प्रियंका चोपड़ा के 'रोका' पर भावुक हुईं परिणीति चोपड़ा, ख़त लिखकर याद कीं बचपन की बातें

परिणीति ने इस ख़त के साथ एक तस्वीर भी शेयर की है, जिसमें वो प्रियंका के गले लगी हुई हैं। यह तस्वीर बताने के लिए काफ़ी है कि परिणीति अपनी मीमी दीदी के लिए कितना ख़ुश हैं।

By Manoj VashisthEdited By: Publish:Sat, 18 Aug 2018 09:21 PM (IST) Updated:Mon, 20 Aug 2018 07:04 AM (IST)
प्रियंका चोपड़ा के 'रोका' पर भावुक हुईं परिणीति चोपड़ा, ख़त लिखकर याद कीं बचपन की बातें
प्रियंका चोपड़ा के 'रोका' पर भावुक हुईं परिणीति चोपड़ा, ख़त लिखकर याद कीं बचपन की बातें

मुंबई। प्रियंका चोपड़ा और निक जोनास का रोका भारतीय रीति-रिवाज़ और पूजा-पाठ के साथ शनिवार को सम्पन्न हो गया। परिवार और दोस्तों के लिए यह जहां सेलिब्रेशन का मौक़ा था, वहीं पुराने दिनों को याद कर भावनाओं में बहने का लम्हा भी था।

प्रियंका की कज़िन परिणीति चोपड़ा इस मौक़े पर भावनाओं के दरिया में डुबकी लगाई और एक बड़ा ही प्यारा सा ख़त अपनी बड़ी बहन प्रियंका के नाम लिखा है, जिसमें उन्होंने प्रियंका के साथ बचपन की कुछ यादों को साझा किया है। इस ख़त में परिणीति चोपड़ा लिखती हैं- ''आज मैं एक जादू और परीकथा की साक्षी बनी। जब हम छोटे बच्चे थे, तो मीमी दीदी (प्रियंका) और मैं घर-घर खेला करते थे। हम शर्मीली दुल्हन बनने का नाटक करते थे, काल्पनिक बच्चे भी होते थे, और अपने पतियों को चाय भी पेश किया करते थे। थोड़ा हल्का है, लेकिन ऐसा इसलिए था क्योंकि हम हमेशा प्यार के जादू में यक़ीन करते थे और हम दोनों उम्मीद करते थे कि हमें एक दिन परफेक्ट दूल्हे मिलेंगे।''

परिणीति आगे लिखती हैं- ''आज कोई लागलपेट वाली बात नहीं है। मैं उनके लिए इससे ज़्यादा परफेक्ट इंसान की कल्पना नहीं कर सकती। जैसा कि आज सुबह मैंने कहा था, किसी इंसान को देखने के दो तरीक़े हैं- पहला- उसके साथ सफ़र करिए और दूसरा उसके साथ खाइए। निक, मैंने आपके साथ दोनों किये हैं। और इसलिए मैं जानती हूं कि आप उनके लिए परफेक्ट हो। उन्हें प्यार कीजिए, क्योंकि वो आपके लिए दीवानी हैं। उनकी हिफ़ाज़त कीजिए, क्योंकि वो मजबूत हैं लेकिन अंदर से कोमल हैं। मैं आप दोनों को प्यार करती हूं और आपको ख़ुशियां मुबारक हों। आपको रोका और भावी शादी की बधाई।'' 

pic.twitter.com/VEDZDjujin — Parineeti Chopra (@ParineetiChopra) August 18, 2018

परिणीति ने इस ख़त के साथ एक तस्वीर भी शेयर की है, जिसमें वो प्रियंका के गले लगी हुई हैं। यह तस्वीर बताने के लिए काफ़ी है कि परिणीति अपनी मीमी दीदी के लिए कितना ख़ुश हैं। निक जोनास के साथ प्रियंका के रिलेशनशिप की ख़बरें पहली बार इसी साल मई में आयी थीं। इसके बाद दोनों पैपेराज़ी कैमरों के निशाने पर रहे, मगर आधिकारिक रूप से इसे स्वीकार नहीं किया। 

पिछले महीने जब निक प्रियंका के परिवार से मिलने मुंबई आये तो चर्चाएं तेज़ हो गयीं। इसके बाद प्रियंका ने सलमान ख़ान की फ़िल्म भारत छोड़ दी। तब डायरेक्टर अली अब्बास ज़फ़र ने इस ख़बर का खुलासा करते हुए निक और प्रियंका की रिलेशनशिप की तरफ़ इशारा किया था। मगर, अब सारे सस्पेंस से पर्दा उठ गया है और प्रियंका चोपड़ा और निक जोनास आधिकारिक तौर पर कपल हो गये हैं।

chat bot
आपका साथी