6 दिन में IRCTC करा रहा डलहौजी, धर्मशाला और अमृतसर की ट्रिप, ₹17,565 से शुरू है किराया; AC कैब-होटल भी शामिल
IRCTC ने डलहौजी, धर्मशाला और अमृतसर के लिए 6 दिन का टूर पैकेज लॉन्च किया है, जिसकी शुरुआत ₹17,565 प्रति व्यक्ति से होती है।

डलहौजी, धर्मशाला की खूबसूरत वादियों और अमृतसर के स्वर्ण मंदिर की एक झलक। (AI जनरेटेड तस्वीर)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। अगर आप रोजमर्रा की भागदौड़ से दूर पहाड़ों की ठंडी हवा और पंजाब के चटपटे स्वाद का एक साथ मजा लेना चाहते हैं, तो तैयार हो जाइए। IRCTC 6 दिन का एक ऐसा मजेदार टूर पैकेज लाया है, जो आपकी छुट्टियों को यादगार बना देगा।
सबसे अच्छी बात कि यह यह ट्रिप किसी भी दिन के लिए बुक कर सकते हैं, बस ध्यान रहे कि रोजाना के लिए सिर्फ 20 सीटें ही उपलब्ध होती हैं। आइए, जान लीजिए इससे जुड़ी सभी जरूरी डिटेल्स।
टूर का पूरा प्लान
यह सफर अमृतसर से शुरू होगा और डलहौजी-धर्मशाला की हसीन वादियों से होते हुए वापस अमृतसर में ही खत्म होगा।
पहला दिन
आपकी ट्रिप अमृतसर के एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन या बस स्टैंड से शुरू होगी। यहां से आपको सीधे एसी कैब के जरिए डलहौजी ले जाया जाएगा। फिर आप होटल पहुंचकर थोड़ा आराम करेंगे। अगर वक्त हो, तो शाम को डलहौजी के मशहूर गांधी चौक और लोकल मार्केट में टहलने का मजा ले सकते हैं, क्योंकि रात को डलहौजी में ही आपका स्टे भी रहेगा।
दूसरा दिन
सुबह के गरमा-गरम नाश्ते के बाद आपको डलहौजी की बेहतरीन जगहों पर घुमाया जाएगा। इसमें 'भारत का मिनी स्विट्जरलैंड' कहलाने वाला खज्जियार सबसे खास है। साथ ही, आप अंग्रेजों के जमाने के प्राचीन सेंट जॉन और सेंट फ्रांसिस चर्च भी देखेंगे। आज की रात भी डलहौजी के शांत माहौल में ही गुजरेगी।
तीसरा दिन
डलहौजी को अलविदा कहकर आपकी कैब धर्मशाला की ओर निकलेगी, जिसमें करीब 4 घंटे लगेंगे। रास्ते में आपको पहाड़ों की ऊंचाई पर बना विशाल 'कांगड़ा फोर्ट' देखने को मिलेगा, जहां से पूरी घाटी का शानदार नजारा दिखता है। इसके अलावा 'चिन्मय तपोवन' आश्रम के दर्शन भी कराए जाएंगे। फिर धर्मशाला पहुंचकर होटल में आराम कर सकते हैं और शाम को मैक्लोडगंज मार्केट की रौनक देखने निकल सकते हैं। यहां भी आपका रात का स्टे धर्मशाला में रहेगा।
चौथा दिन
आज का पूरा दिन धर्मशाला घूमने के नाम रहेगा। आप दलाई लामा मंदिर, नामग्याल मोनेस्ट्री और भागसूनाग मंदिर के दर्शन करेंगे। शांत डल झील, सेंट जॉन्स इन द वाइल्डरनेस चर्च और पहाड़ों के बीच बने मशहूर HPCA क्रिकेट स्टेडियम की खूबसूरती भी आपका दिल जीत लेगी। रात को आप धर्मशाला में ही रुकेंगे।
पांचवां दिन
सुबह नाश्ते के बाद धर्मशाला की वादियों से वापस अमृतसर की ओर वापसी होगी, जिसमें लगभग 5 घंटे का वक्त लगता है। अमृतसर के होटल में सामान रखने के बाद, दोपहर में आपको वाघा-अटारी बॉर्डर ले जाया जाएगा। यहां की मशहूर 'बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी' का देशभक्ति से भरा माहौल आपके रोंगटे खड़े कर देगा। बता दें, इस रात आप अमृतसर में रुकेंगे।
छठा दिन
सफर के आखिरी दिन की शुरुआत स्वर्ण मंदिर के दर्शन से होगी। इसके साथ ही आप ऐतिहासिक जलियांवाला बाग और पार्टिशन म्यूजियम भी घूमेंगे। इन खूबसूरत यादों के साथ आपको आपके घर वापसी के लिए अमृतसर एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन या बस स्टैंड पर छोड़ दिया जाएगा।
इस पैकेज में आपको क्या-क्या मिलेगा?
- सफर की सुविधा: पिक-अप, ड्रॉप और सभी जगहों पर घूमने के लिए आरामदायक एसी कैब।
- होटल: रुकने के लिए शानदार एसी कमरों की व्यवस्था।
- नाश्ता: पूरे सफर के दौरान 5 दिनों तक सुबह का नाश्ता।
- अन्य: रास्ते के सभी टोल टैक्स, पार्किंग चार्ज और पैकेज से जुड़े सभी टैक्स।
आपको अपनी जेब से क्या खर्च करना होगा?
- आपके घर से अमृतसर तक आने और जाने का ट्रेन या फ्लाइट का किराया।
- दोपहर और रात का खाना।
- स्मारकों की अंदर जाने की फीस या कैमरा/वीडियो चार्ज।
- आपका निजी खर्च जैसे- पानी की बोतल, लॉन्ड्री, टिप, फोन का बिल आदि।
- ट्रिप के प्लान में न बताई गई कोई भी अन्य चीज।
बुकिंग से जुड़ी जरूरी बातें
इस ट्रिप की शुरुआत मात्र ₹17,565 प्रति व्यक्ति से होती है (यह रेट तब है जब 5-6 लोगों का ग्रुप हो और इनोवा/जायलो कैब में ट्रिपल शेयरिंग ली जाए)। 4 लोगों के लिए इटियॉस या डिजायर कैब का विकल्प भी है, जिसके रेट्स अलग हैं। याद रखें कि क्रिसमस और न्यू ईयर (22 दिसंबर से 2 जनवरी) के दौरान यह किराया लागू नहीं होगा। ज्यादा जानकारी के लिए आप IRCTC टूरिज्म की ऑफिशियल वेबसाइट irctctourism.com पर विजिट कर सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।