Lok Sabha Election 2019: CM रघुवर बोले, वो जानते हैं कि मोदी आए तो कोई होटवार जाएगा-कोई तिहाड़

Lok Sabha Election 2019. झारखंड के मुख्यमंत्री ने महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की गरीबी व पिछड़ेपन के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Sat, 04 May 2019 06:41 AM (IST) Updated:Sat, 04 May 2019 07:37 AM (IST)
Lok Sabha Election 2019: CM रघुवर बोले, वो जानते हैं कि मोदी आए तो कोई होटवार जाएगा-कोई तिहाड़
Lok Sabha Election 2019: CM रघुवर बोले, वो जानते हैं कि मोदी आए तो कोई होटवार जाएगा-कोई तिहाड़

रांची, राज्य ब्यूरो। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने महागठबंधन को एक बार फिर निशाने पर लिया है। स्पष्ट कहा कि वो सिर्फ नरेंद्र मोदी को रोकने के लिए एक हो रहे हैं, क्योंकि वे जानते हैं कि मोदी आएंगे तो कोई होटवार जाएगा तो कोई तिहाड़ जेल। इसीलिए मोदी हटाओ का नारा देते हैं। शुक्रवार को धुर्वा के जगन्नाथपुर मैदान में आयोजित विजय संकल्प रैली में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस व झामुमो पर जमकर निशाना साधा, उनके गठबंधन को चोरों का गठबंधन बताया।

रांची से कांग्रेस प्रत्याशी सुबोधकांत सहाय भी सीएम के निशाने पर रहे। इस मौके पर कांग्रेस नेता अजय राय ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री ने देश की गरीबी और पिछड़ेपन के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। कहा, आधी शताब्दी तक राज करने वाली कांग्रेस चुनाव में गरीबों के नाम पर वोट लेती रही और चुनाव के बाद कांग्रेस का हाथ अमीरों के साथ हो जाता है।

उन्होंने पिछले साढ़े चार साल की केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों की भी चर्चा। कार्यक्रम को झारखंड भाजपा के लोकसभा प्रभारी मंगल पांडेय, मंत्री सीपी सिंह और हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने भी संबोधित किया। इस मौके पर भाजपा प्रत्याशी संजय सेठ, भाजपा के प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश, मनोज मिश्रा, संजय जायसवाल, आजसू व लोजपा के पदाधिकारी भी उपस्थित थे। 

आज देश व राज्य सुरक्षित
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश और राज्य सुरक्षित है। कांग्रेस के समय में आतंकी हमले होते थे लेकिन कांग्रेस केप्रधानमंत्री की हिम्मत नहीं होती थी जवाब देने की। आज हम पाकिस्तान के अंदर घुसकर आतंकी मार रहे हैं। हमारे प्रधानमंत्री कहते हैं कि हमें छेड़ोगे तो हम चुन-चुन कर मारेंगे। 

जल, जंगल, जमीन उनके लिए नारा होगा, हमारे लिए अमानत 
मुख्यमंत्री ने झामुमो पर तंज कसते हुए कहा कि जल, जंगल, जमीन उनके लिए नारा होगा। हमारे लिए ये अमानत है। कहा, सबसे ज्यादा आदिवासियों की जमीन सोरेन परिवार ने ही लूटी है। राज्य सरकार ने साढ़े चार सालों में एक इंच भी जमीन छीनी हो तो कोई बताए। 

सिमडेगा की बहनों ने सिद्ध किया झारखंड में नरेंद्र मोदी ही चलेगा
मुख्यमंत्री ने सिमडेगा में एक दिन पूर्व हुई राहुल गांधी की रैली का भी जिक्र किया। कहा, वहां नरेंद्र मोदी जिंदाबाद के नारे लगे। सिमडेगा की हमारी आदिवासी बहनों ने यह सिद्ध कर दिया कि झारखंड में तो नरेंद्र मोदी ही चलेगा। 

विस्थापितों को कैंप लगाकर पट्टा देंगे, एचईसी में बनाएंगे 25 हजार घरों की कॉलोनी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने तय किया है कि विभिन्न योजनाओं में विस्थापित हुए जमीन मालिकों को सरकार कैंप लगाकर पट्टा देगी। वे जमींदार थे, हम इस कलंक को धोने का काम करेंगे। सीएम ने 2020 तक हर बेघर को आवास देने की बात भी दोहराई। यह भी कहा कि एचईसी में 25 हजार घरों की कालोनी बनाकर लोगों को देंगे। 24-25 मई को टेंडर की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने हज हाउस व टाउन हाल के निर्माण की भी चर्चा की। कहा, कांग्रेस मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति करती है लेकिन हम सबका साथ-सबका विकास में विश्वास करते हैं। 32 हजार गांवों में स्ट्रीट लाइट लगाए जाने की बात भी कही। 

मंगल पांडेय ने लगवाए नारे
झारखंड भाजपा के लोकसभा प्रभारी मंगल पांडेय ने फिर से एक बार मोदी सरकार के नारे लगवाए। उन्होंने जनता से सीधे संवाद करते पूछा कि देश चलाने वाला, दमदार, मजबूत व ईमानदार प्रधानमंत्री चाहते हैं, जिसके जवाब में जनता ने मोदी-मोदी का नारा लगाया।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी