राजगीर महोत्सव का CM नीतीश ने किया उदघाटन, बोले- शराब पीने बिहार नहीं आते पर्यटक

सोमवार की शाम मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने राजगीर महोत्‍सव का उद्घाटन किया। महोत्‍सव में ग्राम श्री मेला खेलकूद प्रतियोगिता व सांस्‍कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

By Amit AlokEdited By: Publish:Mon, 25 Nov 2019 06:32 PM (IST) Updated:Mon, 25 Nov 2019 10:59 PM (IST)
राजगीर महोत्सव का CM नीतीश ने किया उदघाटन, बोले- शराब पीने बिहार नहीं आते पर्यटक
राजगीर महोत्सव का CM नीतीश ने किया उदघाटन, बोले- शराब पीने बिहार नहीं आते पर्यटक

नालंदा [जेएनएन]। बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने सोमवार की शाम राजगीर महोत्सव (Rajgir Mahotsav) का उदघाटन किया। राजगीर के अंतरराष्‍ट्रीय कन्वेंशन सेंटर के मुख्य सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन विभाग के मंत्री कृष्ण कुमार ऋषि ने की। उदघाटन समारोह के बाद महोत्सव के सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण बॉलीवुड के प्रसिद्ध पार्श्‍व गायक पंकज उदास रहे।

सीएम बोले: राज्‍य में पीने नहीं आते पर्यटक

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को राजगीर महोत्सव के उद्घाटन के मौके पर कहा कि राज्य में लागू पूर्ण शराबबंदी को लेकर कुप्रचार किया जाता रहा है। लोगों ने कहा था कि शराबबंदी की तो पर्यटक राज्य में नहीं आएंगे, लेकिन स्थिति इसके बिल्कुल उलट है। आंकड़े इस बात की मुनादी कर रहे हैं कि बिहार में यहां के धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व को देखने-समझने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ी है। बिहार में कोई पर्यटक आता है तो उसका विशेष मकसद होता है। यहां शराब पीने के मकसद से कोई नहीं आता है।

उन्‍होंने सवाल किया कि राजगीर में मलमास मेले के दौरान 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास होता है, लोग यहां उनकी पूजा करने आते हैं या शराब पीने? बौद्ध धर्मावलंबी बुद्ध से जुड़े स्थलों पर नमन करने आते हैं या शराब पीने? गया में लोग पितरों का तर्पण करने आते हैं या शराब पीने?

बचाकर रखें पर्यावरण और भूजल स्तर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजगीर की प्राचीनता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि यहां कि पंच पहाडिय़ां दो से 10 करोड़ साल पुरानी हैं। हिमालय तो बस 50 लाख साल पुराना है। यहां के पर्यावरण और भूजल स्तर को बचाकर रखना है। खेत में पुआल नहीं जलाएं। जमीन के नीचे के जल का दुरुपयोग न करें। घर-घर बिजली पहुंचा दी गई है, इसका भी दुरुपयोग न करें।

जल और हरियाली से ही बचेगा जीवन

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजगीर, नवादा और गया में गंगा का पानी लाया जाएगा। बरसात के चार माह गंगा से पानी लाकर यहां स्टोर किया जाएगा। इससे लोगों की जरूरतें पूरी होंगी। जल-जीवन-हरियाली अभियान पर नीतीश कुमार ने कहा कि जल और हरियाली नहीं रहेगी तो जीवन भी नहीं बचेगा। सरकार इस पर गंभीरता से काम कर रही है।

480 एकड़ में बन रहा जू सफारी

मुख्यमंत्री ने बताया कि 480 एकड़ में राजगीर जू सफारी बनाया जा रहा है। अगले साल अगस्त तक इसका काम पूरा हो जाएगा। इसके बाद ग्रीन सफारी भी बन रहा है। इससे पर्यटकों की आमद में काफी इजाफा होगा। नालंदा विवि के काम पर संतोष जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां आइटी सिटी के लिए भी जगह छोड़ रखी गई है। परिसर में वल्र्ड रिजोल्यूशन सेंटर बन रहा है। यहां विश्वभर के देशों के झगड़ों का निपटारा होगा।

गुरु नानक के 550वें प्रकाश पर्व में आएंगे सिख श्रद्धालु

मुख्यमंत्री ने 27 से 29 दिसंबर तक राजगीर में होने वाले गुरु नानक के 550वें प्रकाश पर्व का जिक्र किया। इस मौके पर देश-विदेश से सिख श्रद्धालु आएंगे। उन्होंने स्थानीय लोगों से आग्रह किया कि अतिथियों का स्वागत गर्मजोशी से करें। यहां शीतल कुंड परिसर में गुरुद्वारा बन गया तो सिख श्रद्धालु सालों भर आएंगे।

ग्राम श्री मेला व खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन

मुख्‍यमंत्री द्वारा उद्घाटन के बाद महोत्‍सव का औपचारिक आरंभ हो गया। महोत्‍सव का बड़ा आकर्षण ग्राम श्री मेला है। इसमें विभिन्न विभागों के पंडाल लगाए गए हैं। हर साल की तरह इस बार भी जवाहर नवोदय विद्यालय खेल मैदान में विभिन्न खेल कूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है। इनमें जिले भर के सभी सरकारी व गैरसरकारी स्कूलों के खिलाड़ी भाग लेंगे। क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन जिला मुख्यालय बिहारशरीफ स्थित सोगरा कॉलेज परिसर में किया गया है।

दंगल चार जोड़ी महिला पहलवानों के बीच मुकाबला

26 से 27 नबंवर को आयोजित दो दिवसीय दंगल प्रतियोगिता के इस बार 50 जोड़ी पुरुष पहलवान शामिल होंगे। इसके लिए मलमास मेला परिसर में अखाड़ा का निर्माण किया जा रहा है।  वहीं लखनऊ व हरियाणा के चार जोड़ी महिला पहलवान भी आपस में जोर आजमाइश करती दिखेंगी।

chat bot
आपका साथी