Most Expensive Honey: 9 लाख रुपये है इस शहद की कीमत, जानें आखिर क्या है इसकी खासियत
Most Expensive Honey आप सोच रहे होंगे कि हर शहद तो एक जैसे ही होते हैं। लेकिन ऐसा नहीं है। इसके भी अलग-अलग किस्म होते हैं जिनसे इनकी कीमत तय होती है। चलिए जानते हैं दुनिया के सबसे महंगे शहद के बारे में।

नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Most Expensive Honey: शहद, प्रकृति से मिला एक ऐसा अनोखा तोहफा, जो स्वाद के साथ गुणों से भी संपन्न है। इसके अंदर एक ऐसी आम मिठास है, जिसका दुनिया भर में लोग चाव से सेवन करते हैं। कुछ लोग ग्रीन टी, ब्लैक टी, डेसर्ट, पेनकेक्स समेत कई अन्य चीजों के साथ शहद का आनंद लेना पसंद करते हैं। आज के समय में अलग-अलग ब्रांड्स में आने वाले शहद की कीमत भी अलग-अलग होती है। औसतन, शहद की कीमत कई चीजों पर निर्भर करती है, जैसे कि उसका प्रकार, उसका स्थान जहां से इसे प्राप्त किया गया है और शहद की गुणवत्ता।
अब आप सोच रहे होंगे कि हर शहद तो एक जैसे ही होते हैं। लेकिन ऐसा नहीं है। शहद के भी अलग-अलग किस्म होते हैं, जिनसे इनकी कीमत तय होती है। क्या आप जानते हैं कि दुनिया के सबसे मंहगे शहद की कीमत करीब 9 लाख रुपये प्रति किलोग्राम है? जी हां, आप सही पढ़ रहे हैं। चलिए जानते हैं दुनिया के सबसे महंगे शहद के बारे में अन्य बातें।
दुनिया का सबसे महंगा शहद कौन सा है?
दुनिया के सबसे महंगे शहद का नाम है 'एलविश शहद', जो तुर्की के काला सागर क्षेत्र में पैदा होने वाली एक दुर्लभ और महंगी किस्म की शहद है। यह शहद अपने अनूठे स्वाद और उच्च कीमत के लिए जाना जाता है। इस शहद को खाने के शौकीनों और पारखी लोगों के बीच काफी पसंद किया जाता है। इसे दुनिया का सबसे शुद्ध शहद भी कहा जाता है।
इतना महंगा क्यों है एल्विश शहद?
यह शहद तुर्की के आर्टविन शहर में 1800 मीटर गहरी एक गुफा से निकाला जाता है, जो इस शहद के इतने महंगे होने के प्रमुख कारणों में से एक है। साथ ही यह शहद साल में एक बार ही निकाला जाता है और इसी वजह से यह काफी महंगा बिकता है। हालांकि, यह शहद अकेला इतना महंगा नहीं है क्योंकि शहद की अन्य महंगी किस्में भी हैं, जैसे कि इज़राइल की लाइफ मेल हनी, जो दुनिया में दूसरा सबसे महंगा शहद है। साथ ही अच्छी गुणवत्ता के मामले में भी दूसरे स्थान पर है। वर्तमान में इस शहद की कीमत लगभग 50 हजार रुपये प्रति किलोग्राम है।
एलविश शहद में क्या है खासियत?
इस शहद की सबसे खास बात यह है कि यह आम शहद की तरह मीठा नहीं बल्कि थोड़ा कड़वा होता है और सेहत के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। इसमें एंटीऑक्सिडेंट, मैग्नीशियम, पोटेशियम जैसे कई पोषक तत्वों की भरपूर मात्रा पाई जाती है।
एल्विश शहद को कैसे तैयार जाता है?
दुनिया का सबसे महंगा शहद 'एल्विश शहद' के गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए इसे शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों से दूर जंगल की गुफा में तैयार किया जाता है। जिस गुफा से इसे निकाला जाता है, उसके चारों ओर औषधीय पौधे हैं ताकि मधुमक्खियां इन फूलों से रस चूसकर एक औषधीय शहद तैयार कर सकें। इस शहद को बाजार में बेचने से पहले तुर्की खाद्य संस्थान द्वारा इसकी गुणवत्ता की जांच की जाती है और उसके बाद ही इसे ग्राहकों को बेचने की अनुमति दी जाती है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।