विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PoP को कहें ना! इस गणेश चतुर्थी घर पर बनाएं शुद्ध मिट्टी के ईको-फ्रेंडली गणपति, फॉलो करें ये आसान स्टेप्स

Published: Fri, 11 Sep 2026 08:39 AM (IST)

गणेश चतुर्थी पर घर पर ही ईको-फ्रेंडली गणेश मूर्ति बना सकते हैं। मिट्टी और प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल करके बप्पा की खूबसूरत मूर्ति बनाई जा सकती है।

कैसे बनाएं गणेश जी की ईको-फ्रेंडली मूर्ति? (AI Generated Image)

कैसे बनाएं गणेश जी की ईको-फ्रेंडली मूर्ति? (AI Generated Image)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। गणेश चतुर्थी का त्योहार पूरे देश में बड़ी धूम-धाम के साथ मनाया जाता है। बप्पा के आगमन की खुशी लोगों को उत्साह से भर देती है। 11 दिनों के इस त्योहार में लोग गणपति की मूर्ति को घर में स्थापित करते हैं, उनकी पूजा करते हैं और फिर इस उम्मीद के साथ कि बप्पा अगले साल फिर से हमारे घर आएंगे, मूर्ति का विरसर्जन किया जाता है।

बाजार में बप्पा की कई खूबसूरत मूर्तियां मिल जाएंगी। कुछ प्लास्टर ऑफ पेरिस से बनी होती हैं, जो पानी में घुलती नहीं हैं और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाती हैं। वहीं, ईको-फ्रेंडली मूर्तियों की कीमत बहुत ज्यादा होती है। इसलिए अगर आप बप्पा की ईको-फ्रेंडली चाहते हैं, तो घर पर खुद भी मूर्ति बना सकते हैं। आइए जानें कैसे आप घर पर खुद मिट्टी से इको-फ्रेंडली गणपति बना सकते हैं।   

किन चीजों की पड़ेगी जरूरत?  

मूर्ति बनाने के लिए चिकनी मिट्टी चाहिए। इसके साथ ही, प्राकृतिक रंगों के लिए हल्दी, कुमकुम और चंदन चाहिए और बारीकियों के तराशने के लिए टूथपिक या चम्मच। 

मूर्ति बनाने के स्टेप्स

स्टेप 1- मिट्टी तैयार करना

सबसे पहले मिट्टी को अच्छी तरह छान लें, ताकि उसमें मौजूद कंकड़ या तिनके बाहर निकल जाएं। अब मिट्टी में थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाकर उसे आटे की तरह नरम गूंध लें, लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि मिट्टी न तो ज्यादा सख्त हो और न ही बहुत ज्यादा गीली वरना मूर्ति नहीं बन पाएगी। 

स्टेप 2- बेस बनाना

अगला स्टेप है बप्पा की मूर्ति के लिए बेस तैयार करना। गूंधी हुई मिट्टी का एक चपटा और चौकोर हिस्सा बनाएं। ये मूर्ति के बेस की तरह काम करेगा, जिस पर गणेश जी विराजेंगे। 

स्टेप 3- धड़ और पैर बनाना

अब अगले स्टेप में मिट्टी का एक बड़ा गोला बनाकर उसे अंडाकार शेप दें और बेस के ऊपर रखें। ये हिस्सा गणेश जी का पेट बनेगा। इसके बाद मिट्टी के दो पतले रोल बनाकर पेट के निचले हिस्से पर आपस में मुड़े हुए पैर की तरह लगाएं।

स्टेप 4- हाथ और सीना तैयार करना

अब मिट्टी की दो और रोल बनाएं, जो बप्पा के हाथ बनेंगे। एक हाथ को आशीर्वाद की मुद्रा में ऊपर की ओर मोड़ें और दूसरे हाथ को ऐसे रखें, जैसे उसमें मोदक रखा हो। 

स्टेप 5- सिर, सूंड और कान

अब मूर्ति का सिर बनाने के लिए एक छोटा गला बनाकर धड़ के ऊपर रखें और मिट्टी की छोटी पट्टी को सूंड का आकार देकर चेहरे के बीच में लगाएं। सूंड को बाईं तरफ मोड़ सकते हैं। इसके बाद मिट्टी की दो चपटी पत्तियां बनाकर दोनों तरफ कान की तरह चिपकाएं।  

स्टेप 6- मुकुट और वस्त्र बनाएं

सबसे आखिर में गणेश जी के सिर पर एक छोटा-सा मुकुट बनाकर लगाएं। टूथपिक की मदद से कानों, मुकुट और वस्त्रों का डिजाइन बनाएं। मूर्ति के पेट के पास मिट्टी का छोटा-सा चूहा और हाथ में मोदक भी जरूर बनाएं।

स्टेप 7- फिनिशिंग टच

मूर्ति बनने के बाद इसे 1-2 दिन तक छांव में सूखने दें। इसे सीधे धूप नहीं रखें, वरना दरारें आ सकती हैं। जब मूर्ती सूख जाए, तब हल्दी, कुमकुम और चंदन के पेस्ट से मिलाकर तैयार करें और गणेश जी के वस्त्रों को रंगे और कुमकुम से गणेश जी के माथे पर तिलक करें।