पूर्वी चंपारण में शादी के घर में लगी आग से फटा सिलेंडर, 4.5 लाख की संपत्ति जलकर राख

चिरैया प्रखंड के खड़तरी पश्चिमी पंचायत के लालबेगिया गांव के कुम्हार टोली गांव में हुई घटना। आज आनी आएगी लड़की की बरात। सीओ ने किया क्षति का आकलन।

By Ajit KumarEdited By: Publish:Wed, 01 May 2019 11:26 AM (IST) Updated:Wed, 01 May 2019 11:26 AM (IST)
पूर्वी चंपारण में शादी के घर में लगी आग से फटा सिलेंडर, 4.5 लाख की संपत्ति जलकर राख
पूर्वी चंपारण में शादी के घर में लगी आग से फटा सिलेंडर, 4.5 लाख की संपत्ति जलकर राख

पूर्वी चंपारण, जेएनएन। पूर्वी चंपारण में शादी के घर में आग लगने के बाद सिलेंडर विस्फोट कर गया। हालांकि इससे कोई हताहत नहीं हुआ लेकिन घर में शादी के लिए रखा लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। घर में बुधवार को बरात आने की खुशी थी लेकिन आग लगने के बाद सिलेंडर विस्फोट से लाखों की संपत्ति जल जाने से परिवार वालों के चेहरे पर उदासी छा गई।

लड़की की शादी के लिए रखा गया आभूषण, कपड़ा, खाद्यान्न सहित अन्य सभी संपत्ति जलकर खाक हो गया। पीडि़त परिवार वालों के अनुसार करीब 4.5 लाख की संपत्ति जल गई। घटना पूर्वी चंपारण के चिरैया प्रखंड अंतर्गत खड़तरी पश्चिमी पंचायत के लालबेगिया गांव के कुम्हार टोली में मंगलवार की रात रामरूप पंडित पिता स्व. शिवपूजन पंडित के घर में हुई। आग घूर के कारण लगना बताया गया है। 
इसके बाद घर में रखे सिलेंडर में आग लग गया और वह विस्फोट कर गया। आग बुझाने के क्रम में कई ग्रामीण झुलस गए। आग बुझाने के क्रम में ग्रामीण मदन सहनी का पैर टूट गया। बता दें की स्व. शिवपूजन पंडित की पुत्री मीरा कुमारी की बरात बुधवार को आनी है। मंगलवार की रात पूजा मटकोर हुआ। जानकारी के अनुसार, रात करीब एक बजे के बीच घर में आग पकड़ा। इसे अकौना गांव के डॉ. चंदन कुमार व लालबेगिया गांव के केदार सहनी देखकर चिल्लाने लगे। इसके बाद उस घर के लोगों की नींद टूटी और सभी घर से बाहर निकल गए। तब तक आग घर को पूरी तरह से अपने चपेट में ले लिया।

   ग्रामीणों की तरफ से आग बुझाने की पूरी कोशिश की गई। लेकिन इसमें सफल नहीं हो सके। इसी बीच शादी में खाना बनाने के लिए रखे गए सिलेंडर में भी आग पकड़ लिया और देखते हीं देखते वह ब्लास्ट कर गया। इसके बाद आग ने भयावह रूप ले लिया। ग्रामीणों ने तत्क्षण इसकी सूचना चिरैया थाना को दी जिसके बाद अग्निशमन दल पहुंचा। इस पर काबू पाने के लिए एक और अग्निशमन दल को बुलाना पड़ा तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान बड़ी घटना होने से बच गई।

   घटना की सूचना पर बुधवार की सुबह सीओ सचिंद्र कुमार व राजस्व कर्मचारी प्रेमकिशोर सिंह ने घटना की पूरी जानकारी ली व क्षति का आकलन किया। शिवपूजन पंडित की पत्नी शिवमंगली देवी व पुत्र रामरूप पंडित ने 4.5 लाख की क्षति होने की बात बताई है। ढाका के पूर्व विधायक पवन जायसवाल ने पीड़ित परिवार को पांच हजार की सहयोग राशि दी है। ग्रामीणों ने कहा कि अग्निपीड़ित परिवार की पुत्री की शादी आज ही पूरे धूमधाम से की जाएगी। 

chat bot
आपका साथी