Pani Puri: गूगल डूडल पर पानी पूरी का क्यों हो रहा है जिक्र? जानें देशभर में इसके मजेदार नाम
Pani Puri पानी पुरी जिसे शायद आप किसी और नाम से जानते होंगे आज काफी चर्चा में है। गूगल डूडल इस मजेदार डिश को एक गेम के जरिए सेलीब्रेट कर रहा है। अगर आपने अब तक इसे चेक नहीं किया है तो कीजिए। इसके अलावा अगर आपके मन में सवाल आ रहा है कि गूगल डूडल पानी पुरी का जिक्र क्यों कर रहा है तो पढ़ें पूरी खबर।

नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Pani Puri: गूगल ने पानी पुरी लवर्स का दिन बना दिया है क्योंकि आज का गूगल डूडल पानी पुरी को डेडिकेटेड है। सर्फिंग जायंट का यह खास और इंटरैक्टिव गेम भारत के सबसे लोकप्रिय स्ट्रीट फूड 'पानी पुरी' के लिए है। इसमें आप जैसे ही डूडल पर क्लिक करेंगे, गूगल आपको एक गेम पर ले जाएगा, जिसमें आपको अलग-अलग तरह के गोलगप्पे नजर आएंगे। आपको इनपर क्लिक करते हुए खेल का आनंद लेना है। लेकिन क्या आपने यह सोचा है कि आखिर आज गूगल ने अपने डूडल के साथ ऐसा क्यों किया है? अगर आप नहीं जानते तो हम आपको बताते हैं।
गूगल डूडल पर क्यों दिख रहा है पानी पुरी?
Google ने उस खास दिन का जश्न मनाने के लिए अपने डूडल में बदलाव किया है, जब पानी पुरी को लेकर एक नया इतिहास रचा गया था। दरअसल, साल 2015 में आज ही के दिन, मध्य प्रदेश के इंदौर में एक रेस्टोरेंट ने गोलगप्पे की 51 वैरायटी की पेशकश की थी। इसी के साथ उसने पानी पुरी के सबसे अधिक स्वाद परोसने का विश्व रिकॉर्ड भी बनाया था। खैर, भारतीयों को गोलगप्पे का महत्व बताने की जरूरत नहीं है। इनके लिए यह एक डिश नहीं बल्कि एक इमोशन है, जिसे हर राज्य में अलग-अलग नामों और स्वाद के साथ जाना जाता है। हालांकि, इनकी मूल बनावट एक सी ही होती है। आइये जानते हैं गोलगप्पे को कहां किस नाम से जानते हैं।
भारत में गोलगप्पे के कितने नाम हैं?
भारत में पानी पुरी के कुल 10 अलग-अलग नाम हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों में लोग पानी पुरी को अलग-अलग नामों से बुलाते हैं, जैसे:
- गुजरात, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र और तमिलनाड में इसे पानी पुरी के नाम से जानते हैं।
- नई दिल्ली, पंजाब, जम्मू और कश्मीर, हरियाणा, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में इसे गोल गप्पे कहकर पुकारते हैं।
- बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में यह पुचका के नाम से मशहूर है।
- जबकि गुजरात और मध्य प्रदेश के आंतरिक भाग में पकौड़ी कहते हैं।
- ओडिशा, बिहार के कुछ हिस्से, झारखंड, छत्तीसगढ़, हैदराबाद और तेलंगाना में इसका नाम गुप चुप है।
- अलीगढ़ में इसे पड़ाका के नाम से जानते हैं।
- मध्य भारत, यूपी और राजस्थान के कुछ हिस्सों में यह पानी के बताशे कहलाते हैं।
- मध्य प्रदेश के होशंगाबाद में टिक्की के नाम से फेमस है।
- वहीं, उत्तर प्रदेश के ही कुछ अन्य हिस्सों में इसे पानी के पताशे नाम दिया गया है।
नाम चाहे कोई भी हो, इसे खाने का इमोशन एक ही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।