विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 16, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कंपनी को भारी पड़ा 'ओवर-प्रोडक्शन', Labubu Doll की दीवानगी पड़ी ठंडी; 50,000 करोड़ से ज्यादा का नुकसान

Published: Tue, 16 Sep 2025 03:48 PM (IST)

खिलौनों की दुनिया में कभी-कभी कोई प्रोडक्ट अचानक इतनी लोकप्रियता हासिल कर लेता है कि हर कोई उसे पाना चाहता ...और पढ़ें

पॉप मार्ट के संस्थापक को 6 अरब डॉलर का नुकसान (Image Source: X)
पॉप मार्ट के संस्थापक को 6 अरब डॉलर का नुकसान (Image Source: X)

HighLights

  1. रातों-रात मशहूर हुई Labubu गुड़िया की लोकप्रियता में गिरावट आई है।
  2. Labubu की बिक्री घटने से Pop Mart के संस्थापक को 6 अरब डॉलर का नुकसान हुआ।
  3. बिक्री में आई गिरावट के बाद कंपनी नए वर्जन को लॉन्च करने की प्लानिंग कर रही है।

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। कुछ महीने पहले तक चीन की सड़कों से लेकर ऑनलाइन मार्केट तक एक ही नाम गूंज रहा था- Labubu। बड़ी-बड़ी आंखों, नुकीले कानों और अजीब-सी मुस्कान वाली इस गुड़िया को पाने के लिए लोग लाइन में खड़े रहते थे।

इनका दीवानापन इतना बढ़ा कि इन्हें रीसेल मार्केट में तीन-चार गुना दाम तक खरीदा-बेचा जाने लगा, लेकिन कहते हैं ना, जो चीज जितनी तेजी से ऊपर जाती है, उतनी ही तेजी से नीचे भी गिर सकती है। यही हाल इस गुड़िया का हुआ और इसी के साथ कंपनी पॉप मार्ट और उसके संस्थापक वांग निंग की संपत्ति भी हिल गई।

एक महीने में 6 अरब डॉलर की चपत

रिपोर्ट्स के अनुसार, पॉप मार्ट के संस्थापक वांग निंग की कुल संपत्ति लगभग 27.5 अरब डॉलर से गिरकर 21.6 अरब डॉलर रह गई है। यानी सिर्फ एक महीने में करीब 6 अरब डॉलर (करीब 50 हजार करोड़ रुपये) का नुकसान। कभी वांग निंग की गिनती अलीबाबा के संस्थापक जैक मा से भी ज्यादा अमीरों में हो रही थी, लेकिन शेयर गिरने के बाद अब वह चीन के 14वें सबसे अमीर व्यक्ति के तौर पर दर्ज किए जा रहे हैं।

क्यों घटी लाबुबू की डिमांड?

शुरुआत में लाबुबू गुड़ियों के लिए इतनी दीवानगी थी कि लोग उन्हें महंगे दामों पर भी खरीदने को तैयार रहते थे। ये गुड़िया चीन और दुनिया भर में कलेक्टेबल्स के रूप में छा गई थीं, लेकिन जब कंपनी ने अचानक ज्यादा प्रोडक्शन शुरू किया तो ये आसानी से उपलब्ध होने लगीं। नतीजा यह हुआ कि इनकी एक्सक्लूसिव वैल्यू कम हो गई और रिसेल मार्केट में कीमतें गिरने लगीं।

पॉप मार्ट के शेयर अगस्त के आखिर से अब तक लगभग 20% तक गिर चुके हैं। पहले जिन लाबुबू गुड़ियों की कीमत ऑनलाइन रीसेल में 175-200 युआन तक मिल रही थी, अब वे औसतन 150 युआन पर बिक रही हैं।

पूरी तरह खत्म नहीं हुई उम्मीद

हालांकि नुकसान के बावजूद पॉप मार्ट की कुल स्थिति इतनी बुरी नहीं है। इस साल की शुरुआत से अब तक इसके शेयर दाम 180% से ज्यादा बढ़े हुए हैं। यानी कंपनी ने अब भी बड़ी ग्रोथ दिखाई है, बस हाल के महीनों की गिरावट ने संतुलन बिगाड़ा है।

रिपोर्ट्स की मानें तो पॉप मार्ट अब नए लाबुबू वर्जन और इंटरएक्टिव टॉयज लाने की तैयारी कर रही है ताकि क्रिसमस से पहले फिर से ग्राहकों का ध्यान खींचा जा सके।

क्या है लाबुबू गुड़िया की खासियत?

लाबुबू गुड़िया असल में हांगकांग के आर्टिस्ट केसिंग लुंग (Kasing Lung) की The Monsters बुक सीरीज के कैरेक्टर्स पर आधारित हैं। इनका डिजाइन बेहद यूनिक है- बड़ी-बड़ी आंखें, नुकीले कान और छोटे-छोटे नुकीले दांत, जो इन्हें थोड़ा डरावना और थोड़ा प्यारा दोनों बनाते हैं। यही अजीब-सा कॉम्बिनेशन बच्चों, कलेक्टर्स और यहां तक कि सेलिब्रिटीज को भी खूब भा गया।

शुरुआती दिनों में ये गुड़िया 25 डॉलर (लगभग 2,100 रुपये) से लेकर 100 डॉलर (लगभग 8,500 रुपये) तक आसानी से मिल जाती थीं, लेकिन जैसे-जैसे इनकी लोकप्रियता बढ़ी, रेयर वर्जन की कीमतें कई गुना ऊपर चली गईं।

क्या निकलता है नतीजा?

लाबुबू डॉल का यह उतार-चढ़ाव दिखाता है कि किसी भी प्रोडक्ट की पॉपुलैरिटी हमेशा स्थायी नहीं रहती। जब तक लोगों को यूनिकनेस और एक्सक्लूसिविटी का एहसास होता है, तब तक वह मार्केट में छाई रहती है, लेकिन जैसे ही वह आम हो जाती है, उसकी चमक फीकी पड़ने लगती है। फिलहाल, पॉप मार्ट और वांग निंग के सामने बड़ी चुनौती यही है कि वे अपने ग्राहकों को फिर से कुछ नया और अलग दे पाएं।

यह भी पढ़ें- भूतिया हंसी और शैतानी आंखें, क्या सच में डरावनी है Labubu Doll? जानिए इसके फेमस होने की कहानी

यह भी पढ़ें- Labubu की क्या है असली सच्चाई? जिसे बेच ये शख्स बना अरबपति, चीन से है खास नाता