नशामुक्ति दीप जला शैक्षणिक क्रांति का आगाज

- बिहार दिवस पर शैक्षणिक व सामाजिक संस्थानों में हुए कार्यक्रम। - सबने मिलकर गाया बिहार

By JagranEdited By: Publish:Thu, 23 Mar 2017 03:01 AM (IST) Updated:Thu, 23 Mar 2017 03:01 AM (IST)
नशामुक्ति दीप जला शैक्षणिक क्रांति का आगाज
नशामुक्ति दीप जला शैक्षणिक क्रांति का आगाज

- बिहार दिवस पर शैक्षणिक व सामाजिक संस्थानों में हुए कार्यक्रम

- सबने मिलकर गाया बिहार गीत

- सरकारी दफ्तरों पर छायी रही वीरानी, नहीं दिखी नीली रोशनी

--------

जागरण संवाददाता, पटना सिटी : बिहार के गौरवशाली अतीत, विकासशील वर्तमान एवं सशक्त भविष्य की उम्मीद के साथ बुधवार को विभिन्न शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। बिहार दिवस के अवसर पर हुए इन कार्यक्रमों के माध्यम से राज्य को शराब के बाद अब नशामुक्त बनाने का संकल्प लोगों ने लिया।

अफसोस यह रहा कि तीन दिवसीय बिहार दिवस पर जहां लोग उत्साहित एवं आनंदित थे वहीं अनुमंडल अंतर्गत सभी सरकारी दफ्तरों पर वीरानी छाई थी। अनुमंडल कार्यालय तक की दीवारें नीली रोशनी को तरसती रहीं। केवल सर्वेक्षण कार्यालय छोड़ कर किसी भी सरकारी ऑफिस में बिहार दिवस की खुशी दूर से भी नजर नहीं आई।

चौक स्थित राजकीयकृत मारवाड़ी उच्च माध्यमिक विद्यालय में बुजुर्ग समाजसेवी विश्वनाथ पोद्दार ने नशा मुक्ति दीप जलाकर शैक्षणिक क्रांति का आगाज किया। प्राचार्य पुनीत किशोर रजक ने बच्चों को शिक्षा तथा नैतिकता के बूते भ्रष्टाचार, अपराध एवं नशामुक्त विकसित बिहार बनाने का संकल्प दिलाया। छात्रों ने नाटक 'नशा छोड़ें परिवार जोड़ें' का मंचन किया। मंच संचालन कर रहे अनिल रश्मि ने बिहार की सभ्यता एवं संस्कृति की हिफाजत करने में अपनी भूमिका सुनिश्चित करने का आह्वान किया। डॉ. शीला कुमारी, देव मुनि प्रसाद, दिनेश कुमार ¨सह, शशिकांत, डॉ. मुजाहिद हुसैन समेत अन्य ने बच्चों के साथ मिलकर बिहार राज्य गीत गाया।

- चम्पारण को निकले पदयात्रियों ने सिटी में पड़ाव डाला

चम्पारण सत्याग्रह की 100वीं वर्षगांठ पर गांधी संग्रहालय से निकली 11 सदस्यीय पद यात्रा का पहला पड़ाव माखनपुर ईदगाह के समीप हुआ। यहां तक पहुंचने के मार्ग में कुम्हरार, मध्य विद्यालय मिर्दाहाटोली, गायघाट व अन्य जगहों पर लोगों ने इन सदस्यों का पुरजोर इस्तकबाल किया। यहां इनके ठहरने की व्यवस्था की गई थी। सुबह में पदयात्री अपनी मंजिल को निकल पड़ेंगे। पार्षद गुलफिशा जबी, राम नाथ चौधरी, विनोद कुमार, प्रमोद गुप्ता, सीता सिन्हा, प्रदीप मेहता, संजय कुमार, निहारिका देवी, पंकज कुमार, राजेश कुमार पांडेय, संजय कुमार समेत अन्य ने इन सदस्यों का स्वागत किया।

-बच्चों को बांटी पठन-पाठन सामग्री

आलमगंज खाजेकलां प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुजीत कुमार कसेरा के नेतृत्व में सदस्यों ने नजमी लेन स्थित मदरसा गुलशने इब्राहीम के बच्चों के बीच पठन-पाठन सामग्री बांट बिहार दिवस मनाया। वहीं बिहार हितैषी पुस्तकालय में आयोजित विचार गोष्ठी में डॉ. दिनेश कुमार, डॉ. सैयद इब्राहीम, विवेक कुमार सिन्हा, जयकृष्ण प्रसाद चंद्रवंशी, चंदेश्वर प्रसाद, जयप्रकाश मेहता समेत अन्य ने युवा पीढि़यों को शिक्षा और परिश्रम के बूते आगे बढ़ने तथा बिहार की सभ्यता एवं संस्कृति की हिफाजत करने के लिए प्रेरित किया। राजकीय मध्य विद्यालय महाराजघाट में प्रधानाध्यापक राम उदय शर्मा के नेतृत्व में बिहार दिवस मनाया गया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। शिक्षक भी मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी