नवंबर में जयपुर घूमने का है प्लान? 3 दिन की इस 'परफेक्ट ट्रैवल गाइड' से ट्रिप को बनाएं यादगार
नवंबर का महीना जयपुर घूमने के लिए सबसे अच्छा होता है, जब मौसम सुहाना रहता है।
-1794383770041_m.webp)
जयपुर घूमने का परफेक्ट ट्रैवल प्लान (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। नवंबर का महीना जयपुर घूमने के लिए सबसे बेस्ट होता है। ये मौसम काफी सुहाना होता है और सर्दी की हल्की शुरुआत हो चुकी होती है। इसलिए इस मौसम में जयपुर घूमने का मजा ही कुछ और होता है।
इस मौसम में आप बिना गर्मी से परेशान हुए आराम से पिंक सिटी के ऐतिहासिक किलों और बाजारों को एक्सप्लोर कर सकते हैं। अगर आप भी नवंबर में जयपुर घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो आइए जानें इसकी ट्रैवल गाइड।
जयपुर की मशहूर जगहें
- आमेर किला- अरावली की पहाड़ी पर स्थित आमेर किला अपनी शानदार वास्तुकला, नक्काशीदार दरवाजों और शीश महल के लिए मशहूर है। शाम के समय यहां लाइट एंड साउंड शो भी आयोजित होता है, जिसे आपको जरूर देखना चाहिए।
- हवा महल- सैंकड़ों खूबसूरत जालीदार खिड़कियों वाली ये इमारत जयपुर की पहचान है। जयपुर आकर अगर आपने हवा महल नहीं देखा, तो समझिए आपकी ट्रिप अधूरी ही रह गई है।
- सिटी पैलेस- सिटी पैलेस जयपुर की रॉयलटी का प्रतीक माना जाता है। यहां आप राजस्थानी और मुगल वास्तुकला का मेल देख सकते हैं। सबसे अच्छी बात है कि ये जयपुर रेलवे स्टेशन से सिर्फ 4 किलोमीटर दूर है।
- जंतर-मंतर- सिटी पैलेस के पास ही जंतर-मंतर स्थित है। इसे जयपुर के महाराज ने बनवाया था और ये खगोलीय विज्ञान का अनोखा नमूना है।
- नाहरगढ़ किला- शहर का पैनोरामिक व्यू और सनसेट देखने के लिए नाहरगढ़ किला सबसे बेहतरीन जगह है।
- जल महल और अल्बर्ट हॉल- मानसागर झील के बीचों-बीच स्थित जल महल और रात में रोशनी से जगमगाता अल्बर्ट हॉल म्यूजियम भी आपकी जयपुर की ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल होना चाहिए।
क्या खाएं और कहां खरीदारी करें?
जयपुर में राजस्थान के पारंपरिक स्वाद का आनंद ले सकते हैं। दाल-बाटी-चूरमा, प्याज की कचौड़ी और मिठाई में घेवर व मावा कचौड़ी का स्वाद जरूर लें। शाम को चोखी ढाणी जाकर पारंपरिक राजस्थानी खाने के साथ घूमर और लोक संगीत का आनंद ले सकते हैं।
शॉपिंग के लिए जयपुर का जौहारी बाजार सबसे बेस्ट है। यहां आपको हस्तशिल्प, बंधेज साड़ियां, ब्लॉक प्रिंट के कपड़े और लाख की चूड़ियां मिलेंगी। जयपुर को अच्छी तरह घूमने के लिए तीन दिन की ट्रिप की काफी है। जगहों को 3 दिनों के हिसाब से बांट लें और इस खूबसूरत मौसम में पिंक सिटी की खूबसूरती का आनंद लें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।