मुजफ्फरपुर के बाबा गरीबनाथ मंदिर में भगदड़

By Edited By: Publish:Mon, 28 Jul 2014 08:26 PM (IST) Updated:Mon, 28 Jul 2014 08:26 PM (IST)
मुजफ्फरपुर के बाबा गरीबनाथ मंदिर में भगदड़

मुजफ्फरपुर : बाबा गरीबनाथ मंदिर में जलाभिषेक को उमड़ी कांवरियों की अप्रत्याशित भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई। मिरचाई मंडी व पंकज मार्केट के पास सोमवार अलसुबह करीब सवा तीन बजे अफरातफरी मचने से भगदड़ हुई। करीब दो घंटे तक अफरातफरी का आलम रहा। लाखों कांवरियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हवा में लाठियां भांजनी पड़ीं। सेवा दल के सदस्यों को गमछी चलानी पड़ी। एक दर्जन से अधिक श्रद्धालु चोटिल हो गए। भगदड़ की सूचना मिलते ही एएसपी ऑपरेशन राणा ब्रजेश, एएसपी राजीव रंजन दल-बल के साथ पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए। कुछ ही देर बाद एसएसपी जितेन्द्र राणा ने आकर खुद मोर्चा संभाला। तब जाकर स्थिति पूरी तरह से नियंत्रित हुई। डीएम अनुपम कुमार स्वयं मंदिर के पास डटे रहे। इस बार रिकॉर्ड पांच लाख से अधिक भक्तों के जलाभिषेक के लिए आने से स्थिति बेकाबू हुई।

आठ किमी की परिधि में लगी कतार

तीसरी सोमवारी पर बाबा गरीबनाथ पर जलाभिषेक को शाम होते ही श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर के पास कतार में लगने लगी थी। रात्रि दस बजे तक करीब तीस-चालीस हजार से अधिक लोग कतार में लग चुके थे। रात्रि तीन बजे तक ठीक रहा। इस दौरान कई बार अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हुई। मगर, प्रशासनिक चौकसी से स्थिति तुरंत नियंत्रित हो जाती। इस दौरान श्रद्धालुओं की कतार मंदिर के आठ किमी की परिधि में लग गई। मंदिर से लेकर सरैयागंज टावर, अखाड़ाघाट होते हुए जीरो माइल तक, सरैयागंज टावर से कलेक्ट्रेट परिसर से आगे और महिलाओं की कतार एमएसकेबी तक पहुंच चुकी थी।

chat bot
आपका साथी