Move to Jagran APP

दुबई: सबसे बड़ी पिक्चर फ्रेम, सबसे लंबी बिल्डिंग, सबसे बड़े मॉल और पहले बॉलीवुड पार्क्स का शहर

जब कभी भी आपको दुबई शहर घूमने का मौका मिले इन जगहों को देखने जरूर जाएं। जो एक या दो नहीं बल्कि कई सारी खूबियों से भरपूर हैं। तो आज हम आपको ऐसी की कुछ रोमांचकारी जगहों की सैर कराएंगे।

By Priyanka SinghEdited By: Published: Wed, 17 Feb 2021 10:11 AM (IST)Updated: Wed, 17 Feb 2021 02:56 PM (IST)
दुबई: सबसे बड़ी पिक्चर फ्रेम, सबसे लंबी बिल्डिंग, सबसे बड़े मॉल और पहले बॉलीवुड पार्क्स का शहर
दुबई शहर का एक बेहद खूबसूरत नजारा

नई दिल्ली, Pratyush Ranjan अरेबियन डेजर्ट के साथ ही बड़े-बड़े मॉल्स, गगनचुंबी इमारतों और दुनिया के सबसे बड़े आर्टिफिशियल आइलैंड्स के साथ दुबई महत्वाकांक्षाओं और हसरतों से भरा शहर है। जहां हर कोई घूमने का सपना देखता है। आइए इस शहर के वास्तुशिल्प चमत्कारों और यहां के पसंदीदा गंतव्य स्थानों के बारे में जानते हैं-

loksabha election banner

दुबई फ्रेम

दुबई फ्रेम संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी के जबील पार्क में स्थित दुनिया का सबसे बड़ा पिक्चर फ्रेम है। यह एक ऐसा विशालकाय फ्रेम है, जिसकी एक तरफ आप विनम्रता से परिपूर्ण और अतीत को समेटे पुराने शहर को देख सकते है, तो दूसरी तरफ है आलीशान मॉर्डन न्यू दुबई। इस वास्तु चमत्कार में 150 मीटर ऊंचाई के दो विशाल खंभे हैं, जिन्हें ऊपर से एक 93 मीटर लंबे स्काई डेक (ब्रिज) से मिला दिया गया है। 

यह फ्रेम जबील पार्क में है, जो दुबई के सबसे पुराने पार्कों में एक है। यहां से पुराने और नए दोनों शहरों का सिंहावलोकन किया जा सकता है। यह दुबई क्रीक के पास भी है, इसलिए यहां से पानी पर चलने वाले शिकारों के एरियल व्यू के साथ अरेबियन खाड़ी के मनमोहक दृश्य का आनंद लिया जा सकता है।

आगंतुक 93 मीटर लंबे कांच के ब्रिज पर चल सकते हैं और फ्रेम की दोनों ओर शहर के दृश्यों का आनंद ले सकते हैं। इस फ्रेम की बाहरी सतह पर बने मधुकोषों का सुनहरा रूपांकन रात में एक अलग ही आभा लिए होता है, जो किसी को भी मोहित कर सकता है। यह फ्रेम आर्किटेक्ट फर्नान्डो डोनिस ने डिजाइन किया है। दुबई के एक्सपो 2020 का आयोजक बनने के कारण इसके लोगों से प्रेरित होकर फ्रेम की बाहरी सतह पर मधुकोष जैसी आकृति अंकित की गई है।

फ्रेम के ब्रिज पर कांच से बनी सतह पर चलना एक अलग ही रोमांचक अनुभव प्रदान करता है। दुबई फ्रेम एक तरह से दुबई के अतीत और वर्तमान को दिखाने वाला एक संग्रहालय है। किस तरह एक शहर जो बंदरगाह से व्यापार और मछली पालन करता था, उसने अपने समृद्ध तेल और खनिज संसाधनों के जरिए खुद को नई ऊंचाइयों तक विकसित कर अद्वितीय बना लिया, यह आप दुबई फ्रेम से देख सकते हैं।

16 करोड़ एईडी (अरब अमीरात दिरहम) अर्थात 3,16,27,42,049 रुपये की लागत से बना दुबई फ्रेम 2000 टन स्टील, 2900 मीटर लेमिनेटेड ग्लास और 15000 वर्गमीटर की सोने की क्लेडिंग (ऐसा दावा किया गया है) से बना है।

 

बुर्ज खलीफा

बुर्ज खलीफा (इसे खलीफाह भी बोला जाता है),  दुबई में स्थित गगनचुंबी इमारत है। यह उन तीनों मानदंडों के अनुसार दुनिया की सबसे ऊंची इमारत है, जिनके द्वारा ऐसी इमारतों की ऊंचाई मापी जाती है (शोधकर्ता के नोट को देखें: हाइट्स ऑफ बिल्डिंग्स)। बुर्ज खलीफा ("खलीफा टॉवर") को निर्माण के दौरान बुर्ज दुबई के रूप में जाना जाता था। तैयार होने पर इसका नाम संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख खलीफा बिन जायेद अल नाहयान के सम्मान में बुर्ज खलीफा कर दिया गया। यह इमारत औपचारिक रूप से 4 जनवरी, 2010 को खुली, लेकिन उस समय इस इमारत के इंटीरियर का काम पूरा नहीं हुआ था। इसके बाद इस इमारत को वाणिज्यिक, आवासीय और आतिथ्य उपक्रमों की रैंज से सुसज्जित किया गया। इस इमारत की ऊंचाई कितनी होगी, इसे निर्माण के दौरान गुप्त रखा गया था। अब इस इमारत में 162 तल हैं और इसकी ऊंचाई 2,717 फीट (828 मीटर) है। शिकागो बेस्ड आर्किटेक्चरल फर्म स्किडमोर, ओविंग्स एंड मेरिल द्वारा इसका डिजाइन बनाया गया था। एड्रियन स्मिथ इसके वास्तुकार थे और विलियम एफ बेकर ने स्ट्रक्चरल इंजीनियर के रूप में इसके लिए काम किया।

दुबई मॉल


दुबई मॉल खरीदारी, मनोरंजन और छुट्टी बिताने के लिए दुनिया का सबसे बड़ा स्थान है, जो दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा के बगल में स्थित है। 1,200 से अधिक रिटेल स्टोर, दो प्रमुख डिपार्टमेंटल स्टोर और सैकड़ों खाद्य और पेय पदार्थों के आउटलेट्स के साथ दुबई मॉल 10 लाख वर्गमीटर से अधिक जगह कवर करता है, जो 200 फुटबॉल मैदानों के बराबर है।

बॉलीवुड पार्क्स

दुबई का बॉलीवुड पार्क्स दुनिया में अपनी तरह का इकलौता पार्क है। यहां आपको छह आकर्षक जोन्स में महान बॉलीवुड ब्लॉक-बस्टर्स से प्रेरित माहौल मिलेगा। यहां आप भारत के सभी क्षेत्रों की भिन्न-भिन्न संस्कृतियों का अनुभव तरह-तरह के रंगों, संगीत और नृत्य शैलियों के जरिए पा सकते हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.