आंगन को डांस फ्लोर बना देता है गढ़वाली महिलाओं का ये नृत्य, बिना ढोल-दमाऊ की थाप के गोल घेरे में थिरकते हैं कदम
उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र का थड़िया लोकनृत्य महिलाओं द्वारा वसंत ऋतु में अपने मनोरंजन के लिए आंगन में किया जाता है।

गढ़वाल क्षेत्र का सामूहिक मेलजोल वाला थड़िया लोकनृत्य (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तराखंड में गढ़वाली संस्कृति यहां के लोकगीतों और लोकनृत्यों में साफ तौर पर झलकती है। इस राज्य की संस्कृति इसलिए खास है, क्योंकि इसमें लोकपरंपराओं और प्रकृति का अनोखा संगम है। वो जादू जो इसे अध्यात्म से जोड़कर देवभूमि का दर्जा देता है। इससे पहले हमने गढ़वाल के चौफुला लोकनृत्य की बात की थी, आज हम एक और लोकनृत्य थड़िया पर विस्तार से चर्चा करने वाले हैं।
गढ़वाल क्षेत्र का सामूहिक मेलजोल वाला थड़िया लोकनृत्य
नई पीढ़ी आज के जमाने के हिप-हॉप और जैज डांस पर फिदा है, पर उन्हें क्या पता कि इनसे पहले भी हमारी संस्कृति में ऐसे नृत्य मौजूद थे जो महफिल की जान हुआ करते थे। इसमें भी खास बात कि इन क्षत्रों में आज भी इस कला को जीवंत रखा जा रहा है। थड़िया नृत्य इसका सबसे बड़ा उदाहरण है, जिसकी खासियत ही इसकी धीमी गति और लय के साथ जुड़ाव है।
थड़िया का मतलब समझें तो यह ‘थाड़’ शब्द से निकला है, जिसका मतलब होता है चौक या आंगन। इस तरह घर के आंगन में किया जाने वाला डांस ही थड़िया कहलाता है। जब वसंत ऋतु की लंबी-लंबी रातों का सिलसिला शुरू होता है, तब महिलाएं इन्हीं रातों को अपने मनोरंजन के लिए थड़िया का आयोजन करते हैं।
कैसे किया जाता है यह नृत्य?
इसे करने के लिए महिलाएं पारंपरिक पहाड़ी वेशभूषा में गोल घेरा बनाकर खड़ी हो जाती हैं। इसके बाद कंधों पर हाथ रखकर कमर और पैरों का तालमेल लोकगीतों के साथ बिठाते हुए कभी आगे तो कभी पीछे की तरफ उसी घेरे में घूमना शुरू करती हैं। नृत्य की यही शैली आपस में सहयोग, प्रेम, लगाव को बढ़ाने और संबंधों को मजबूत करने में मदद करती है।
मंडाण से की जाती है तुलना
अक्सर थड़िया की तुलना गढ़वाल के ही दूसरे लोकनृत्य मंडाण से की जाती है, क्योंकि गढ़वाली में मंडाण को भी खुला चौक या आंगन कहा जाता है। पर दोनों ही नृत्यों में एक मूल अंतर यह है कि मंडाण देवताओं के आह्वान से जुड़ा नृत्य है, जिसे त्योहारों, शादी-ब्याह के मौकों और देव पूजन के शुभ अवसर पर किए जाने की परंपरा है।
वहीं, थड़िया स्थानीय महिलाएं वसंत ऋतु के दौरान अपने मनोरंजन के लिए करती हैं। दूसरा सबसे बड़ा अंतर वाद्य यंत्रों का है क्योंकि मंडाण में लोकवाद्य यंत्रों को शामिल किया जाना जरूरी है, तो थड़िया बिना किसी म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट के भी हो सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।