ट्रेन में ऑनलाइन खाना मंगाते हैं, तो इन 14 फूड वेबसाइट्स से बचें! IRCTC ने बताया फर्जी
IRCTC ने ट्रेन यात्रियों को 14 फर्जी फूड डिलीवरी वेबसाइट्स से खाना ऑर्डर न करने की चेतावनी दी है।

कहीं आप भी इन 14 वेबसाइट्स से तो नहीं मंगा रहे ट्रेन में खाना? (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। ट्रेन का सफर हो और अपनी सीट पर बैठे-बैठे मनपसंद खाना मिल जाए, तो सफर का मजा दोगुना हो जाता है। आजकल ज्यादातर यात्री अपने मोबाइल से ही खाना ऑर्डर करना पसंद करते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक गलत क्लिक आपको बीमार कर सकता है या आपके बैंक खाते को खाली कर सकता है?
रेलवे की संस्था IRCTC ने ट्रेन यात्रियों के लिए एक बड़ा अलर्ट जारी किया है। उन्होंने 14 ऐसी फर्जी और अनऑथराइज्ड फूड डिलीवरी वेबसाइट्स की लिस्ट शेयर की है, जिनसे खाना मंगाना आपके लिए भारी पड़ सकता है।
बिना लाइसेंस वाले ढाबों से आता है खाना
IRCTC का कहना है कि ये फर्जी प्लेटफॉर्म अक्सर ऐसे रेस्टोरेंट्स से खाना पैक कराते हैं जिनके पास न तो कोई वैध फूड लाइसेंस होता है और न ही वे FSSAI के नियमों को मानते हैं। इन जगहों पर साफ-सफाई का कोई अता-पता नहीं होता। खाना बनाने और डिलीवरी करने वाले स्टाफ की मेडिकल जांच भी नहीं की जाती। जाहिर है, ऐसी जगहों से आया खाना आपकी सेहत को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है।
डेटा चोरी और पैसों के नुकसान का जाल
खतरा सिर्फ खराब खाने तक सीमित नहीं है। जब आप इन गैर-आधिकारिक साइट्स पर पेमेंट करते हैं, तो आप अपना PNR नंबर, ईमेल और बैंक से जुड़ी संवेदनशील जानकारी वहां डाल देते हैं। IRCTC ने चेतावनी दी है कि ऐसी वेबसाइट्स से आपका डेटा लीक हो सकता है और आप साइबर ठगी का शिकार हो सकते हैं।
इसके अलावा, यात्रियों की यह भी शिकायत रहती है कि इन साइट्स पर पैसे कट जाने के बाद भी खाना समय पर नहीं पहुंचता या अचानक ऑर्डर कैंसल कर दिया जाता है। जब यात्री अपना रिफंड मांगते हैं, तो कोई कस्टमर सपोर्ट नहीं मिलता और पैसे हमेशा के लिए डूब जाते हैं।
इन 14 वेबसाइट्स से भूलकर भी न मंगाएं खाना
आईआरसीटीसी ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान लिंक पर भरोसा न करें और इन 14 वेबसाइट्स का इस्तेमाल बिल्कुल न करें:
- RAILRESTRO.COM
- RAILRESTRO.IN
- RAILMITRA.COM
- TRAVELKHANA.COM
- TRAINSCAFE.COM
- DIBRAIL.COM
- RAILFOOD.NET
- TRAVELERFOOD.COM
- FOODONTRACK.IN
- ECATERING.APP
- KHANAONLINE.IN
- TRAINWAY.IN
- RAILMEAL.COM
- TRAINMENU.COM
फिर कहां से ऑर्डर करें खाना?
अगर आप ट्रेन में सेफ और स्वादिष्ट खाना चाहते हैं, तो IRCTC ने इसके लिए कुछ भरोसेमंद तरीके भी बताए हैं:
- आधिकारिक वेबसाइट और ऐप: आप IRCTC की ई-कैटरिंग साइट (ecatering.irctc.co.in) पर जाकर अपना PNR नंबर डालकर सुरक्षित खाना बुक कर सकते हैं। इसके अलावा, स्मार्टफोन में असली 'फूड ऑन ट्रैक' (Food on Track) मोबाइल ऐप डाउनलोड करके भी ऑर्डर किया जा सकता है।
- कॉल करके मंगाएं खाना: अगर आप इंटरनेट का इस्तेमाल नहीं करना चाहते, तो सीधा IRCTC के ई-कैटरिंग हेल्पलाइन नंबर 1323 पर कॉल करें और खाना आपकी सीट पर पहुंच जाएगा।
- IRCTC के भरोसेमंद पार्टनर: रेलवे ने कुछ कंपनियों को अपना अधिकृत फूड पार्टनर बनाया है। इनमें Zomato, Swiggy, Zoop, RailYatri और RailRecipe शामिल हैं। आप इन ऐप्स के जरिए बिना किसी डर के खाना मंगा सकते हैं।
यह भी पढ़ें- ट्रेन लेट है और प्लेटफॉर्म पर आ रही है नींद? बाहर महंगा होटल मत ढूंढिए, काम आएगी रेलवे की ये सहूलियत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।