Coronavirus Bhagalpur Update : JLNMCH में 15 कोरोना संक्रमित मरीज किए गए भर्ती

Coronavirus Bhagalpur News Update जिले में कुल 124 लोग कोरोना संक्रमण के शिकार हो चुके हैं। अब तक 58 लोगों को डिस्चार्ज किया जा चुका है।

By Dilip ShuklaEdited By: Publish:Fri, 29 May 2020 09:58 AM (IST) Updated:Fri, 29 May 2020 03:47 PM (IST)
Coronavirus Bhagalpur Update : JLNMCH में 15 कोरोना संक्रमित मरीज किए गए भर्ती
Coronavirus Bhagalpur Update : JLNMCH में 15 कोरोना संक्रमित मरीज किए गए भर्ती

भागलपुर, जेएनएन। Coronavirus Bhagalpur News Update : मायागंज अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में 15 कोरोना संक्रमित मरीजों को भर्ती किया गया। डॉ. राजकमल चौधरी की यूनिट में मरीज भर्ती है। इनमें एक बांका और 14 मरीज भागलपुर जिले के हैं। आइसोलेशन वार्ड में कुल 68 मरीजों का इलाज किया जा रहा है।

चाचा-भतीजा को मिली छुट्टी

आइसोलेशन विभाग में दो संक्रमित मरीजों के स्वस्थ होने पर छुट्टी दे दी गई। दानों कहलगांव के हैं और चाचा-भतीजा हैं। दोनों मुंबई में कमाने गए थे। साथ भागलपुर आए। जांच में कोरोना संक्रमित मिले। स्वस्थ होने पर छुट्टी दी गई।

168 लोगों की हुई स्क्रीनिंग

सदर अस्पताल में 168 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। सभी कोलकाता, लुधियाना और दिल्ली से आए थे। क्वारंटाइन सेंटर में 40 लोगों को भर्ती किया गया। वहीं, सौ लोगों को घर में रहने की सलाह दी गई।

सबसे अधिक खरीक में कोरोना के सात नए मामले आए सामने

जिले में कोरोना से 13 नए मामले सामने आए हैं। सभी प्रवासी हैं। सबसे ज्यादा सात लोग खरीक के हैं। इसके अलावा शाहकुंड में तीन, सुलतानगंज में एक, नाथनगर में एक और सबौर एक पॉजिटिव हैं। इन मरीजों की उम्र 25 से लेकर 61 वर्ष तक है। हालांकि, अधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

मेडिसीन विभाग में भी कोरोना मरीजों को भर्ती

अब जेएलएनएमसीएच के इंडोर मेडिसीन विभाग में भी कोरोना मरीजों को भर्ती किया जाएगा। इसके लिए विभाग में नए बेड लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही ऑक्सीजन प्वाइंट को भी दुरुस्त किया जा रहा है। अभी कोरोना संक्रमितों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया जा रहा है। अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरसी मंडल ने बताया कि मरीजों की बढ़ती संख्या को लेकर यह निर्णय लिया गया है। मेडिसीन विभाग को एक माह पहले ही मरीजों से खाली करवा दिया गया है।

शंकरपुर चवनिया का युवक कोरोना पॉजिटिव

शंकरपुर चवनिया निवासी 30 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। अल्पसंख्यक बालक छात्रवास में उसका सैंपल 23 मई को लिया गया था। रिपोर्ट में वह पॉजिटिव पाया गया है। उसे जेएलएनएमसीएच के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया। वह किशनपुर के पॉजिटिव युवक के साथ मुंबई में रहता था।

कोरोना  संक्रमित के संपर्क में आए 18 लोगों को जांच के लिए भेजा

शाहकुंड प्रखंड के तीन क्वारंटाइन सेंटर से पांच कोरोना संक्रमित मिलने के बाद उनके संपर्क में आए 18 प्रवासी मजदूरों को जांच हेतु भागलपुर भेजा गया है। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ जयप्रकाश सिंह ने बताया कि 18 प्रवासी मजदूरों में प्रोजेक्ट इंटर कन्या विद्यालय, मध्य विद्यालय रामपुरडीह एवं पंचायत सरकार भवन भुलनी क्वारंटाइन सेंटर के प्रवासी मजदूर हैं।

chat bot
आपका साथी