शहर में दिखने लगी दीपावली की रौनक, दुल्हन की तरह सजे बाजार

चरखी दादरी : दीपावली पर्व के मात्र चार दिन शेष रहने के साथ ही दादरी शहर

By JagranEdited By: Publish:Sat, 03 Nov 2018 11:43 PM (IST) Updated:Sat, 03 Nov 2018 11:43 PM (IST)
शहर में दिखने लगी दीपावली की रौनक, दुल्हन की तरह सजे बाजार
शहर में दिखने लगी दीपावली की रौनक, दुल्हन की तरह सजे बाजार

संवाद सहयोगी, चरखी दादरी :

दीपावली पर्व के मात्र चार दिन शेष रहने के साथ ही दादरी शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। शहर के मुख्य बाजारों, मार्केटों, चौक-चौराहों पर सजी स्टालें, बड़े प्रतिष्ठान लोगों को अपनी ओर लुभा रहे हैं। शहर के बाजारों में हर स्टाल पर महिलाओं, बच्चों की भीड़ ज्यादा जुट रही है। दीपों के पर्व को लेकर बाजार में इन दिनों काफी उल्लास व उमंग देखने को मिल रही है। लोगों में दीपावली पर्व पर नई वस्तुएं व आभूषण, बर्तन खरीदने को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। इसके साथ ही नगर में बाजारों, चौराहों, मुख्य मार्गो पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने भी अपने स्तर पर पुख्ता इंतजामात किए है। रंग बिरंगा नजर आ रहा बाजार

दादरी शहर में जगह जगह स्टाल, रेहड़ियों व दुकानों पर लगी रंग बिरंगी कागज से बनी फूलझड़ियों से बाजार पूरी तरह से रंग बिरंगा नजर आ रहा है। हर रोज सांय 5 बजे के बाद तो बाजार का नजारा ही अलग नजर आ रहा है। दिन के समय ग्रामीण व सांय के समय शहरी महिलाओं की खासी भीड़ बाजार में खरीददारी करते हुए नजर आती हैं। सुबह से शाम तक दुकानों में भीड़ रहने से व्यापारी भी उत्साहित है। रेडीमेड, सोने चांदी, सूखे मेवे, कपड़ों, स्टील व किरानों की दुकानों पर दिनभर भीड़ लगी रहती है। रेडीमेड कपड़ों की बढ़ी मांग

दीपावली पर्व पर सेल में बिकने वाले रेडीमेड कपड़ों की डिमांड बढ़ गई है। गारमेंट की दुकान पर खासकर युवाओं की खासी भीड़ नजर आ रही है। युवाओं में खरीदारी को लेकर उत्साह है। रेडीमेड गारमेंट के व्यापारियों का कहना है कपड़े सिलाने के बजाय रेडीमेड कपड़ों को पहनना अधिक पसंद कर रहे है। दुकानदारों ने भी दीपावली को लेकर नई-नई वैराइटियां मंगवाई है। ज्वेलरी के दे रहे आर्डर

पहले जहां लोग धनतेरस को ही सोने, चांदी व बर्तन खरीदते थे। लेकिन इस बार महिलाओं ने भीड़ को देखते हुए पहले से ही बर्तन, ज्वेलरी व घरेलू सामान खरीदना शुरू कर दिया है। महिलाएं सोने व चांदी के जेवरात लेने में रूचि दिखा रही है। सुरेंद्र कुमार, मुकेश सोनी ने बताया कि इस बार महिलाओं ने दो हफ्ते पहले से ही जेवरात बनाने आर्डर देना शुरू कर दिया था। दीपावली पर्व पर महिलाओं में सोने, चांदी के जेवरात बनवाने में काफी रूचि देखी जा रही है। इस बार दुकानदारों को दीपावली पर अच्छी बिक्री की उम्मीद बंधी है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी धूम

ग्रामीण क्षेत्र से लोग दीपावली पर्व पर खरीददारी करने लोग बाजारों में पहुंच रहे हैं। धार्मिक परंपरा को बढ़ावा देते हुए ग्रामीण किसान अपने पशुओं के गले में बांधने वाली घंटियां, टालियां व आकर्षक मालाएं खरीद रहे हैं। बैलों के लिए चौरासी की मांग ज्यादा देखी जा रही है। वहीं बाजारों में कपड़े, खेल-खिलौने, कैलेंडर, देवी-देवताओं के पोस्टर, मिठाइयां सहित अन्य सामान की खरीद भी जोरों पर है। पुलिस चौकस, हर सड़क पर नजर

दादरी पुलिस ने स्थानीय भगवान परशुराम चौक से लेकर तहसील रोड, रेलवे रोड, मेन बाजार, लाला लाजपतराय चौक, पुराना बस स्टैंड, पुराना सब्जी मंडी रोड इत्यादि स्थानों पर न केवल चेक प्वाइंट बनाए है बल्कि गश्त भी बढ़ा दी है। इसी प्रकार इन सभी बाजारों, मुख्य मार्गो पर दिन के समय भारी वाहनों का आवागमन बंद किया जा चुका है। जिला पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग दीपावली के पर्व पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए स्थानीय पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दे चुके है।

chat bot
आपका साथी