रघुवंश प्रसाद सिंह का बड़ा बयान: RJD को CM नीतीश से परहेज नहीं, PM मोदी को ले कही ये बात

बिहार के राजनीतिक गलियारे में रविवार को सरगर्मी बढ़ गयी। मामला जेडीयू नेता नरेंद्र सिंह के आरजेडी के राष्‍ट्रीय उपाध्‍यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह से मिलने पहुंचने का है।

By Rajesh ThakurEdited By: Publish:Sun, 23 Jun 2019 04:33 PM (IST) Updated:Mon, 24 Jun 2019 10:15 PM (IST)
रघुवंश प्रसाद सिंह का बड़ा बयान: RJD को CM नीतीश से परहेज नहीं, PM मोदी को ले कही ये बात
रघुवंश प्रसाद सिंह का बड़ा बयान: RJD को CM नीतीश से परहेज नहीं, PM मोदी को ले कही ये बात
पटना [जागरण टीम]। राष्‍ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह व उनकी पार्टी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से कोई परहेज नहीं है। उन्‍होंने कहा है कि धर्मनिरपेक्ष दलों को एकजुट होकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) से मुकाबला करना चाहिए। रघुवंश प्रसाद सिंह ने यह बात जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) नेता
नेता नरेंद्र सिंह से मुलाकात के बाद कही। नरेंद्र सिंह रविवार को रघुवंश प्रसाद सिंह से मिलने उनके आवास पर गए थे।
बिहार में एक्‍यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्राेम (एईएस) से बच्चों की मौत पर रघुवंश प्रसाद सिंह ने केंद्र व राज्‍य सरकारों को घेरा। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव के दौरान वोट मांगने आए, किंतु बच्चों की मौत पर आने की जरूरत नहीं समझ रहे हैं। हां, रांची में अनुलोम-विलोम जरूर कर रहे हैं।
रघुवंश को नीतीश से परहेज नहीं
बिहार के राजनीतिक गलियारे में उस समय सरगर्मी बढ़ गयी, जब जेडीयू नेता नरेंद्र सिंह अचानक आरजेडी के राष्‍ट्रीय उपाध्‍यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह के पटना स्थित आवास पर मिलने पहुंच गए। मीडिया में बात आने पर रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा कि यह मुलाकात राजनीतिक नहीं थी। उन्होंने इन अटकलों को भी खारिज कर दिया कि वे जेडीयू में शामिल होंगे। हालांकि, उन्‍होंने एक बार फिर कहा कि नीतीश कुमार से उन्‍हें कोई परहेज नहीं है। गैर बीजेपी दलों का वे हमेशा स्वागत करते हैं।
लोकसभा चुनाव से पहले भी रघुवंश का रुख नीतीश कुमार के प्रति नरम रहा है। कई बार खुले तौर पर उन्होंने नीतीश को महागठबंधन में आमंत्रित भी किया है। रघुवंश ने कहा कि राजनीति में कोई स्थायी दोस्त या दुश्मन नहीं होता है। जरूरत और हालात के हिसाब से लोग इधर-उधर होते रहते हैं। नीतीश अगर बीजेपी का साथ छोड़कर महागठबंधन में आते हैं तो उनका स्वागत है।
बातचीत का ब्योरा देने से इनकार
नरेंद्र सिंह से बातचीत का ब्योरा देने से रघुवंश ने इनकार किया और कहा कि दोनों के बीच पारिवारिक और सामाजिक बातें हुई हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि राजनीतिक लोग जब मिलते हैं तो बात राजनीति पर भी होती है। उन दोनों के बीच भी हुई है। नरेंद्र सिंह ने भी कहा कि उनकी व्यक्तिगत बात-मुलाकात हुई है। इसका राजनीति से वास्ता नहीं है।
एईएस से मौत पर मोदी-नीतीश पर हमला
मुजफ्फरपुर में एक्‍यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्राेम (एईएस) से बच्चों की मौत पर रघुवंश ने राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सालों से बच्चों की मौत का सिलसिला चल रहा है। फिर भी पता नहीं चल रहा है कि रोग क्या है। कैसे मौत हो रही है। अब बच्चों की मौत की संख्या करीब दो सौ पहुंच गई है तो दौड़ा-दौड़ी हो रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के देर से मुजफ्फरपुर जाने पर भी रघुवंश ने सवाल उठाया। कहा कि 17 दिन बाद जाने से क्या हुआ। बेड बढ़ा? डॉक्टर बढ़े कि सुविधाएं बढ़ गईं? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभी तक नहीं जाने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि चुनाव के दौरान वोट मांगने आए थे। किंतु अब बच्चे मर रहे हैं तो आने की जरूरत नहीं समझ रहे हैं। रांची में अनुलोम-विलोम कर रहे हैं, किंतु बच्चों की सुध नहीं ले रहे हैं।
तेजस्वी को ले भी कही ये बात
तेजस्वी यादव के गायब रहने के मुद्दे पर भी रघुवंश चुप नहीं रहे। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम मुद्दा उठाना है। सत्ता पक्ष का काम व्यवस्था करना है। विधानसभा सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष आएंगे। सदन में सवाल उठाएंगे। अभी आरजेडी के विधायक और नेता दौरे कर रहे हैं।
रघुवंश से मुलाकात पर नरेंद्र सिंह ने दी सफाई
रविवार की मुलाकात पर जेडीयू नेता व पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह ने भी अपनी बात रखी। उन्‍होंने रघुवंश सिंह से हुई मुलाकात को व्यक्तिगत बताया। यह भी कहा कि राजनीति में संभावनाओं के सारे दरवाजे खुले होते हैं। इसमें न तो कोई स्थायी दोस्त होता है और न ही कोई स्थायी दुश्मन।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी