ना गिटार, ना म्यूजिक... कुल्लू के 'लामण' गीत में कैद है प्यार का पहला एहसास, इश्क जताने का अंदाज है सदियों पुराना
कुल्लू का 'लामण' एक अनोखी लोकगीत शैली है जो प्यार के पहले एहसास को सदियों से बयां करती आ रही है।

कुल्लू की लोकप्रिय गीत शैली ‘लामण’ (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। पहली नजर का प्यार या पहली मोहब्बत, यह जीवन का वो अनुभव है जिसे हर किसी ने उम्र के एक पड़ाव में महसूस किया है। इस एहसास को खास बनाने में संगीत बड़ी भूमिका निभाता है, तभी तो गानों के एक-एक बोल हमारी फीलिंग्स से जुड़ जाते हैं, पर जब ट्रेंडिंग गाने नहीं थे तब लोकगीत हमारी इन भावनाओं को आवाज दिया करते थे।
आज हम ऐसे ही एक हिमाचली लोकगीत शैली की बात करने वाले हैं, जो कुल्लू की वादियों में न जाने कितने ही सालों से गुनगुनाया जाता रहा है।
कुल्लू की लोकप्रिय गीत शैली ‘लामण’
हिमाचल प्रदेश के लोकगीतों में ‘लामण’ एक खास स्थान रखता है, जिसमें बिना रियाज के ही अपने शब्दों से सामने वाले का मन मोहित किया जा सकता है। ‘लामण’ गीत को अक्सर प्यार के पहले अनुभव से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन यह गीत उससे भी कहीं आगे का है। इसमें केवल भाव शामिल नहीं हैं, बल्कि प्रेमी और प्रेमिकाओं के सवालों के साथ जवाब भी शामिल हैं जो किसी दोहे या शेर जैसे लग सकते हैं, पर इनकी अपनी अलग खूबियां हैं।
इसमें एक व्यक्ति गाते हुए अपना सवाल पूछता है, तो दूसरी तरफ से उसी लहजे में जवाब भी दिया जाता है। ‘सुखा रे लामण दुखा रे गैणे गीता, दुख न सम्भलो ईजी रे गर्भा भीता।’ पंक्ति पहाड़ी लोगों की इस भावना को गहराई से बताती है। इसके मुताबिक, जब व्यक्ति खुश होता है तो उसके मुंह से लामण निकलता है और दुखी होने पर गैणे यानी करुणा से भरे गीतों में उसका दर्द बाहर निकलता है।
बिना किसी गाजे-बाजे के सादगी से गाते हैं कपल
लोकगीतों को ज्यादातर शादी-ब्याह के मौकों पर महफिल की रौनक बढ़ाने के लिए गाया जाता है, पर लामण इनसे बहुत अलग है। ऐसा इसलिए क्योंकि इसे कुल्लू घाटी के पुरुष और महिलायें अपने रोजमर्रा के कामों जैसे- फसल काटते हुए, जंगल में भेड़-बकरी चराते या अपने फुर्सत के पलों में गुनगुना सकते हैं। जहां न तो किसी पारंपरिक वाद्ययंत्रों की जरूरत है और न ही किसी समूह की।
‘जगमगो शिमला तेता के बढिया दिली
खाओ न पाकड़ो जीउ थाको एणिओ मिली।’
इस लामण के बोल जितने सरल हैं, उतनी ही गहरी बात कह देते हैं। यहां नायक या नायिका अपने प्यार के एहसास को बताते हुए कह रहे हैं कि जगमग शिमला नगर निराला और उससे दिल्ली शहर भला, पर मैंने तो कुछ लिया-दिया नहीं, मन क्यों तेरी ओर चला? इसी तरह हर एक लामण अपनी अलग प्यार और सुख की कहानी कहता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।