नीतीश ने कराई बिहार अपमान रैली : सुशील मोदी

पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि स्वाभिमान के नाम पर रैली कर 15 साल के जंगलराज से बिहार को शर्मिंदा करने वाले नेताओं की तारीफ में कसीदे पढ़े गए। इस बिहार अपमान रैली की मेजबानी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने की।

By Amit AlokEdited By: Publish:Mon, 31 Aug 2015 07:29 AM (IST) Updated:Mon, 31 Aug 2015 07:33 AM (IST)
नीतीश ने कराई बिहार अपमान रैली : सुशील मोदी

पटना। पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि स्वाभिमान के नाम पर रैली कर 15 साल के जंगलराज से बिहार को शर्मिंदा करने वाले नेताओं की तारीफ में कसीदे पढ़े गए। इस बिहार अपमान रैली की मेजबानी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने की।

सुमो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार की तीन क्षेत्रीय रैलियों में 10 लाख से ज्यादा लोगों को संबोधित किया, जबकि लालू प्रसाद, सोनिया गांधी और नीतीश कुमार प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग कर पटना में मुश्किल से 50 हजार लोगों को जुटा पाए।

उन्होंने कहा कि गरीब रैला और अधिकार रैली के नाम पर अलग-अलग लाखों की भीड़ जुटाने वाले लालू प्रसाद और नीतीश कुमार आज मिलकर प्रधानमंत्री की रैलियों का दसवां हिस्सा भी नहीं जुटा सके।

यह लालू-नीतीश से लोगों की बढ़ती निराशा का संकेत है। कहा कि रैली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने जहां बिहार के विकास में लालू प्रसाद के बड़े योगदान की बात कहकर शताब्दी का सबसे बड़ा मजाक किया, वहीं उन्होंने बिहार के लोगों के पुराने जख्म पर नमक छिड़कने का भी काम किया।

कहा, महागठबंधन में एकता के दावों को तार-तार करते हुए लालू प्रसाद ने कांग्रेस पर यह कह हमला किया कि यह 1990 के पहले का बिहार नहीं है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और महागठबंधन के मुखिया मुलायम सिंह यादव का नहीं आना भी कई सवाल उठाता है।

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने बिहार में 50 साल राज किया। वह राबड़ी सरकार में शामिल थी, इसलिए जंगलराज के गुनाह से बरी नहीं हो सकती। राज्य के पिछड़ेपन के लिए जिम्मेदार कांग्रेस को लोगों ने विधान सभा की मात्र 4 सीटों पर सिमटा दिया। नीतीश कुमार बिहार की बदहाली के दोषी राजद और कांग्रेस जैसी ठुकराई हुई पार्टियों से मिलकर तीसरी बार सत्ता पाने की कोशिश कर रहे हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तो मात्र 15 महीनों में मेगा पैकेज की घोषणा कर बिहार की जनता से अपना वादा पूरा कर दिया, लेकिन 10 साल सत्ता में रहने वाली यूपीए सरकार ने मात्र 12000 हजार करोड़ के पैकेज का वादा भी पूरा नहीं किया। उस पैकेज की शेष राशि प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार को दी। महागठबंधन की बिहार अपमान रैली का जवाब जनता अपने वोट से देगी।

chat bot
आपका साथी