दिल्ली फतह के लिए भाजपा ऐसे बना रही प्‍लान, कार्यकर्ता घर-घर बताएंगे मोदी की ये बात

लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा में संगठन व सांसदों के बीच आपसी तालमेल को बेहतर करने की कवायद तेज हो गई है। दोनों के बीच सामंजस्य की कमी का असर चुनावी तैयारी पर पड़ रहा था।

By Edited By: Publish:Mon, 21 Jan 2019 10:55 PM (IST) Updated:Tue, 22 Jan 2019 02:57 PM (IST)
दिल्ली फतह के लिए भाजपा ऐसे बना रही प्‍लान, कार्यकर्ता घर-घर बताएंगे मोदी की ये बात
दिल्ली फतह के लिए भाजपा ऐसे बना रही प्‍लान, कार्यकर्ता घर-घर बताएंगे मोदी की ये बात

नई दिल्ली, [संतोष कुमार सिंह]। दिल्ली की सभी लोकसभा सीटों पर कब्जा बरकरार रखने के लिए भाजपा सांसदों को संगठन पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं से बेहतर समन्वय बनाए रखने का मंत्र दिया गया है। सांसद जिला और मंडल पदाधिकारियों से नियमित संवाद करेंगे। बूथ स्तर की गतिविधियों पर भी नजर रखेंगे और साथ मिलकर चुनाव प्रचार अभियान को धार देंगे। लोकसभा प्रभारी निर्मला सीतारमण ने जिलाध्यक्षों को भी सांसदों के साथ बेहतर समन्वय बनाने के लिए कहा है।

सामंजस्‍य की कमी होगी दूर
दिल्ली में कई सांसदों का संगठन पदाधिकारियों के साथ सही तालमेल नहीं बैठा पा रहा है। सामंजस्य की कमी का आलम यह है कि कई बार पार्टी के कार्यक्रमों से सांसद नदारद रहते हैं। वहीं, कई सांसदों की शिकायत है कि जिला अध्यक्ष कोई कार्यक्रम आयोजित करने के पहले उन्हें विश्वास में नहीं लेते हैं।

कार्यकर्ताओं के बीच गलत संदेश जाने से रोकना
इतना ही नहीं, प्रदेश भाजपा की बैठकों में कई जिला अध्यक्ष भी कह चुके हैं कि सांसद बगैर उन्हें जानकारी दिए अपने स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करते हैं, जिससे कार्यकर्ताओं के बीच गलत संदेश जाता है। सांसदों व पार्टी पदाधिकारियों के बीच सामंजस्य की कमी का असर अभी से चुनावी तैयारी पर पड़ने की बात सामने आई थी।

दो दिन पहले भी उठा था मामला
दो दिन पहले ही लोकसभा चुनाव की प्रभारी व रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ कोर ग्रुप की बैठक में भी यह मामला उठा था। दो सांसदों ने अपने जिला अध्यक्षों के रवैये की शिकायत की थी। लोकसभा प्रभारी ने इसे गंभीरता से लिया था और अब इस कमी को दूर करने के प्रयास तेज हो गए हैं। सोमवार को प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन की अगुवाई में दिल्ली के 14 में से नौ जिला अध्यक्ष सीतारमण के आवास पर पहुंचे, जहां चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई। उनके साथ लोकसभा के सह प्रभारी जय भगवान पवैया भी थे।

मोदी सरकार की उपलब्‍धियों को जनता के बीच बताएं
भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रत्येक सांसद को निर्देश दिया गया है कि वे अपने क्षेत्र में कराए कार्यो के साथ ही नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएं। यह काम संगठन पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं के सहयोग से ही संभव है, इसलिए आपस में नियमित संवाद जरूरी है। लोकसभा क्षेत्र प्रभारियों व विस्तारकों को भी इसमें अपनी भूमिका निभाने को कहा गया है।

नियमित बैठक से बनेगी बेहतर रणनीति
सांसद नियमित रूप से अपने क्षेत्र से संबंधित जिला अध्यक्षों के साथ बैठक करके कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक की जानकारी लेंगे, ताकि उसके अनुसार चुनावी रणनीति बनाई जा सके। साथ ही फीडबैक से प्रदेश नेतृत्व को भी अवगत कराया जाएगा, जिससे चुनाव प्रचार अभियान को सही दिशा में आगे बढ़ाया जा सके और बेहतर परिणाम हासिल हो सके।

chat bot
आपका साथी