गोस्टिंग और फेक प्रोफाइल से तंग आई Gen-Z, प्यार ढूंढने के लिए अपना रही है 'Cold Approach', क्या है ये ट्रेंड
जेन-जी डेटिंग ऐप्स पर फेक प्रोफाइल और घोस्टिंग से परेशान होकर 'कोल्ड अप्रोच' ट्रेंड को अपना रही है।

क्या है कोल्ड अप्रोच ट्रेंड? (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। जेन-जी से जुड़े अक्सर ही नए-नए ट्रेंड सामने आते रहते हैं। चाहे उनकी वर्क लाइफ हो या डेटिंग लाइफ सोशल मीडिया पर हर कुछ दिनों में एक नया ट्रेंड सामने आता है। डेटिंग से जुड़ा ऐसा ही एक ट्रेंड है कोल्ड अप्रोच। ये जेन-जी के पुराने डेटिंग ट्रेंड्स जैसे ड्राई डेटिंग या सोलो मैक्सिंग से काफी अलग है।
दरअसल, कोल्ड अप्रोच का ये तरीका नया नहीं है, बस इसे एक नया नाम दे दिया गया है, क्योंकि जेन-जी स्वाइप राइट के दौर में अब दोबारा इस तरीके को अपना रही है। आइए जानें क्या है कोल्ड अप्रोच डेटिंग।
क्या है डेटिंग का कोल्ड अप्रोच?
कोल्ड अप्रोच का मतलब है किसी अनजान व्यक्ति से, जिससे पहले कभी कोई बातचीत न हुई हो, न आमने-सामने और न ही किसी डिजिटल प्लैटफॉर्म पर, सीधे जाकर बात करना।
यानी किसी कॉफी शॉप में, बुकस्टोर में, जिम में या किसी म्यूजिक कॉन्सर्ट में, अगर आपको कोई व्यक्ति पसंद आता है, तो आप उसके पास जाते हैं और बातचीत शुरू करते हैं। आसान भाषा में बिना किसी ऐप या इंटरनेट के किसी अनजान के साथ कनेक्शन बनाना कोल्ड अप्रोच है। हालांकि, इसमें आपका मकसद डेट करना ही होता है।
क्यों बढ़ रहा है ये ट्रेंड?
डेटिंग ऐप्स पर किसी व्यक्ति की प्रोफाइल को देखकर उसकी पर्सनालिटी का अंदाजा लगाना काफी मुश्किल होता है। फोटो और बायो अक्सर बनावटी होते हैं। इसलिए ऐप्स की तुलना में आमने-सामने मिलना ज्यादा बेहतर होता है, क्योंकि इससे व्यक्ति की पर्सनैलिटी को जज करने का बेहतर मौका मिलता है।
सोशल मीडिया पर बात करने के बजाय एक-दूसरे के साथ बात करने से एक-दूसरे को समझने का बेहतर मौका मिलता है। साथ ही, आमने-सामने मिलने से सोशल एंग्जायटी कम होती है। आजकल जहां लोग एक-दूसरे को गोस्ट कर देते हैं, वहां ऐसे एक-दूसरे से मिलना रिजेक्ट होने की एंग्जायटी को कम करता है।
कैसे करें कोल्ड अप्रोच?
कोल्ड अप्रोच करते समय कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है, ताकि आप क्रीपी न लगें। सामने वाले की बॉडी लैंग्वेज और मूड को समझने की कोशिश करें। अगर सामने वाला बिजी लग रहा है, तो उस समय अप्रोच न करें। साथ ही, किसी क्रिंज पिक-अप लाइन की जगह कोई नॉर्मल सवाल पूछ सकते हैं, जैसे आपका नाम क्या है या अगर किसी कैफे में हैं, तो आप कुछ रेकमेंड कर सकते हैं क्या? इस तरह के सवाल।
इस बात का भी ध्यान रखें कि अगर सामने वाला बातचीत में दिलचस्पी न दिखाए, तो मुस्कुराकर थैंक्यू कहें और आगे बढ़ जाए। जबरदस्ती बात बढ़ाने की कोशिश न करें।
