बर्फ से ढकी वादियों में बिताने हैं सुकून भरे पल? IRCTC लाया शिमला-मनाली का शानदार Winter Tour
अगर आप सर्दियों की छुट्टियों में बर्फ से ढके पहाड़ों और खूबसूरत वादियों का लुत्फ उठाना चाहते हैं, तो यह टूर पैकेज खास आपके लिए ही है।

सर्दियों की छुट्टियों को बनाएं बेहद खास (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। अगर आप सर्दियों की छुट्टियों में बर्फ से ढके पहाड़ों और खूबसूरत नजारों के बीच समय बिताने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो आपके लिए एक बेहतरीन मौका है।
इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) ने टूरिस्ट्स के लिए एक खास हवाई टूर पैकेज पेश किया है, जिसका नाम 'SMA72 शिमला मनाली विंटर स्पेशल एक्स. चेन्नई' है। यह ट्रिप चेन्नई से शुरू होगी और इसमें आपको चंडीगढ़, शिमला और मनाली की हसीन वादियों की सैर कराई जाएगी।

(Image Source: AI-Generated)
सफर से जुड़ी खास बातें
- यह एक फ्लाइट पैकेज है, यानी आपकी यात्रा चेन्नई से चंडीगढ़ तक हवाई जहाज के जरिए होगी।
- यह पूरी ट्रिप 7 रात और 8 दिन की होगी, जिसकी शुरुआत 26 नवंबर 2026 को होगी और 3 दिसंबर 2026 को यह यात्रा खत्म होगी।
- सबसे खास बात यह है कि इस पैकेज में सिर्फ 21 सीटें ही मौजूद हैं, इसलिए बुकिंग के लिए आपको जल्दी करनी होगी।
- इस सफर का एक प्रमुख आकर्षण यूनेस्को विश्व धरोहर में शामिल 'कालका-शिमला टॉय ट्रेन' भी है। यह ट्रेन 103 सुरंगों और 800 से अधिक पुलों से होकर गुजरती है, जो अपने आप में एक अलग रोमांच है।
इन शानदार जगहों पर घूमने का मिलेगा मौका
इस ट्रिप में पर्यटकों को तीन प्रमुख शहरों की सबसे खूबसूरत और मशहूर जगहों पर ले जाया जाएगा:
- चंडीगढ़: सफर के पहले और सातवें दिन आपको चंडीगढ़ घुमाया जाएगा। यहां आप सुखना लेक, रॉक गार्डन, रोज गार्डन, एलांते मॉल, सेक्टर 17 प्लाजा, आर्ट म्यूजियम और मनसा देवी मंदिर देख सकेंगे।
- शिमला: पहाड़ों की रानी शिमला में आप मशहूर माल रोड पर अपनी मर्जी से समय बिता सकेंगे। इसके साथ ही आपको काली बाड़ी मंदिर, जाखू (संकट मोचन) मंदिर, कुफरी, ग्रीन वैली, फन वर्ल्ड और हिमालयन नेचुरल पार्क की सैर कराई जाएगी।
- मनाली और कुल्लू: रास्ते में सुंदर नगर लेक, पंडोह डैम, वैष्णो देवी मंदिर और कुल्लू की शॉल फैक्ट्री देखने का मौका मिलेगा। मनाली पहुंचने के बाद हिडिम्बा देवी मंदिर, मनु मंदिर, वन विहार, क्लब हाउस, बौद्ध मठ और तिब्बती मार्केट भी घुमाया जाएगा। अगर स्थानीय प्रशासन से इजाजत मिल जाती है, तो पर्यटकों को अटल टनल और सोलंग वैली भी ले जाया जाएगा।
पैकेज में क्या-क्या मिलेंगी सुविधाएं?
- चेन्नई से चंडीगढ़ आने और जाने की फ्लाइट टिकट इसी पैकेज का हिस्सा है।
- होटलों में रुकने की पूरी व्यवस्था होगी, जिसमें 2 रात शिमला, 3 रात मनाली और 2 रात चंडीगढ़ का स्टे शामिल है।
- सभी जगहों पर घूमने के लिए आरामदायक एसी टेम्पो ट्रैवलर की सुविधा दी जाएगी।
- पूरे ट्रिप के दौरान 7 दिन का ब्रेकफास्ट और डिनर आईआरसीटीसी की तरफ से मिलेगा।
- सुरक्षा के लिए सभी यात्रियों का ट्रैवल इंश्योरेंस भी शामिल है।
ट्रिप में कितना आएगा खर्च?
- अगर आप इस ट्रिप पर अकेले जाने का प्लान बनाते हैं, तो आपको 73,500 रुपये खर्च करने होंगे।
- दो लोगों के एक साथ रुकने पर यह किराया 54,800 रुपये प्रति व्यक्ति है।
- वहीं, अगर तीन लोग एक साथ रुकते हैं, तो यह खर्च 52,000 रुपये प्रति व्यक्ति हो जाएगा।
- इसके अलावा, 5 से 11 साल तक के बच्चों के लिए बेड के साथ 44,600 रुपये और बिना बेड के 39,600 रुपये का टिकट तय किया गया है।
यह भी पढ़ें- पोर्ट ब्लेयर, हैवलॉक और नील आइलैंड... IRCTC लाया दिल्ली से अंडमान का 6 दिन वाला 'फुल पैसा वसूल' टूर पैकेज