उंगलियों से घर की दीवारों पर की जाती है बिहार की ये मशहूर चित्रकारी, राम-सीता विवाह से जुड़ा है इसका इतिहास
बिहार के मिथिलांचल क्षेत्र से निकली मधुबनी पेंटिंग आज दुनियाभर में अपनी खास पहचान बना चुकी है।

दीवारों पर मधुबनी पेंटिंग बनाती महिलाएं (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार की सांस्कृतिक विरासत वहां की लोक कलाओं में बसती है। इसका एक बेहतरीन उदाहरण है मधुबनी पेंटिंग। मधुबनी पेंटिंग मिथिला की खास पहचान है और ये कला सदियों से चली आ रही है।
मधुबनी पेंटिंग सिर्फ रंगों और रेखाओं का मिलन नहीं है। इस पेंटिंग में बिहार की लोक संस्कृति, आस्था और प्रकृति के साथ जुड़ाव भी देखने को मिलता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि मधुबनी पेंटिंग बनाने की शुरुआत कैसे हुई? आइए जानें क्या है मधुबनी पेंटिंग का इतिहास और इसकी खासियत क्या है।
मधुबनी पेंटिंग का इतिहास
मधुबनी पेंटिंग का इतिहास सदियों पुराना माना जाता है और इसे पौराणिक कथाओं से जोड़कर देखा जाता है। माना जाता है कि इस पेंटिंग को बनाने की शुरुआत त्रेतायुग में भगवान श्रीराम के काल में हुई थी। जब भगवान राम और माता सीता का विवाह हुआ, तब जनकपुरी की महिलाओं ने इस शुभ अवसर पर राज्य के घर की दीवारों और फर्श पर जो चित्र उकेरे थे, वहीं आगे चलकर मधुबनी पेंटिंग बने।
काफी लंबे समय तक ये कला पूरी तरह से घरेलू रही और बिहार के मिथिला क्षेत्र की महिलाएं गोबर और मिट्टी से लिपी दीवारों पर ये चित्रकारी करती थीं। वक्त के साथ ये पेंटिंग कागज और कपड़ों पर भी शुरू हुई और इन्हें बाजारों में बेचना शुरू किया गया। आज ये पेंटिंग मिथिला की दीवारों से निकालकर पूरी दुनिया में मशहूर हो चुकी है।
मधुबनी पेंटिंग की खासियत क्या है?
ये पेंटिंग अपनी खास शैली, तकनीक और रंगों के लिए जानी जात है। इसकी सबसे बड़ी खासियत है कि इसे बनाने के लिए सिर्फ प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल होता आया है। हालांकि, अब कई लोग आर्टिफिशियल रंगों का इस्तेमाल भी कर रहे हैं, लेकिन प्राकृतिक रूप से इसे प्राकृतिक रंगों से ही बनाया जाता है।
इस पेंटिंग को बनाने के लिए पेंट ब्रश का इस्तेमाल नहीं होता। कलाकार बांस की डंडियों, रूई, माचिस की तीलियों या अपनी उंगलियों से ही रेखाएं और आकृतियां बनाते हैं। इन चित्रों में राधा-कृष्ण, राम-सीता, शिव-शक्ति, सूर्य, चंद्रमा, मछली, हाथी-घोड़े या पेड़-पौधों को मुख्य विषय बनाया जाता है।
इस पेंटिंग की एक खासियत ये भी है कि इसमें कैनवस पर कोई भी जगह खाली नहीं छोड़ी जाती। मुख्य आकृति के आस-पास की जगहों को फूलों, पत्तियों, लताओं या ज्यामितीय आकृतियों से भर दिया जाता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।