बांका के अमरपुर में देर रात बहियार में महिला की हत्या, नशे की हालत में एक गिरफ्तार

महिला का शव झोझी बहियार में नारायण चौधरी के धान के खेत से बरामद किया गया है। पुलिस ने त्वरित कारवाई करते हुए हत्यारोपित लछु तांती को नशे की हालत में उसके घर से गिरफ्तार भी कर लिया है।

By Dilip ShuklaEdited By: Publish:Tue, 13 Oct 2020 11:57 PM (IST) Updated:Tue, 13 Oct 2020 11:57 PM (IST)
बांका के अमरपुर में देर रात बहियार में महिला की हत्या, नशे की हालत में एक गिरफ्तार
अमरपुर थाना क्षेत्र के महादेवपुर गांव पूरब झोझी बहियार में महिला की मंगलवार की देर रात हत्या कर दी गई।

बांका, जेएनएन। अमरपुर थाना क्षेत्र के महादेवपुर गांव पूरब झोझी बहियार में महिला की मंगलवार की देर रात कचिया से गला रेतकर हत्या कर दी गई है। मृतक महिला लखन तांती की पत्नी यशोदा देवी (40वर्ष) है। घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है।

पुलिस ने बताया कि महिला का शव झोझी बहियार में नारायण चौधरी के धान के खेत से बरामद किया गया है। पुलिस ने त्वरित कारवाई करते हुए हत्यारोपित लछु तांती को नशे की हालत में उसके घर से गिरफ्तार भी कर लिया है। महिला के पति लखन तांती ने बताया शाम के करीब चार बजे आरोपित लछु तांती उसके घर आया और उसकी पत्नी को धान के खेत में घास काटने के बहाने बुलाकर ले गया था। जब देर शाम तक वह वापस घर नहीं लौटी तो गांव में खोजबीन करने लगे।

यशोदा देवी का कहीं भी पता नहीं चला तो लछु तांती को पूछने के लिए उसके घर गए। उसने कुछ भी बताने से इन्कार कर दिया, जिससे स्वजन को आशंका हुई। जिसपर गांव के कई लोगों ने बताया कि दोनों को देर शाम बहियार में देखा गया है। ग्रामीण की सूचना पर स्वजन झोझी बहियार खोजने गये तो नारायण चौधरी के खेत में महिला का शव पड़ा मिला। महिला का गला, हाथ एवं शरीर के कई जगहों पर गहरे जख्म के निशान थे। ग्रामीणों की मानें तो महिला के साथ गलत भी किया गया है। पुलिस ने बताया कि हत्या की गुत्थी सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी