विंध्यवासिनी धाम में प्रियंका ने किया दर्शन, बाहर भक्तों ने लगाए मोदी-मोदी के नारे

सीतामढ़ी गेस्ट हाउस में प्रियंका ने रात्रि प्रवास किया। सुबह उन्होंने मंदिर में पूजन किया और फिर सड़क मार्ग से मीरजापुर पहुंचकर लोगों से कांग्रेस की सरकार बनाने में सहयोग मांगा।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Tue, 19 Mar 2019 09:38 AM (IST) Updated:Wed, 20 Mar 2019 09:11 AM (IST)
विंध्यवासिनी धाम में प्रियंका ने किया दर्शन, बाहर भक्तों ने लगाए मोदी-मोदी के नारे
विंध्यवासिनी धाम में प्रियंका ने किया दर्शन, बाहर भक्तों ने लगाए मोदी-मोदी के नारे

मीरजापुर, जेएनएन। कांग्रेस की चुनावी नैया पार कराने की उम्मीद लेकर तीन दिवसीय गंगा यात्रा पर निकलीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का आज दूसरे दिन भदोही के सीतामढ़ी में हैं। भदोही के सीतामढ़ी के गेस्ट हाउस में प्रियंका गांधी ने रात्रि प्रवास किया। सुबह उन्होंने सीतामढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि 'उन्होंने 70 साल में क्या किया?' इस तर्क का अब कोई औचित्य नहीं है। अब उन्हें (भाजपा) बताना चाहिए कि उन्होंने सत्ता में रहते हुए अपने पांच साल में क्या किया है।

अपने अगले पड़ाव मीरजापुर के विंध्याचल स्थित विंध्यधाम पहुंचीं प्रियंका गांधी ने दर्शन और पूजन किया। विंध्यवासिनी धाम में प्रियंका को सुबह 11 बजे दर्शन करना था लेकिन, वह उस वक्त तक भदोही में ही थीं। इस बीच मंदिर 12 बजे रोज की तरह एक घंटे के लिए बंद हो गया लिहाजा वहां बड़ी संख्या में दर्शनार्थी जुट गए। मंदिर का कपाट खुला तो प्रियंका के लिए दर्शनार्थियों को देर तक रोक कर रखा गया। प्रियंका जब दर्शन करने मंदिर में गईं तो इंतजार कर रहे दर्शनार्थियों में से कुछ मोदी-मोदी के नारे लगाने लगे तो कुछ अन्य दर्शनार्थी राहुल और प्रियंका के लिए नारे लगाने लगे। ये हालात देख बड़ी संख्या में तटस्थ दर्शनार्थियों ने जय माता दी का उद्घोष शुरू कर दिया।

विंध्यवासिनी धाम में दर्शन के बाद प्रियंका गांधी मीरजापुर के भटौली घाट से सिंधौरा घाट के लिए गंगा यात्रा पर रवाना हो गईं।

योगी सरकार के रिपोर्ट कार्ड पर बोलीं प्रियंका गांधी- हकीकत और प्रचार में बहुत फर्क है

इससे पहले सीतामढ़ी में प्रियंका ने कहा कि केंद्र सरकार का रिपोर्ट कार्ड और प्रचार बहुत अच्छा है लेकिन, जमीन की हकीकत से इसका कोई वास्ता नहीं है। युवा, बेरोजगार, किसान सभी परेशान हैं। आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ता प्रताड़ित हैं।

भदोही के बनकट गांव में प्रियंका वाड्रा बुनकर फूलचंद्र यादव के घर पर पहुंचीं। वहां उनकी समस्याओं को पूछा फिर बोलीं कांग्रेस की सरकार बनवाइये सब सही हो जाएगा। चील्ह के रास्ते प्रियंका भदोही से मीरजापुर जिले में दाखिल हो गई हैं। जहां कहीं भी भीड़ मिल रही है वे जनता और कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने के लिए गाड़ी से उतर कर कुछ दूर सभी के साथ पैदल चल पड़ रही हैं।

पूर्वी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के चुनाव प्रचार अभियान का आगाज करते हुए प्रियंका पहले दिन कार, स्टीमर और पैदल कुल 87 किलोमीटर का सफर कर प्रथम पड़ाव सीतामढ़ी पहुंचीं हैं। इस दौरान कहीं-कहीं दूर से ही गंगा तट पर खड़े लोगों का अभिवादन किया। चार स्थानों पर जनता से संपर्क साधा और संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 'चौकीदार अमीरों का होता है, गरीबों का नहीं।' अंतिम पड़ाव प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र वाराणसी होगा।

गंगा के बहाने जनगंगा में डुबकी

प्रियंका ने शाम को पौराणिक स्थल भदोही के सीतामढ़ी में महिलाओं से संवाद में बगैर प्रधानमंत्री का नाम लिए तंज कसा। बोलीं, खुद को शक्तिमान और 56 इंच के सीने वाले इतने महान नेता आप हैं तो सभी वादे पूरे क्यों नहीं किए। सच ये है कि मौजूदा सरकार दुर्बल है।

आज मीरजापुर में दर्शन-पूजन, संवाद व रोड शो

प्रियंका सीतामगढ़ी गेस्ट हाउस में रात्रि प्रवास के बाद मंगलवार सुबह स्टीमर से गंगा के रास्ते रामपुर घाट पहुंचेंगी। वहां स्थानीय लोगों से मुलाकात के बाद स्टीमर से ही मीरजापुर स्थित विंध्यधाम के लिए रवाना हो जाएंगी। विंध्याचल में दर्शन-पूजन के बाद कांतित स्थित मौलाना इस्माइल चिस्ती की दरगाह पर मत्था टेकेंगी। विंध्यधाम स्थित गेस्ट हाउस में बुनकरों व अधिवक्ताओं से संवाद करेंगी। शाम को वह चुनार पहुंचकर रोड शो करेंगी। चुनार में मंगलवार को रात्रि विश्राम के बाद बुधवार की सुबह प्रियंका अदलपुरा की शीतला माता का दर्शन कर और वहां मौजूद महिलाओं से वार्ता के बाद बनारस रवाना हो जाएंगी।

chat bot
आपका साथी