर ओटीपी हासिल कर उपभोक्ताओं को चपत लगा रहे हैं। कुछ मामलों में वीडियो तैयार कर इंटरनेट मीडिया पर आपत्तिजनक रूप से प्रसारित करने के मामले भी सामने आ रहे हैं। ऐसे मामलों में जल्द कार्रवाई के लिए अब सिरसा में साइबर थाना बनेगा। साइबर थाना के लिए भवन की तलाश शुरू हो गई है। सदर थाना के मित्रकक्ष की बिल्डिंग को साइबर थाने के लिए प्रयुक्त किया जा सकता है। हालांकि अभी सिरसा की तीन और बिल्डिंग की रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक ने मांगी है।

स्टाफ को पहले ट्रेनिंग

राज्य सरकार ने साइबर क्राइम के बढ़ रहे मामलों में जल्द कार्रवाई के लिए जिला स्तर पर साइबर थाना खोलने का निर्णय लिया है। मंडल स्तर पर पहले ही साइबर थाने काम कर रहे हैं। अब जिले में एक-एक साइबर थाना खोला जा रहा है और इसके लिए दक्ष स्टाफ भी जिला पुलिस से ही लिया जाएगा। साइबर क्राइम से जुड़े मामलों में स्टाफ को पहले ट्रेनिंग मिलेगी। सिरसा की बात करें तो यहां प्रतिमाह पांच से आठ मामले साइबर ठगी के हैं। इन मामलों में जब पुलिस जांच करती है तो ठगी से संबंधित बैंक खाते पूर्वोत्तर राज्यों या बहुत दूर के होते हैं और उन खातों में से राशि निकल चुकी होती है। जिले में साइबर थाना होगा तो ऐसे मामलों में साथ ही साथ कार्रवाई हो पाएगी और राशि निकलने से पहले ही बैंक खाते को सीज करवाया जा सकेगा।

स्टाफ की सूची भी तैयार

पुलिस अधीक्षक डा. अर्पित जैन ने संबंधित शाखा से उन पुलिस कर्मचारियों के नाम मांगे हैं जो कंप्यूटर के साथ साइबर क्राइम से संबंधित मामलों में दक्ष हों। जांच अधिकारी भी साइबर क्राइम की जानकारी रखने को ही लगाया जाएगा। पहले से मामलों की जांच में शामिल रहे अधिकारियों को भी साइबर थाने से जोड़ा जा सकता है।

सिरसा एसपी के अनुसार

सिरसा में साइबर थाना खोला जाएगा, इसके लिए जगह का चयन कर रहे हैं। स्टाफ हमारे पास पहले से ही प्रशिक्षित है। कुछ और स्टाफ की जरूरत पड़ी तो ट्रेनिंग देंगे। साइबर थाना खुलने से साइबर क्राइम से संबंधित मामलों में जल्द कार्रवाई हो पाएगी।

डा. अर्पित जैन, एसपी सिरसा

बड़ागुढ़ा थाना प्रभारी का तबादला

पुलिस अधीक्षक ने कार्यालय में तैनात जिला निरीक्षक प्रदीप कुमार का तबादला बड़ागुढ़ा थाना प्रभारी के लिए कर दिया है। बड़ागुढ़ा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जयभगवान को प्रदीप की जगह जिला निरीक्षक लगा दिया गया है।

chat bot
आपका साथी